आबादी का मात्र 5 फीसदी वाला गुजरात देश की जीडीपी में 7.5 फीसदी का योगदान देता है। सभी उद्योग-धंधे बंद हैं, इसलिए जाहिर है, राजस्व पर काफी प्रभाव पड़ा है। लेकिन, गुजरात की अर्थव्यवस्था को लेकर भी चिंता की बात नहीं है। 20 अप्रैल के बाद से हमनें सख्त नियम व शर्तों के साथ कुछ उद्योगों और दुकानों को खोलने की अनुमति दी है।
किसानों-उद्योगों की कैसे मदद कर रहे हैं?
किसानों के लिए कृषि उत्पाद विपणन समिति को शुरू करने से लेकर रबी फसलों की कटाई, ढुलाई और मार्केटिंग यार्ड तक लाने की अनुमति दी है। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीद कर रहे हैं। अप्रैल में ही, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रति किसान को 2000 रुपये को भुगतान किया। फसल बीमा योजना के तहत किसानों को किस्त में भी दो महीनों की छूट दी है। ये दो किस्तें सरकार देगी।
अर्थव्यवस्था पटरी पर आने में कितना समय लगेगा?
गुजरात हमेशा से ही प्रो-इंडस्ट्री और प्रो-लेबर स्टेट रहा है। राज्य की अर्थव्यवस्था पूरी तरह पटरी में लाने का पहला चरण शुरू हो चुका है। हालात पर नजर बनाए हुए हैं जैसे-जैसे गुजरात के बाकी हिस्सों में हालात बेहतर होंगे, पूरी सतर्कता के साथ उद्योगों-धंधों को पूरी तरह खोल देंगे। अब तक 45 हजार से अधिक उद्योग शुरू हो चुके हैं और इसमें 7 लाख से अधिक मजदूर भाई-बहन काम कर रहे हैं।
मजदूरों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ा है। हमने बिना राशनकार्ड भी प्रवासी परिवारों को मुफ्त गेहूं, चावल, दाल, चीनी व नमक उपलब्ध कराया। फूड पैकेट्स भी दे रहे हैं। शेल्टर होम की व्यवस्था भी की है। यह सही है कि शुरुआत में सूरत के कुछ हिस्सों में मजदूर सड़कों पर निकल आए थे, पर उन्हें हालात की गंभीरता के बारे में समझाया। वो समझ रहे हैं। जो घर जाना चाहते हैं, उन्हें भी हम ट्रेनों से भेज रहे हैं।
गुजराती दुनियाभर में हैं? क्या सरकार उनकी खोज खबर ले रही है?
बिल्कुल, हम हर नागरिक से संपर्क की कोशिश कर रहे हैं। मेरी भी बात हुई है, बाकी से प्रशासन संपर्क कर रहा है। 29,540 गुजराती देश के अलग-अलग हिस्सों से वापस आ चुके हैं। गुजरात के विद्यार्थी व पर्यटक जो दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में फंसे हुए हैं उन्हें भी वापस लाया जा रहा है। पहले राउंड में फिलीपींस, अमेरिका, सिंगापुर, ब्रिटेन व कुवैत से लाया जाएगा। विदेशों से आने वाले छात्रों व व्यापारियों के लिए क्वारन्टीन की भी व्यवस्था कर ली है।
संकटकाल की सबसे बड़ी सीख...
हमारा ट्रैक रिकॉर्ड रहा है कि हर चुनौती के बाद गुजरात और निखर कर दुनिया का सामने उभरा है। यह सदी की सबसे बड़ी महामारी है। विश्व के लिए एक बड़ी चुनौती है। चुनौतियों का सामना करना गुजरात की परंपरा बन गई है। इसीलिए आज हम देश के सबसे विकासशील राज्यों में से एक हैं। कोरोना अग्निपरीक्षा की तरह है। मुझे विश्वास है कि गुजरात इसे जरूर पार करेगा।