देश में लगातार कोरोना संक्रमण के मामलों में उछाल देखने को मिल रहा है। बुधवार को 90,123 नए मामले सामने आए। इन नए मामलों के साथ देश में कोविड-19 के मरीजों की संख्या बढ़कर 50 लाख से अधिक हो गई है। देश में केवल 11 दिन के अंदर संक्रमित मामले 40 लाख से बढ़कर 50 लाख के पार हो गए हैं। लेकिन, राहत की बात यह है कि बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। आंकड़े के अनुसार, अब तक 39 लाख 42 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बुधवार सुबह अद्यतन किए गए आंकड़े के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 1,290 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 82,066 गई है। देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 50,20,360 हो गए हैं, जिनमें से 9,95,933 लोगों का उपचार चल रहा है और 39,42,361 लोग उपचार के बाद इस बीमारी से उबर चुके हैं। संक्रमण के कुल मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 78.53 फीसदी हो गई है जबकि मृत्यु दर में गिरावट आई है और यह 1.63 फीसदी है। वहीं, 19.84 फीसदी मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। देश में कोरोना मृत्यु दर वैश्विक औसत से भी कम है।
पिछले 24 घंटे में 11 लाख से ज्यादा नमूनों की जांच
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, देशभर में 15 सितंबर तक कुल 5,94,29,115 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से मंगलवार को एक दिन में 11,16,842 नमूनों की जांच की गई।
कर्नाटक: गृहमंत्री कोरोना पॉजिटिव
बंगलूरू। कर्नाटक के एक और मंत्री कोरोना वायरस की चपेट में आए गए। राज्य के गृहमंत्री बी बोम्मई और के. गोपालैय्या की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। गृहमंत्री ने बताया कि मंगलवार को उनके घर का एक कर्मचारी संक्रमित पाया गया था, जिसके बाद मैंने अपनी जांच कराई। मंगलवार को खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री गोपालैय्या भी संक्रमित पाए गए थे।
संक्रमण के 10 केस पर बिल्डिंग होगी सील
मुंबई: मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने 10 या इससे अधिक संक्रमण के केस पाए जाने पर पूरी बिल्डिंग सील करने का फैसला किया है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए बीएमसी के स्वास्थ्य विभाग ने संशोधित प्रोटोकॉल जारी किया है।
ओडिशा: एक दिन में सर्वाधिक 4270 केस
भुवनेश्वर। ओडिशा में बुधवार को 4270 नए कोरोना मामले सामने आए, जो एक दिन में अब तक का सर्वाधिक है। इस दौरान 11 और लोगों की कोरोना से मौत हो गई। राज्य में संक्रमण के मामले बढ़कर 162920 हो गए, जबकि 656 लोगों की मौत हो चुकी है।
अरुणाचल: 24 सुरक्षाकर्मी संक्रमित
ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश में 170 नए कोरोना मरीज मिले। इसमें विभिन्न सुरक्षा बलों के 24 जवान शामिल हैं। यहां 6466 लोग संक्रमित हो चुके हैं। बीते 24 घंटे में दो लोगों की कोरोना से मौत के बाद राज्य में मृतकों का आंकड़ा 13 पहुंच गया।
राज्यवार पिछले 24 घंटे में मौत की स्थिति
आंकड़ों अनुसार पिछले 24 घंटे में जिन 1,290 लोगों की मौत हुई है, उनमें सबसे ज्यादा 515 लोग महाराष्ट्र के थे। इसके अलावा कर्नाटक के 216, उत्तर प्रदेश के 113, पंजाब के 90, आंध्र प्रदेश के 69, तमिलनाडु के 68, पश्चिम बंगाल के 59, दिल्ली के 36 लोग शामिल हैं।
आंकड़ों अनुसार अभी तक कुल 82,066 लोगों की मौत हुई है, इनमें सर्वाधिक 30,409 लोग महाराष्ट्र के हैं। वहीं तमिलनाडु के 8,502 , कर्नाटक के 7,481, आंध्र प्रदेश के 5,041, दिल्ली के 4,806 , उत्तर प्रदेश के 4,604, पश्चिम बंगाल के 4,062 , गुजरात के 3,244 , पंजाब के 2,514 और मध्यप्रदेश के 1,820 लोग शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि संक्रमण की वजह से मरने वाले 70 फीसदी से ज्यादा लोग दूसरी बीमारियों से भी ग्रसित थे।