देश में रविवार को कोरोना वायरस के 40 हजार के करीब नए मामले रिपोर्ट किए गए। इस तरह यह सप्ताह कोविड-19 महामारी के हिसाब से सबसे बुरा रहा, जहां इस दौरान 2.38 लाख लोग कोरोना से संक्रमित हुए। भारत में अब तक सामने आए कुल मामलों का 21 फीसदी अकेले इसी सप्ताह में रिपोर्ट किया गया।
रविवार को कोरोना वायरस से 673 मौतें हुईं, इस तरह इस सप्ताह में मरने वालों की संख्या 4,285 रही, जो अब तक कोविड-19 से हुई कुल मौतौं का 16 फीसदी है। इस सप्ताह सक्रिय मामलों में भी तेजी से वृद्धि देखी गई।
इस दौरान सक्रिय मामलों की संख्या में 88,000 के करीब वृद्धि हुई, इस तरह देश में कुल सक्रिय मामले बढ़कर 3.9 लाख हो गए। वहीं, इस सप्ताह 1.45 लाख मरीज इस बीमारी से उबरे, लेकिन तेजी से बढ़े मामलों के चलते रिकवरी रेट में कमी देखी गई।
यह भी पढ़ें: खतरे में बचपन: कोरोना वायरस के डर से लगी बंदिशों के कारण बच्चे उठा रहे जानलेवा कदम
राज्य सरकारों द्वारा इकट्ठा किए गए डाटा के अनुसार, इस सप्ताह देश में कोरोना मरीजों की संख्या 11 लाख को पार कर गई, जबकि तीन दिन पहले संक्रमितों की संख्या 10 लाख थी। केवल तीन दिन में संक्रमितों की संख्या 1 लाख तक बढ़ गई। रविवार को कोरोना वायरस के 40,363 नए मामले रिपोर्ट किए गए, जबकि इससे एक दिन पहले 38,141 मामले सामने आए थे।
इस सप्ताह में कुल 2.38 लाख नए मामले रिपोर्ट किए गए, जो पिछले सप्ताह सामने आए नए मामलों की तुलना में 31 फीसदी अधिक है। इससे पिछले सप्ताह कोरोना के 1.81 लाख मामले रिपोर्ट किए गए थे।
10 राज्यों में एक दिन में कोरोना के रिकॉर्ड सबसे अधिक मामले सामने आए। महाराष्ट्र में रविवार को 9,518 मामले रिपोर्ट किए गए, जो 16 जुलाई को सामने 8,641 कोविड मामलों से 900 से अधिक ज्यादा है। देश में महाराष्ट्र इस वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है।
आंध्र प्रदेश से सबसे ज्यादा 5,041 मामले रिपोर्ट किए गए, जबकि शनिवार को 3,963 कोरोना मरीज पाए गए थे। महाराष्ट्र के बाद आंध्र प्रदेश दूसरा ऐसा राज्य है, जहां एक दिन में 5000 या उससे अधिक मामले रिपोर्ट किए गए।