महाराष्ट्र में कोरोना महामारी खतरनाक रूप लेती जा रही है। बुधवार सुबह तक बीते 24 घंटे में संक्रमण से 19 और लोगों की मौत हो गई, जबकि 553 नए मामले रिपोर्ट हुए। इसके साथ ही राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 251 हो गई और 5229 लोग इसकी चपेट में हैं। मुंबई और पुणे सबसे प्रभावित जिले हैं।
मुंबई में सर्वाधिक 3451 लोग इसकी चपेट में हैं। इस बीच, स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बुधवार को मुंबई की घनी आबादी वाली झुग्गी बस्ती धारावी में क्वारंटीन सेंटर का दौरा किया। अकेले धारावी में कोरोना के 180 केस आ चुके हैं। वहीं, मंगलवार रात पुणे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जिले में अब तक 55 लोग जान गंवा चुके हैं।
देशभर में स्वास्थ्य टीमों पर हमले की खबरों के बीच नागपुर में आशा कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया है। आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि सर्वे के दौरान उनके साथ गाली गालौच की गई और उन पर पथराव किया गया।
इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। वहीं, औरंगाबाद से एआईएमआईएम सांसद इम्तियाज जलील ने कहा कि अगर पुलिस सुरक्षा में लॉकडाउन के दौरान जिले में शराब की दुकानें खोलने की इजाजत दी गई तो वह इसका विरोध करेंगे।
मध्यप्रदेश: इंदौर में 24 घंटे में 290 की रिपोर्ट आई निगेटिव
मध्य प्रदेश के इंदौर में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। वहीं 24 घंटे में इंदौर के अस्पतालों में भर्ती कोरोना संदिग्ध मरीजों की जांच के बाद कुल 26 मरीज पॉजिटिव मिले हैं। लगभग 316 नमूनों की जांच रिपोर्ट में 290 मरीजों की निगेटिव रिपोर्ट आई है।
कलेक्टर मनीष सिंह के मुताबिक एक अच्छी खबर यह भी है कि पुलिस विभाग के कर्मचारियों के जो 32 नमूने लिए गए थे, वे सभी नेगेटिव आए हैं। बुधवार को पॉजिटिव मिले सभी 26 मरीज यलो अस्पताल में उपचार के लिए पहले से ही भर्ती हैं, जिन्हें अब रेड जोन के अस्पतालों में शिफ्ट किया जाएगा। दो मरीजों की मौत भी हुई है।
इंदौर में जेल तक पहुंचा संक्रमण, 6 कैदी पॉजिटिव
इससे पहले देश के हॉट स्पॉट जिलों में शामिल इंदौर के सेंट्रल जेल तक वैश्विक महामारी पहुंच गई। जेल के छह कैदी पॉजिटिव पाए गए। इसमें पिछले दिनों चंदन नगर में एक स्वास्थ्य टीम पर पत्थरबाजी करने के आरोप में गिरफ्तार एक व्यक्ति और उसका बेटा भी शामिल है।
सेंट्रल जेल के उपाधीक्षक लक्ष्मण सिंह भदौरिया ने बताया कि पत्थरबाजी के आरोप में गिरफ्तार पिता-पुत्र के साथ बैरक में रखे गए दूसरे कैदी दोनों के संपर्क में आने के बाद संक्रमित हो गए। अब तक छह कैदी कोरोना से संक्रमित हैं, जिन्हें एमआरटीबी अस्पताल में भर्ती कराया है। चार जेल अधिकारियों और एक कैदी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 29 जेल स्टाफ और 20 कैदियों की रिपोर्ट आनी बाकी है। मध्य प्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा 1552 हो गया है।
कोरोना से मरे पिता को बेटे ने नहीं दी मुखाग्नि
कोरोना वायरस ने मानवीय रिश्तों को तार-तार कर दिया है। बीमारी का खौफ ऐसा कि एक बेटे ने कोरोना से मरे पिता को मुखाग्नि भी देने से इनकार कर दिया। अफसरों ने कोरोना संक्रमित मरीजों की सेवा कर रहे डॉक्टर, नर्स और कर्मचारियों का हवाला भी दिया, फिर भी वह इसके लिए तैयार नहीं हुआ।
उसने लिखकर दे दिया कि उसे पीपीई किट पहनने और उतारने नहीं आती है। पति को खो चुकी मां ने भी बेटे का समर्थन करते हुए अफसरों से कहा कि आपको आता है, आप ही मेरे पति का अंतिम संस्कार कर दो। इसके बाद तहसीलदार गुलाब सिंह बघेल ने अंतिम संस्कार किया। पूरा परिवार चिता से 50 मीटर दूर खड़ा रहा।