सरकार ने केंद्रीय मंत्रियों से कार्यालयों में सोमवार से काम करने को कहा है। मंत्रालयों को निर्देश दिए हैं कि संयुक्त सचिव और उससे ऊपर के अफसर विभागों में काम शुरू करें। हर मंत्रालय में आवश्यक कर्मचारियों के एक तिहाई की उपस्थिति जरूरी है। दरअसल, सरकार हॉटस्पॉट की पहचान और लॉकडाउन खत्म होने के बाद अर्थव्यवस्था को गति देने के उपायों पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
पीएम मोदी ने कहा, आरोग्य सेतु एप को ई-पास बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि कैसे दक्षिण कोरिया और सिंगापुर में संक्रमित व्यक्ति से संपर्क वालों का पता चला। उन अनुभवों के आधार पर भारत ने भी एप के जरिये कोशिश की। एप ई-पास भी बन सकता है, जो एक स्थान से दूसरे स्थान तक की यात्रा में सुविधा दे सकता है। पीएम ने कहा, मैं चौबीसों घंटे व सातों दिन उपलब्ध हूं। सीएम कभी भी मुझसे बात कर सकते हैं। सभी को कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा होना है। चुनौती से हर हाल में पार पाएंगे।
अगले 3-4 हफ्ते बेहद नाजुक हैं। टीमवर्क से ही इस चुनौती से पार पाया जा सकता है। किसानों से सीधे फसल खरीदने से मंडियों में जमावड़े से बचा जा सकता है। किसान भी अपने दरवाजे पर ही उत्पाद बेच सकेंगे। साथ ही, कालाबाजारी और जमाखोरी से भी बचा जा सकेगा। -नरेंद्र मोदी, पीएम