फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना का कहर : केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने लिखी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को चिट्ठी

Sat, 20 Mar 2021 01:13 AM IST
अजय सिंह न्यूज डेस्क,अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

भारत में एक दिन में कोरोना के 39,726 नए मामले सामने आए जो इस साल एक दिन में संक्रमित मरीजों की सर्वाधिक संख्या है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, कोरोना वायरस के मामलों में लगातार नौवें दिन वृद्धि हुई है। वहीं मुंबई में बढ़ते मामलों के बीच बीएमसी ने कहा है कि यहां मॉल में जाने वाले लोगों का रैपिड एंटीजन टेस्ट अनिवार्य है। उधर, बिहार में डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। उधर, महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में 25 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। वहीं, मध्यप्रदेश के इंदौर, जबलपुर और भोपाल में 21 मार्च को एक दिन का लॉकडाउन लगाने का फैसला किया गया है। दूसरी ओर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि भारत ने चार करोड़ टीकाकरण का मील का पत्थर पार कर लिया है। यहां जानें भारत में कोरोना वायरस से जुड़ी हर अपडेट...

 
विज्ञापन
कोरोना वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:12 AM, 20-Mar-2021

पुडुचेरी में 22 मार्च से 31 मई तक स्कूल बंद

पुडुचेरी प्रशासन ने कक्षा एक से आठवीं तक के सभी स्कूलों को 22 मार्च से 31 मई तक बंद रखने का आदेश दिया है। स्कूली शिक्षा निदेशक पी टी रुद्र गौड़ की ओर से शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि यह आदेश राज्य बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई से संबद्ध सभी स्कूलों पर लागू होगा। 

 

12:01 AM, 20-Mar-2021

केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला की राज्यों को चिट्ठी

केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को पत्र लिखकर कोरोना के प्रति सावधानी बरतने व नियमों का पालन कराने को कहा। 


 

10:39 PM, 19-Mar-2021

ओडिशा में सार्वजनिक जगहों पर नहीं मनाई जाएगी होली

कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए ओडिशा सरकार ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं।  इसके तहत 28 और 29 मार्च को होली सार्वजनिक जगहों पर नहीं खेली जाएगी।

विज्ञापन
10:02 PM, 19-Mar-2021

राजस्थान में 21 अप्रैल तक बढ़ाई गई धारा 144

राजस्थान सरकार ने कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए राज्य में लागू सीआरपीसी की धारा 144 को 21 मार्च तक के लिए बढ़ा दिया है।
 

 

09:50 PM, 19-Mar-2021

मध्यप्रदेश: अगले आदेश तक तीन शहरों में हर रविवार लॉकडाउन

कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए मध्यप्रदेश सरकार ने इंदौर, भोपाल और जबलपुर में 21 मार्च रविवार को लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। वहीं, राज्य के गृह विभाग ने शुक्रवार शाम जानकारी दी कि इन तीनों शहरों में लॉकडाउन आने वाले आदेश तक लागू रहेगा। यानी जब तक साप्ताहिक लॉकडाउन को समाप्त करने का आदेश नहीं आता है, इन तीनों शहरों में हर रविवार को लॉकडाउन रहेगा। विभाग ने बताया कि तीनों शहरों में हर शनिवार को रात 10 बजे से  नाइट कर्फ्यू शुरू होगा जो सोमवार की सुबह छह बजे तक लागू रहेगा। अनिवार्य सेवाओं को इन प्रतिबंधों से बाहर रखा जाएगा। तीनों शहरों में 31 मार्च तक स्कूल बंद रहेंगे।

विज्ञापन
09:22 PM, 19-Mar-2021

कोरोना का असर: पांच फीसदी बढ़ा हवाई किराया

नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को कहा कि विभिन्न राज्यों की ओर से लगाए गए विभिन्न प्रतिबंधों और कोरोना जांच की अनिवार्यता के चलते पिछले कुछ दिनों में हवाई यात्रियों की संख्या में कमी देखने को मिली है। पुरी ने कहा कि इसकी वजह से हमने फैसला किया है कि शेड्यूल की अनुमेय सीमा को 80 फीसदी तक बनाए रखा जाए। 

पुरी ने आगे कहा कि एटीएफ की कीमत में लगातार इजाफा हुआ है। इस वजह से ऊपरी किराया बैंड को कम रखते हुए हवाई किराये में पांच फीसदी की वृद्धि करने का फैसला किया गया है। उन्होंने कहा कि जब दैनिक यात्रियों की संख्या एक महीने में तीन बार 3.5 लाख को पार कर जाएगी तो हम 100 फीसदी परिचालन करना प्रारंभ कर सकते हैं।

09:16 PM, 19-Mar-2021

नई दिल्ली: 24 घंटों में 716 नए मामले मिले

राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 716 नए मामले सामने आए हैं। दिल्ली सरकार की ओर से शुक्रवार की शाम जारी किए गए स्वास्थ्य बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। इसके अनुसार पिछले 24 घंटों में 471 लोग ठीक हुए हैं और चार लोगों की मौत हुई है। दिल्ली में कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या अब छह लाख 46 हजार 348 हो गई है। कुल छह लाख 32 हजार 230 लोग अबतक ठीक हो चुके हैं और 10,953 लोगों की मौत हुई है।

08:42 PM, 19-Mar-2021

रविवार को इंदौर, भोपाल और जबलपुर में एक दिन का लॉकडाउन

मध्यप्रदेश सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के एक बार फिर बढ़ते मामलों को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार की शाम को कहा कि 21 मार्च, रविवार को इंदौर, भोपाल और जबलपुर में एक दिन का लॉकडाउन रहेगा। चौहान ने कहा कि इन तीनों शहरों में स्कूल 31 मार्च कर बंद रहेंगे।  

08:39 PM, 19-Mar-2021

उत्तर प्रदेश: 393 नए मामले, चार की मौत

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के कुल 393 नए मामले सामने आए हैं, 123 लोग ठीक हुए हैं और चार की मौत हुई है। प्रदेश में कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब पांच लाख 95 हजार 382 हो गई है। इसके अलावा अब तक कोरोना की वजह से 8757 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रदेश में अब कोरोना वायरस संक्रमण के सक्रिय मरीजों की संख्या 2470 है।

08:35 PM, 19-Mar-2021

पुणे: 24 घंटे में कोरोना के 5065 नए मामले

महाराष्ट्र के पुणे में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 5065 नए मामले सामने आए हैं, 2211 लोग ठीक हुए हैं और 24 की मौत हुई है। शहर में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या चार लाख 58 हजार 597 हो गई है। वहीं, अब तक चार लाख 16 हजार 297 लोग ठीक हो चुके हैं। शहर में कोरोना के चलते अब तक 9510 लोगों की मौत हुई है। अब यहां कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 32,959 है।

08:12 PM, 19-Mar-2021

देश में कोरोना के एक बार फिर बढ़ते मामलों के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार की शाम एक अच्छी खबर दी। मंत्रालय के अनुसार भारत ने चार करोड़ से अधिक लोगों को टीका लगाया जा चुका है।

07:50 PM, 19-Mar-2021

महाराष्ट्र: 25 हजार से ज्यादा नए मामले, 70 की मौत

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 25,681 नए मामले सामने आए, 14,400 लोग ठीक हुए और 70 लोगों की मौत हुई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या एक लाख 77 हजार 560 है। जानकारी के अनुसार राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब 24 लाख 22 हजार 21 हो गई है। वहीं, 21 लाख 89 हजार 965 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं और कुल 53,208 लोगों की मौत हो चुकी है।

07:46 PM, 19-Mar-2021

गुजरात: पिछले 24 घंटों में 1415 नए मामले

गुजरात में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 1415 नए मामले सामने आए हैं, 948 लोग इस बीमारी से ठीक हुए हैं और चार लोगों की मौत हुई है। आंकड़ों के अनुसार अब राज्य में कोरोना संक्रमण के मामलों की कुल संख्या दो लाख 83 हजार 864 हो गई है। इसके साथ ही राज्य में कोरोना के चलते अब तक 4,437 लोगों की मौत हो चुकी है और कुल दो लाख 73 हजार 280 लोग ठीक हो चुके हैं। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 6,147 है।

07:35 PM, 19-Mar-2021

पंजाब: 24 घंटों में 2490 नए मामले

पंजाब में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 2490 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में 1339 लोग ठीक हुए और 38 लोगों की मौत हुई है। राज्य में संक्रमण के कुल मामलों का आंकड़ा अब दो लाख सात हजार 888 पर पहुंच गया है। इसके अलावा यहां अभी तक एक लाख 86 हजार 187 लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं और कुल 6242 लोगों की मौत हुई है। पंजाब में अब कोरोना के 15,459 सक्रिय मामले हैं। 

07:24 PM, 19-Mar-2021

मुंबई: 3062 नए मामले, 10 लोगों की मौत

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी कोरोना का प्रकोप एक बार फिर बढ़ रहा है। यहां पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के कुल 3062 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा 1334 लोग ठीक हुए हैं और 10 लोगों की मौत हुई है। शहर में कोरोना के कुल मामले अब तीन लाख 55 हजार 897 हो गए हैं। वहीं, तीन लाख 23 हजार 282 लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं। शहर में अब तक कोरोना के चलते 11,565 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां अब कोरोना के 20,140 सक्रिय मामले हैं।

07:21 PM, 19-Mar-2021

कर्नाटक: 1587 नए मामले, 10 लोगों की मौत

कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 1587 नए मामले सामने आए हैं और 869 लोग ठीक हुए हैं। इसके अलावा इस दौरान 10 लोगों की मौत हुई है। जानकारी के अनुसार राज्य में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या अब नौ लाख 66 हजाप 689 हो गई है। नहीं, कुल नौ लाख 42 हजार 178 लोग अब तक इस बीमारी से उबर चुके हैं और 12,425 लोगों की मौत हुई है। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 12,067 है।

06:50 PM, 19-Mar-2021

तैयार रहना होगा, स्पैनिश फ्लू भी चार चरणों में आई थी: अमरिंदर सिंह

पंजाब में बढ़ते कोरोना संक्रमण पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि हमें दूसरी लहर के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि 1918 में स्पेनिश फ्लू भी चार चरण में आया था। कैप्टन ने चेतावनी दी है कि हमें एक लंबी लड़ाई के लिए तैयार रहना होगा। राज्य में कोविड की मौजूदा स्थिति को लेकर शुक्रवार को बुलाई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि उनकी सरकार कोरोना की दूसरी लहर से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। 

06:44 PM, 19-Mar-2021

नागपुर में मिले 3235 नए मामले, 35 की मौत

महाराष्ट्र के नागपुर जिले में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 3235 नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही इस अवधि में कोरोना से संक्रमित 1245 लोग ठीक हुए और 35 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अुसार अब शहर में कोरोना के कुल मामलों की संख्या एक लाख 85 हजार 787 हो गई है। इसके साथ ही कुल एक लाख 55 हजार 655 लोग ठीक हो चुके हैं और 4563 लोगों की मौत हुई है। यहां कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 25,569 हो गई है।

06:20 PM, 19-Mar-2021

केरल: पिछले 24 घंटों में सामने आए 1984 मामले

केरल में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 1984 नए मामले सामने आए हैं और 1965 लोग इस बीमारी से ठीक हुए हैं। अब राज्य में कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामलों की संख्या 25,158 हो गई है। इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमण के कुल मामलों का आंकड़ा 10 लाख 70 हजार 343 पह पहुंच गया है।

05:52 PM, 19-Mar-2021

नहीं माने नियम तो उठाएंगे सख्त कदम: उद्धव ठाकरे

महाराष्ट्र एक बार फिर कोरोना वायरस के कहर का सामना कर रहा है। राज्य में कोरोना संक्रमण की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को कहा कि सितंबर 2020 में भी कोविड-19 मरीजों की संख्या बढ़ी थी। लेकिन आज हमारे पास ढाल के रूप में वैक्सीन है। नागरिकों को टीकाकरण करवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन किया जाना चाहिए जिससे संक्रमण का प्रसार न हो। लेकिन, अगर नियमों का उल्लंघन किया जाता है तो आने वाले समय में सख्त मानक अपनाए जाएंगे।

05:05 PM, 19-Mar-2021

पंजाब: अमृतसर समेत नौ जिलों में रात नौ से सुबह पांच बजे कर कर्फ्यू

पंजाब के अमृतसर में कोरोना को लेकर कड़ाई की जा रही है। अमृतसर के उपायुक्त ने बताया कि नौ जिलों में रात नौ से सुबह पांच बजे तक रात्रि कर्फ्यू रहेगा। ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि इन जिलों में अधिक कोरोना मामले हैं और दूसरी लहर में भी आंकड़ा बढ़ रहा है। इसलिए स्थिति को देखते हुए रात्रि कर्फ्यू के समय में बदलाव किया गया है। अमृतसर में भी रात्रि कर्फ्यू रात नौ से सुबह पांच बजे तक लागू रहेगा।

04:49 PM, 19-Mar-2021

कर्नाटक के कलबुरगी में चला मास्क जागरूकता अभियान

कर्नाटक के कलबुरगी में शुक्रवार को मास्क जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला प्रशासन ने शहर की पुलिस, नगर निगम और जिला पंचायत के साथ मिलकर चलाया। यहां एक अधिकारी ने कहा कि कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। खासकर पिछले दो सप्ताह में यह आंकड़ा तेजी से बढ़ा है। सभी को मास्क पहनना चाहिए और शारीरिक दूरी के नियम का पालन करना चाहिए।

04:43 PM, 19-Mar-2021

कर्नाटक: मास्क न पहनने पर देना होगा ज्यादा जुर्माना

कर्नाटक में भी कोरोना के नए मामलों में तेजी देखी जा रही है। इसे लेकर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के सुधाकर ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र और केरल में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए, यहां भी ऐसी स्थिति बनने की पूरी संभावना है। इसलिए हम ऐसी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मुख्यमंत्री ने सहयोग करने के लिए जनता को कुछ और दिन दिए हैं। अगर इस पर भी लोग नहीं मानते हैं तो हम मास्क न पहनने पर जुर्माने की राशि बढ़ाएंगे। 

04:32 PM, 19-Mar-2021

आंध्र प्रदेश: 24 घंटे में 246 नए मामले

आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 246 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 131 लोग ठीक हुए और एक व्यक्ति की मौत हुई। अब राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के आठ लाख 92 हजार 986 कुल मामले हो गए हैं। इसके साथ ही यहां आठ लाख 83 हजार 890 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं और 7187 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब कोरोना के कुल सक्रिय मामलों की संख्या 1909 हो गई है। 

04:30 PM, 19-Mar-2021

अहमदाबाद: शनिवार-रविवार को बंद रहेंगे मॉल-मल्टीप्लेक्स

गुजरात के अहमदाबाद में नगर निगम ने कोविड-19 संक्रमण को देखते हुए हर शनिवार और रविवार को मॉल और मल्टीप्लेक्स बंद रखने का फैसला किया है। इस आदेश के संबंध में एक फिल्म थिएटर के मालिक ने कहा, मल्टीप्लेक्स पहले ही सात महीने से बंद थे और हमने दोबारा काम शुरू ही किया था। शनिवार और रविवार को हमें ज्यादा लोगों के आने की उम्मीद रहती है।

04:12 PM, 19-Mar-2021

हरियाणा: मास्क न पहनने वालों पर होगी सख्ती

राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शुक्रवार को जिला उपायुक्तों औप अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। यहां मुख्यमंत्री ने कहा कि उन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, जो मास्क नहीं पहन रहे हैं। जांच और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग को बढ़ाया जाए। इसके साथ ही उन्होंने त्योहारी सीजन को देखते हुए कोरोना संबंधित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

03:26 PM, 19-Mar-2021

महाराष्ट्र सरकार की नई गाइडलाइंस

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने नई गाइडलाइंस जारी की हैं। सरकार की नई गाइडलाइंस के मुताबिक, सभी थिएटर और सभागार केवल 50 फीसदी क्षमता के साथ ही खोले जाएंगे। इसके अलावा बिना मास्क के लोगों को एंट्री नहीं दी जाएगी। वहीं सभी निजी कार्यालय भी 50 फीसदी की क्षमता के साथ खोले जाएंगे।
 

03:06 PM, 19-Mar-2021

सूरत में रात के कर्फ्यू की अवधि एक घंटे बढ़ाई गई

सूरत में कोरोना वायरस के 300 से अधिक नए मामले आने के बाद नगर निगम ने रात के समय कर्फ्यू की अवधि एक घंटे तक और बढ़ाने का फैसला किया है। सूरत नगर निगम (एसएमसी) ने शुक्रवार को कहा कि अब रात को 10 बजे के बजाय नौ बजे से कर्फ्यू शुरू होगा और सुबह छह बजे खत्म होगा। उसने कहा कि कर्फ्यू की नई अवधि शुक्रवार रात से लागू होगी।

03:04 PM, 19-Mar-2021

पंजाब में सिनेमाघरों-मॉल में लोगों की संख्या सीमित की

पंजाब में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर सरकार ने स्कूलों को 31 मार्च तक बंद रखने का फैसला किया है। वहीं सिनेमा घरों में दर्शकों की संख्या 50 फीसदी रहेगी और शॉपिंग मॉल में एक ही समय में 100 से अधिक लोगों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा अगले सप्ताह से हर शनिवार को सुबह 11 से 12 बजे तक कोविड के कारण जान गंवाने वालों की याद में एक घंटे मौन रखा जाएगा। इस दौरान सड़कों पर वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी।

02:31 PM, 19-Mar-2021

गोरखपुर में सात राज्यों से आने वाले 14 दिन रहेंगे होम क्वारंटीन

गोरखपुर में मुंबई, दिल्ली, छत्तीसगढ़, पंजाब, केरल, कर्नाटक व तमिलनाडु से आने वालों की सघन निगरानी की जा रही है। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट व बस स्टेशनों पर जांच के लिए बूथ बना दिए गए हैं। फिलहाल अभी तक बाहर से आए लोगों में कोरोना की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, इन राज्यों से गोरखपुर में आने वाले लोगों को होम क्वारंटीन करने का स्वास्थ्य विभाग ने निर्णय लिया है।

01:46 PM, 19-Mar-2021

चंडीगढ़ में अब सरकारी अस्पतालों में आरटीपीसीआर टेस्ट रिपोर्ट अनिवार्य

चंडीगढ़ में कोरोना संक्रमण की तेजी से बढ़ती रफ्तार से प्रशासन गंभीर है। अब प्रशासन ने सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में आरटीपीसीआर टेस्ट कराना अनिवार्य कर दिया है। इस रिपोर्ट को आने में समय लगता है। ऐसे में अब मरीजों को ओपीडी में इलाज कराने के लिए 24 से 48 घंटे तक इंतजार करना पड़ेगा।

01:10 PM, 19-Mar-2021

गौतमबुद्ध नगर जिले में संक्रमण के 26 नए मामले

गौतमबुद्ध नगर जिले में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 26 नए मामले सामने आए, जिससे यहां संक्रमण के मामले बढ़कर 25,727 हो गए हैं। जिला निगरानी अधिकारी डॉक्टर सुनील दोहरे ने बताया कि 24 घंटे में 26 लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं वहीं विभिन्न अस्पतालों में 85 मरीजों का इलाज चल रहा है।

01:05 PM, 19-Mar-2021

लखनऊ एसजीपीजीआई का कर्मचारी पॉजिटिव

लखनऊ एसजीपीजीआई के गैस्ट्रो सर्जिकल ओपीडी में कार्यरत कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद ओपीडी बंद कर दिया गया है। संबंधित कर्मचारी के संपर्क में आने वाले 20 लोगों की जांच कराई गई है। इन सभी लोगों को ड्यूटी पर आने से मना कर दिया गया है।

12:57 PM, 19-Mar-2021

मेरठ में बढ़ रहा कोरोना का खतरा

 मेरठ जनपद में कोरोना का खतरा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। शहर में गुरुवार को 4066 सैंपलों की जांच हुई, जिनमें दो छात्रों समेत कोरोना के सात नए मरीज मिलेहैं। इनमें तीन मरीज रेलवे स्टेशन पर मिले हैं। स्टेशन पर करीब 100 लोगों की जांच की गई थी। 

12:37 PM, 19-Mar-2021

कोविड टीके पूरी तरह सुरक्षित, भ्रमित होने की जरूरत नहीं : डा. हर्षवर्धन

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री हर्षवर्धन ने कोरोना वायरस के टीकों को लेकर अनेक लोगों के मन में पैदा हो रहीं आशंकाओं को खारिज करते हुए शुक्रवार को कहा कि दुनियाभर में वैज्ञानिक विश्लेषण के बाद टीकों को मंजूरी दी गई है और हमें इन पर विश्वास करना चाहिए। हर्षवर्धन ने लोकसभा में प्रश्नकाल में कहा कि देश-दुनिया में बहुत सारे लोगों के मन में आशंका है कि कोरोना वायरस का टीका आने वाले समय में नुकसान तो नहीं पहुंचाएगा? उन्होंने कहा, ‘भारत में जिन दो टीकों कोविशील्ड और कोवैक्सिन को इस्तेमाल की मंजूरी दी गई है, वे सुरक्षा, प्रभावशीलता और प्रतिरक्षा क्षमता पैदा करने के मानदंडों पर पूरी तरह खरे उतरते हैं।’

12:14 PM, 19-Mar-2021

बीते 10 महीनों में सबसे ज्यादा मामले

देश में पिछले पांच दिनों में कोरोना केसों में बीते 10 महीनों में सबसे ज्यादा इजाफा देखने को मिला है। बीते 7 दिनों में कोरोना मामलों में 39 फीसदी तक का इजाफा हुआ है। पिछले 24 घंटे में 39,670 कोरोना के नए मरीज मिले हैं। 

12:08 PM, 19-Mar-2021

स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से वैक्सीन लेने की अपील की

लोकसभा में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा कि कोरोना के टीके को लेकर किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने लोगों से वैक्सीन लेने की अपील की।
 

11:55 AM, 19-Mar-2021

कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर अतिरिक्त सावधानी की जरूरत: नायडू

देश के विभिन्न हिस्सों में कोविड-19 के मामलों में तेजी से वृद्धि की ओर ध्यान दिलाते हुए राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने शुक्रवार को सभी सांसदों एवं आम लोगों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने, कोरोना वायरस के रोकथाम के दिशानिर्देशों का पालन करने तथा पात्र लोगों से टीका लगवाने की अपील की। उच्च सदन की बैठक शुरू होते ही नायडू ने सभी सांसदों से अपील की कि वे न केवल स्वयं बल्कि अपने क्षेत्र के लोगों को कोरोना वायरस के रोकथाम के दिशानिर्देशों का पालन करने और पात्र लोगों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित करें।

11:41 AM, 19-Mar-2021

अरुणाचल प्रदेश में कोविड-19 का एक नया मामला

अरुणाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के संक्रमण का एक नया मामला सामने आया है, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 16,842 हो गई। 
 

11:23 AM, 19-Mar-2021

पंजाब में 32 लोगों की और मौत

पंजाब में कोरोना के कारण गुरुवार को 32 मरीजों की मौत हो गई जबकि बीते 24 घंटे में 2387 नए केस सामने आए। राज्य में महामारी से मरने वालों की कुल संख्या 6204 हो गई है।

 

11:10 AM, 19-Mar-2021

बिहार में डॉक्टरों की छुट्टी रद्द

कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच बिहार के सभी डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है राज्य के सभी स्वास्थ्य कर्मियों के सभी प्रकार के छुट्टियों को 5 अप्रैल तक रद्द किया जाता है।
 

10:52 AM, 19-Mar-2021

मॉल में एंट्री से पहले कोरोना टेस्ट

मुंबई में 22 मार्च से मॉल में एंट्री से पहले कोरोना टेस्ट कराना जरूरी कर दिया गया है।

10:51 AM, 19-Mar-2021

एक दिन में मिले करीब 40 हजार नए मरीज

देश में शुक्रवार को कोविड-19 के एक दिन में 39,726 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,15,14,331 पहुंच गई है। वहीं 154 और लोगों की संक्रमण से मौत होने से मृतक संख्या बढ़कर 1,59,370 हुई।

10:31 AM, 19-Mar-2021

कोरोना का कहर : केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने लिखी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को चिट्ठी

देश में फिर से तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण के बीच दिसंबर के बाद पहली बार एक दिन में 39,726 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। संक्रमण के मामले में, विश्व में ब्राजील और अमेरिका के बाद भारत तीसरे नंबर पर पहुंच गया। स्वास्थ्य मंत्रालय ने आशंका जताई है कि कोरोना की दूसरी लहर पहले से ज्यादा तेज हो सकती है।

 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें