Coronavirus In India: देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी जारी है। शुक्रवार को 96,424 नए मामले सामने आए। इन नए मामलों के साथ देश में कोविड-19 के मरीजों की संख्या बढ़कर 52 लाख से अधिक हो गई है। लेकिन, राहत की बात यह है कि बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। आंकड़े के अनुसार, अब तक 41 लाख 12 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, देशभर में 17 सितंबर तक कुल 6,15,72,343 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से गुरुवार को एक दिन में 10,06,615 नमूनों की जांच की गई।
भारत में कोविड-19 के मामले 21 दिन में 10 से 20 लाख के पार पहुंचे थे। इसके बाद 16 दिन में में 20 से 30 लाख और 13 दिन में 30 से 40 लाख के आंकड़े को पार किया था। वहीं, 40 लाख से 50 लाख की संख्या को पार करने में केवल 11 दिन लगे। गौरतलब है कि भारत में सात अगस्त को कोविड-19 मरीजों की संख्या 20 लाख के पार हुई थी जबकि 23 अगस्त को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 30 लाख के पार हो गई। देश में पांच सितंबर को संक्रमितों की संख्या 40 लाख हुई। वहीं, 16 सितंबर को देश में कोविड-19 मरीजों की संख्या 50 लाख के पार पहुंच गई।
मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में जिन 1,174 लोगों की कोविड-19 से मौत हुई है, उनमें महाराष्ट्र के 468, कर्नाटक के 93, उत्तर प्रदेश के 81, आंध्र प्रदेश के 72, पश्चिम बंगाल के 60, तमिलनाडु के 59, पंजाब के 54, दिल्ली के 38, मध्यप्रदेश के 33, हरियाणा के 24, जम्मू-कश्मीर के 19, असम-छत्तीसगढ़ के 17-17, गुजरात-राजस्थान के 14-14, ओडिशा-पुडुचेरी-उत्तराखंड के 13-13 मरीज शामिल हैं।
इनके अलावा, झारखंड-तेलंगाना में 11-11, केरल में नौ, गोवा में आठ, बिहार-हिमाचल प्रदेश में सात-सात, त्रिपुरा में छह, चंडीगढ़ में पांच, मणिपुर-सिक्किम में पांच और मेघालय में एक व्यक्ति की मौत हुई है।
आंकड़ों के मुताबिक देश में अब तक 84,372 लोगों की कोविड-19 से मौत हुई है। इनमें महाराष्ट्र में 31,351, तमिलनाडु में 8,618, कर्नाटक में 7,629, आंध्र प्रदेश में 5,177, दिल्ली में 4,877, उत्तर प्रदेश में 4,771, पश्चिम बंगाल में 4,183,गुजरात में 3,270, पंजाब में 2,646, मध्यप्रदेश में 1,877 में हुई मौतें शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इनमें 70 प्रतिशत से अधिक लोगों की मौत अन्य गंभीर बीमारियों की वजह से हुई है।