देश में कोरोना वायरस संक्रमण से लगातार बिगड़ते हालात के बीच पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 1.31 लाख नए मामले सामने आए हैं। भारत में कोरोना महामारी की शुरुआत के बाद एक दिन में यह संक्रमित लोगों की सबसे बड़ी संख्या है।
वहीं, 18 अक्तूबर के बाद पहली बार इस महामारी के कारण एक दिन में सबसे ज्यादा 780 लोगों की मौत भी दर्ज की गई है। अब देश में मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 1,67,642 हो गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में लगातार 30 दिनों से नए मामलों में तेज बढ़ोतरी हुई है। देश में सक्रिय मरीज बढ़कर 9,79,608 हो गई है। वहीं सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र में एक दिन में सर्वाधिक 376 मौत हुई है।
मंत्रालय का कहना है कि केवल पांच राज्यों में ही देश के 73 फीसदी सक्रिय मरीज हैं। इनमें महाराष्ट्र के साथ साथ छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और केरल शामिल हैं।
देश में लगातार दूसरे दिन 1.25 लाख से ज्यादा संक्रमित मिलने के बाद विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस रफ्तार से अप्रैल माह के अंत तक रोजाना संक्रमित मरीज मिलने की गति दो लाख का आंकड़ा छू सकती है।
लखनऊ सहित चार शहरों में 50 फीसदी कर्मियों के साथ ही काम करेंगे कार्यालय
कोरोना के बढ़ते मामले के बीच यूपी सरकार ने लखनऊ सहित चार शहरों में 50 फीसदी कर्मचारियों के साथ सरकारी व निजी कार्यालयों को संचालित करने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी तथा कानपुर नगर के दफ्तरों में 50 फीसदी कर्मियों की ही उपस्थिति रहेगी। बाकी 50 फीसदी वर्क फ्रॉम होम के तहत घर से ड्यूटी करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें ऑफिस बुलाया जा सकेगा।
उधर, मुरादाबाद में भी जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने नगर निगम क्षेत्र में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगाने का आदेश जारी कर दिया है। यह व्यवस्था 16 अप्रैल तक रहेगी। करीब 11 जिलों में बृहस्पतिवार को ही नाइट कर्फ्यू घोषित कर दिया गया था।
तीन राज्यों में हैं सबसे ज्यादा मौतें
देश के तीन राज्यों में कोरोना वायरस सबसे अधिक जानलेवा बना हुआ है। पिछले एक दिन में महाराष्ट्र में 376 लोगों की मौत हुई है। पिछले महीने तक यह आंकड़ा राष्ट्रीय स्तर पर देखने को मिलता था। वहीं छत्तीसगढ़ में 94 और पंजाब में 56 लोगों की मौत हुई है। 50 फीसदी मौतें इन तीनों राज्य में हुई हैं जिसे लेकर केंद्र सरकार ने भी चिंता जताई है। छत्तीसगढ़ में संक्रमण सबसे तेजी से फैल रहा है।
वैक्सीन की कमी से कई राज्यों में टीकाकरण बंद
वैक्सीन को लेकर राज्य व केंद्र सरकार में आरोप-प्रत्यारोप के बीच देश के कई स्थानों पर टीकाकरण बंद हो चुका है। शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर के अलावा महाराष्ट्र, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड सहित कई राज्यों में टीकाकरण केंद्रों पर वैक्सीन नहीं दी गई और लोगों को वापस भेज दिया गया।
हालांकि केंद्र सरकार ने वैक्सीन की कमी न होने का हवाला देते हुए राज्यों को जिम्मेदार ठहराया है। वैक्सीन न मिलने के कारण महाराष्ट्र सहित कई जगहों पर लोगों ने हंगामा भी किया।
वैक्सीन की कमी के आरोप के बीच स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, एक दिन में 36 लाख लोगों को टीका लगाया गया। देश में अब तक 9.43 करोड़ लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है, जिनमें सात करोड़ पहली डोज है।
वैक्सीन की कमी नहीं : शाह
कई राज्यों में कोरोना वैक्सीन की कमी की खबरों को खारिज करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, सभी राज्यों को वैक्सीन की पर्याप्त खुराक उपलब्ध कराई गई हैं। वैक्सीन की कमी की खबरें सही नहीं है।