फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना विश्वव्यापी महामारी घोषित, यूरोप के लिए अमेरिका बंद, अभिनेता टॉम हैंक्स भी चपेट में

Thu, 12 Mar 2020 06:59 AM IST
गौरव पाण्डेय वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला

सार

देश में कोरोना संक्रमण रोकने के लिए उठाए गए कदमों के तहत भारत सरकार ने 15 अप्रैल तक सभी देशों के टूरिस्ट वीजा निलंबित कर दिए हैं। अभी तक केरल में आठ, मुंबई में दो, दिल्ली और राजस्थान में एक-एक नया केस सामने आया है। वहीं, दुनिया की बात करें तो अमेरिका में सांसदों ने राष्ट्रपति ट्रंप से आपातकाल लगाने को कहा है। साथ ही जर्मन चांसलर ने आशंका जताई है कि जर्मनी की 60-70 फीसदी जनसंख्या इस वायरस की चपेट में आ सकती है। आइए जानते हैं देश-दुनिया का हाल...
विज्ञापन
इराक में स्प्रे करता स्वास्थ्यकर्मी - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डबल्यूएचओ) ने कोरोनावायरस को विश्वव्यापी महामारी घोषित कर दिया। डब्ल्यूएचओ के प्रमुख ट्रेडोस एडनोम घेब्रेयेसिस ने कहा, कोविड-19 को पैनडेमिक (विश्वव्यापी महामारी) माना जा सकता है। हमने पहले कभी नहीं देखा कि एक कोरोनावायरस से महामारी फैल सकती है। 121 देशों में अब तक 1,22,331 मामले सामने आ चुके हैं, वहीं 4,389 मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा प्रकोप चीन, इटली और ईरान में है। 

विज्ञापन


वहीं, कोरोनावायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका शुक्रवार से (स्थानीय समयानुसार) 30 दिन के लिए यूरोप से सभी यात्राएं रद्द करने जा रहा है। इस दौरान किसी तरह के यातायात को इजाजत नहीं दी जाएगी। ब्रिटेन को इसमें शामिल नहीं किया गया है। समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक दिग्गज हॉलीवुड अभिनेता टॉम हैंक्स में भी कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। 

इससे पहले वाशिंगटन में बुधवार को (स्थानीय समयानुसार) आपातकाल घोषित कर दिया गया। वाशिंगटन के मेयर म्यूरियल बाउजर ने इसकी घोषणा की। वाशिंगटन में अभी तक कोरोना के 10 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। 

भारत में 24 घंटों में 12 नए मामले

इस बीच, देश में बीते 24 घंटों में कोरोना के 12 और मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, केरल में आठ, दिल्ली और राजस्थान में एक-एक नया पॉजिटिव केस मिला है। वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मुंबई में ने दो नए केस के साथ राज्य में कुल 10 मामलों की पुष्टि की है। इसके बाद संक्रमित मरीजों की संख्या 68 हो गई हैं। सरकार ने 15 अप्रैल तक सभी देशों के टूरिस्ट वीजा निलंबित कर दिए हैं। 

विज्ञापन


केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कोरोना के खतरे को लेकर मंत्रियों के समूह के साथ बैठक में यह फैसला किया। इस दौरान सभी मंत्रालयों के अलावा राज्यों की मौजूदा स्थिति को लेकर समीक्षा की गई। बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, वीजा अस्थायी रूप से निलंबित कर दिए गए हैं। साथ यात्रियों को जारी किए गए ई-वीजा पर भी रोक लगा दी गई है। सभी राज्यों को एडवाइजरी जारी कर चीन, दक्षिण कोरिया, हांगकांग, सिंगापुर, ईरान, मलयेशिया, थाईलैंड, इटली, जापान, फ्रांस, जर्मनी व स्पेन की यात्रा करने वालों को घर में 14 दिन तक पृथक रहने को कहा गया है। 

तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री सी विजय भास्कर ने राज्य में पहले पॉजिटिव मरीज के स्वस्थ होने की पुष्टि की है। यह व्यक्ति ओमान से आया था। इलाज के बाद की गई जांच में रिपोर्ट नेगेटिव आई। वहीं केरल में तीन मरीज ठीक हो चुके हैं। हालांकि कर्नाटक के कलबुर्गी में एक संदिग्ध मरीज की मौत हो गई, जिसकी जांच रिपोर्ट अभी नहीं आई है।

अंतरराष्ट्रीय क्रूज के प्रवेश पर 31 तक रोक 

कोरोनावायरस के प्रसार को रोकने के लिए सरकार ने एक फरवरी, 2020 के बाद प्रभावित देशों की यात्रा करने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रूज, चालक दल के सदस्यों व यात्रियों के प्रवेश पर 31 मार्च तक रोक लगा दी है। जहाजरानी मंत्रालय ने बुधवार को कहा, सिर्फ उन्हीं अंतरराष्ट्रीय क्रूज को भारतीय बंदरगाहों पर आने की अनुमति दी जाएगी, जिन्होंने एक जनवरी, 2020 तक आने की सूचना दी थी व जिन क्रूज पर चालक दल व यात्रियों के लिए थर्मल स्क्रीनिंग की सुविधा होगी। 

15 अप्रैल तक देश में सभी पर्यटन वीजा निलंबित

भारत ने बुधवार को सभी पर्यटन वीजा 15 अप्रैल तक के लिए निलंबित कर दिए हैं। इस संबंध में जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक सरकार ने यह कदम देश में कोरोनावायरस का प्रसार रोकने के लिए उठाया है। बयान के मुताबिक यह निर्णय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन की अध्यक्षता में हुई मंत्रियों के समूह की बैठक में लिया गया।

डेल व माइंडट्री के कर्मचारी भी पॉजिटिव

इस बीच, आईटी कंपनी डेल व माइंडट्री के दो कर्मचारियों भी कोरोना से संक्रमित मिले हैं। दोनों कंपनियों ने अलग-अलग बयानों में कहा कि डेल कर्मचारी अमेरिका से लौटे थे, इस दौरान वह टेक्सास की यात्रा करके भी आया था। वहीं, माइंडट्री के कर्मचारी भी विदेश की यात्रा करके आया था।

इटली से 83 यात्रियों को मानेसर ले जाया गया

इस बीच, इटली से एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या एआई 138 से आए 83 यात्रियों को मानेसर स्थित सेना के केंद्र ले जाया गया है। यह विमान बिना स्क्रीनिंग मिलान से दिल्ली पहुंचा था। विमान में 74 भारतीय और 9 विदेशी सवार थे। इनमें 16 बच्चे और एक नवजात भी है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम इन सभी की जांच करेगी। जिन यात्रियों में कोरोना के लक्षण पाए जाएंगे, उन्हें आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा।

एयर इंडिया ने इटली और कोरिया के लिए उड़ानें रद्द कीं

वहीं, एयर इंडिया ने इटली और कोरिया के लिए अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं। कंपनी ने इटली के लिए अपनी उड़ानें 28 मार्च तक के लिए और कोरिया के लिए 25 मार्च तक के लिए रद्द की हैं। 

प्रभावित देशों से निकाले 900 भारतीय

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 948 यात्रियों को संक्रमित देशों से निकाला है। केंद्र सरकार ने अपने नागरिकों के अलावा दूसरे देशों के नागरिकों को भी निकाला है। इनमें 900 भारतीय नागरिक शामिल हैं। मंत्रालय ने कोरोना के संक्रमण के चलते लोगों के लिए विदेश की गैर जरूरी यात्रा न करने की सलाह भी दी है।

अब तक कहां कितने केस

राज्य संक्रमित मरीज
राजस्थान 18
केरल 17
उत्तर प्रदेश 08
दिल्ली 05
कर्नाटक  04
महाराष्ट्र 07
लद्दाख 02
तमिलनाडु, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, तेलंगाना 01
 

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में सभी स्कूल-कॉलेज, विवि आज से बंद

जम्मू-कश्मीर में कोरोना का एक और लेह में दो मामले सामने आने के बाद सतर्कता बढ़ा दी गई है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के सभी शैक्षणिक संस्थानों, स्टेडियमों और अन्य क्लबों को बृहस्पतिवार से 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिया जाएगा। हालांकि, सभी बोर्ड और प्रतियोगी परीक्षाएं तय शेड्यूल पर होंगी। जम्मू संभाग के दस जिलों में सिनेमा हॉल भी बंद किए गए हैं। सार्वजनिक सभा पर भी पाबंदी लगाई गई है। 

जम्मू : निवेशक सम्मेलन से पहले प्रस्तावित मिनी कॉन्क्लेव टला

जम्मू-कश्मीर में मई में प्रस्तावित वैश्विक निवेशक सम्मेलन की तैयारियों पर कोरोनावायरस की मार पड़ी है। कोरोना पर नए दिशा-निर्देश जारी होने के बाद जम्मू और श्रीनगर में 20 से 25 मार्च के बीच होने वाला मिनी कॉन्क्लेव स्थगित कर दिया गया है। अप्रैल में हालात की समीक्षा के बाद नई तिथि घोषित की जाएगी। कॉन्क्लेव में मुख्य सम्मेलन से पहले स्थानीय उद्योगपतियों के साथ बैठकें कर उनकी मांगों, नीतियों और योजनाओं पर चर्चा की जानी थी। ब्यूरो

सांबा में सात, कटड़ा में 11 लोगों के सैंपल लिए गए 

सांबा जिले में सात लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इनके परिवार में इटली से कुछ मेहमान आए थे। कटड़ा में 11 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। उधर, श्रीनगर के स्किमस मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने अब तक श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आने वाले 10 हजार यात्रियों की स्क्रीनिंग की है। जबकि केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह जिले में प्रशासन की टीम ने चुचोट गांव का दौरा कर लोगों को जागरूक किया। यहीं तीन दिन पहले ईरान से लौटे एक वृद्ध की मौत हो गई थी। हालांकि, सैंपल की रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है।

आईआईएम लखनऊ और इंदौर का दीक्षांत समारोह स्थगित

भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) लखनऊ ने 21 मार्च को प्रस्तावित 34वें दीक्षांत समारोह को स्थगित कर दिया है। आईआईएम प्रशासन ने पत्र जारी कर कहा है कि जल्द दीक्षांत की नई तिथि की घोषणा की जाएगी। 21 मार्च को दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप, भारत के अध्यक्ष जनमेजय सिन्हा को शिरकत करना था। ब्यूरो

वहीं, आईआईएम इंदौर ने भी कोरोनावायरस के चलते अपना 21वां वार्षिक समारोह स्थगित कर दिया है। यहां 24 और 25 मार्च को दीक्षांत समारोह आयोजित होना था। दीक्षांत समारोह के लिए अगली तिथि की घोषणा बाद में होगी। आईआईएम इंदौर के डायरेक्टर प्रो. हिमांशु राय के मुताबिक, केंद्रीय स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्रालय ने कोरोनावायरस से बचने के लिए पिछले दिनों भीड़भाड़ वाले आयोजन न करने की सलाह दी है। 

रेलवे अस्पताल मुहैया कराएंगे 1000 से ज्यादा बेड  

रेलवे के अस्पताल देशभर में विभिन्न जगहों पर कोरोना के संदिग्ध मामलों के इलाज को एक हजार से ज्यादा आइसोलेशन बेड मुहैया कराएंगे। इसके अलावा 12 हजार से ज्यादा बेड मरीजों को पृथक रखने को मुहैया कराए जाएंगे। एक आधिकारिक बयान में बुधवार को कहा गया, सभी रेलवे अस्पतालों में कंट्रोल रूम व टेलीफोन हेल्पलाइन बना दी गई हैं। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन विनोद कुमार यादव ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिये सभी महाप्रबंधकों से तैयारियों की समीक्षा की।
 
बयान में कहा गया, बुखार संबंधित मामलों के लिए रेलवे के अस्पतालों में 1100 बेड उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं, विभिन्न लोकेशनों पर पॉजिटिव मिलने वाले मरीजों को पृथक रखने के लिे 12,483 बेड की व्यवस्था की गई है। रेलवे के अस्पतालों में बुखार से पीड़ित व्यक्तियों को अन्य मरीजों से अलग रखा जाएगा। सुरक्षात्मक उपकरणों के साथ मेडिकल स्टाफ को तैनात कर दिया गया है।  

मिजोरम और मणिपुर ने सील की अंतरराष्ट्रीय सीमाएं

पूर्वोत्तर राज्य मिजोरम और मणिपुर ने कोरोनावायरस के खतरे को ध्यान में रखते हुए अंतरराष्ट्रीय सीमा को सील करने का फैसला किया है। मिजोरम की 510 किमी लंबी सीमा म्यांमार से लगी है और 318 किमी लंबी सीमा बांग्लादेश से। मणिपुर की सीमा म्यांमार से लगती है। सीमा पार से इन राज्यों में आवाजाही पर भी पाबंदी लगा दी गई है। ध्यान रहे कि सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश पहले ही विदेशी पर्यटकों पर पाबंदी लगा चुके हैं। 

दूसरी ओर, मेघालय और त्रिपुरा में सीमा पर लगने वाले बाजारों को भी कुछ समय के लिए बंद करने का फैसला किया गया है। मिजोरम के मुख्य सचिव लालनूनमाविया चुआनगो ने बताया कि मुख्यमंत्री जोरमथांगा की अध्यक्षता में हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में परिस्थिति की समीक्षा के बाद अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को सील करने का फैसला किया गया। 

चीन : राष्ट्रपति जिनपिंग खुद पहुंचे वुहान, मरीजों से मिले

चीन में कोरोना से उपजे हालात अब पहले से बेहतर होने लगे हैं। इसका संकेत खुद राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित वुहान शहर का दौरा करके दिया। वह मंगलवार को चेहरे पर मास्क लगाए और सैन्य एवं स्वास्थ्य अधिकारियों के अमले के साथ  इस सबसे प्रभावित शहर में पहुंचे। शी ने वुहान में अस्थायी अस्पताल में पहुंचे, जहां कोरोना के मरीजों का इलाज चल रहा है। 

चीनी राष्ट्रपति ने मरीजों, चिकित्सा कर्मियों, निवासियों और कार्यकर्ताओं, पुलिस अधिकारियों, सैन्य कर्मियों, अधिकारियों और स्वयं सेवियों से मुलाकात की। उन्होंने इस घातक महामारी के खिलाफ युद्ध स्तर पर लड़ाई के लिए अधिकारियों और चिकित्सा कर्मियों के सेवा भाव की प्रशंसा की। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार शी ने कहा कि हुबेई प्रांत और उसकी राजधानी वुहान में कोरोनावायरस को फैलने से रोक लिया गया है।

तीन दिनों में 30 से कम मामले  

इस सप्ताह चीन में संक्रमित लोगों की संख्या सीमित बनी हुई है। सोमवार को 19, मंगलवार को 24 और बुधवार को 30 लोगों के संक्रमित होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से अधिकांश वे लोग हैं जो विदेशों से संक्रमित होकर यहां पहुंचे हैं। चीन में  80 हजार संक्रमित मरीजों में से 60 हजार से अधिक ठीक भी हो चुके हैं।  

हुबेई में शुरू होगा कामकाज

कोरोना के केंद्र वाले सूबे हुबेई में बिजनेस को धीरे धीरे पटरी पर लाया जाएगा और साथ ही सार्वजनिक परिवहन को भी शुरू किया जाएगा। सूबे के अधिकारियों ने बताया कि यह फैसला मरीजों की रोज कम होती तादाद को देखते हुए लिया गया है। मंगलवार को हुबेई में महज 14 मरीज ही सामने आए थे। जापानी कार निर्माता कंपनी होंडा ने कहा है कि उसका कुछ स्टॉफ वुहान कारखाने में काम करना शुरू कर देगा। 

विदेशियों को दो सप्ताह अलग रहना अनिवार्य 

चीन ने यहां आने वाले विदेशियों के लिए दो सप्ताह के लिए अलग थलग रहना अनिवार्य कर दिया है। इससे पहले केवल दक्षिण कोरिया, ईरान, इटली और जापन के लोगों के लिए अलगाव में रहना अनिवार्य था। 

ईरान में 24 घंटे में आए एक हजार मामले, 63 मरे 

ईरान में कोरोना का संकट कम होने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को सामने आई जानकारी के अनुसार यहां बीते 24 घंटों में संक्रमण के नए 958 मामले सामने और 63 लोगों की मौत हो गई। देश में  कोरोना संक्रमण के मामले अब बढ़कर नौ हजार हो गए हैं और मरने वालों की कुल तादाद 354 हो चुकी है। यहां के सुप्रीम नेता अयातुल्लाह खामनेई ने राष्ट्रपति हसन रूहानी को कोरोना के खिलाफ अभियान का प्रमुख नियुक्त कर दिया है। रूहानी ने 20 मार्च, शुक्रवार को मनाए जाने वाले पारसियों के प्रमुख पर्व नौरोज में लोगों से आपस में दूरी बनाए रखने का आग्रह किया है। 

दूसरे दिन भी इटली में लॉकडाउन, छह करोड़ लोग घरों में कैद 

इटली में बुधवार को दूसरे दिन भी तमाम तरह के प्रतिबंध लगे रहे। यहां सरकार ने लोगों के आने जाने पर रोक लगाई हुई है। बीते चौबीस घंटों में ही इटली में 168 लोगों की मौत हुई है जबकि 529 नए मामले सामने आए। सरकार ने वायरस को फैलने से रोकने के लिए बेहद सख्त उठाए हैं। लोगों की यात्रा पर रोक के साथ साथ किसी तरह से जुटने पर भी रोक लगी हुई है। 

सरकार ने केवल सिर्फ आवश्यक काम होने पर ही लोगों को यात्रा करने की अनुमति दी है। सभी स्कूल और यूनिवर्सिटी बंद हैं और परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। इस सख्ती से देश की छह करोड़ की आबादी घरों  में कैद होकर रह गई है। पाबंदियों की वजह से शादियां टल रही हैं और धार्मिक आयोजन रद्द हो रहे हैं। प्रतिबंधों का अर्थव्यवस्था पर भी व्यापक असर हो रहा है जिसकी वजह से लोगों को कर्ज चुकाने में छूट दी गई है।

थाईलैंड ने भारत सहित 18 देशों का वीजा रद्द किया 

थाईलैंड ने भारत सहित 18 देशों से आने वाले लोगों के लिए आगमन पर वीजा की सुविधा को स्थगित कर दिया है। इन अन्य देशों में भूटान, सऊदी अरब, बुल्गारिया, चीन और अन्य देश शामिल हैं। इसके अलावा तीन अन्य देशों के नागरिकों को वीजा देने का काम रोक दिया गया है। इटली, हांगकांग और दक्षिण कोरिया को वीजा छूट रद्द कर दी गई है। थाईलैंड से पहले कतर और कुवैत भी भारत सहित कई देशों के नागरिकों के आगमन पर रोक लगा चुके हैं। 

अमेरिका ने ईरान से उसके कैदियों को रिहा करने को कहा

विज्ञापन

ईरान में कोरोनावायरस के मामले बढ़ने के बाद अमेरिका ने ईरान से अपने सभी कैदियों को छोड़ने की अपील की है। इस तरह की खबरें हैं कि ईरान की जेलों में भी कोरोनावायरस फैल गया है। अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ ने एक बयान में कहा कि किसी भी अमेरिकी की मौत होने पर अमेरिका सीधे-सीधे ईरान को जिम्मेदार ठहराएगा। हमारी प्रतिक्रिया कड़ी होगी और हम मांग करते हैं कि सभी अमेरिकियों की तुरंत रिहाई की जाए।

पोलैंड में 14 दिनों के लिए सारे स्कूल, विश्वविद्यालय और सिनेमा बंद  

पोलैंड सरकार ने बृहस्पतिवार से दो सप्ताह के लिए सभी विद्यालय, यूनिवर्सिटी, सिनेमा, थियेटर और म्यूजियम को बंद रखने का आदेश दिया है। यह कदम कोरोना के संक्रमण के फैलने को रोकने के मकसद से उठाया गया है। सरकार के मंत्रियों ने पत्रकारों को बताया कि छोटे बच्चों के लिए थोड़ी बहुत देखभाल की इजाजत होगी। देश में अब तक संक्रमण के 26 मामले सामने आ चुके हैं। उन्होंने बताया कि देश एक मुश्किल हालात का सामना कर रहा है और इटली की हालत देखते हुए अब और भी मुश्किल हो गई है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक यातायात कम से कम उपयोग करने की सलाह दी। 

यह भी हुआ

  • पाकिस्तान में 19 संक्रमित, सिंध एवं बलोचिस्तान में नए मामले सामने आए
  • जर्मन चांसलर को आशंका है कि देश की 60 से 70 फीसदी जनसंख्या कोरोना की चपेट में आ सकती है।
  • अमेरिकी सांसदों ने राष्ट्रपति ट्रंप से देश में इमरजेंसी लगाने को कहा
  • यूक्रेन में सारे स्कूल बंद, 200 से अधिक लोगों के जमा होने पर रोक 
  • श्रीलंका में सामने आया मामला 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें