देशभर में कोरोना वायरस से महाराष्ट्र के बाद सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य गुजरात के वड़ोदरा में सैन्य स्टेशन में तीन प्रशिक्षु सैनिक कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
गुजरात में यह पहला मामला है जहां सशस्त्र बलों के सदस्य कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इस संक्रामक रोग से राज्य में गुरुवार तक 112 लोग जान गंवा चुके हैं।
गुजरात के रक्षा जन संपर्क अधिकारी पुनीत चड्ढा ने एक बयान जारी कर बताया कि इन प्रशिक्षु सैनिकों को 22 अप्रैल को यहां से 100 किलोमीटर से अधिक दूर वड़ोदरा में सरकारी एसएसजी अस्पताल में कोविड-19 की जांच रिपोर्ट में संक्रमित पाए जाने के बाद भर्ती कराया गया है।
बयान में कहा गया है कि वड़ोदरा में सैन्य स्टेशन में प्रशिक्षण ले रहे तीन सोल्जर क्राफ्ट्समैन 22 अप्रैल को कोविड-19 से संक्रमित पाए गए। इसमें कहा गया है कि सैन्य अधिकारियों ने सभी नियमों का पालन किया और आवश्यक कार्रवाई की। तीनों जवानों को एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।