मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को जयपुर में कहा कि राज्य में अभी कम्युनिटी संक्रमण नहीं हुआ है। वहीं दूसरी ओर भरतपुर में एक ही मोहल्ले के 10 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। राजधानी जयपुर में संक्रमितों की संख्या 343 पर पहुंच गई। प्रदेश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 815 हो गयी।
गुजरात: दो पुलिसकर्मी संक्रमित, 26 नए मरीज
गुजरात में आज कोरोना पॉजिटिव के 26 नए मामले सामने आए हैं। जबकि दो कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो चुकी है। गुजरात में ही ड्यूटी कर रहे दो पुलिसकर्मियों में भी कोरोना की पुष्टि हुई है।
नगालैंड के एक व्यक्ति को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। राज्य में पहला मामला मिलने के बाद सरकार ने एहतियातन दीमापुर में मारवाड़ी पट्टी, घोड़ा पट्टी समेत कई इलाकों को सील कर दिया गया है। इस बीच, असम में एक और व्यक्ति के पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है, जिसके बाद राज्य में कुल मरीज 30 हो गए हैं।
बीएसएफ के अधिकारी व उनके परिवार के सदस्यों को लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर गिरफ्तार किया गया। बीएसएफ में सब इंस्पेक्टर राजकिशोर चौधरी पर अपने परिवार के साथ बिना अनुमति के इंदौर से अहमदाबाद तक की यात्रा करने का आरोप है। एसपी विनीत जैन ने बताया, जब चौधरी की कार को मच्छिला चेक पोस्ट पर रोका गया तो उन्होंने वाहन नहीं रोका। बीएसएफ सब इंस्पेक्टर अहमदाबाद के रहने वाले हैं और कार में उनके साथ पांच लोग सवार थे।
ठीक हुआ, पर पड़ोसियों ने किया घर बेचने को मजबूर
शिवपुरी में दुबई से लौटे एक पेट्रोलियम इंजीनियर कोरोना से ठीक हो गए हैं लेकिन पड़ोसी उनके साथ-साथ पूरे परिवार से अछूतों जैसा व्यवहार कर रहे हैं। आलम ये है कि उनके घर सब्जी और दूध वालों को भी जाने से मना किया जा रहा है। यही नहीं रात को पड़ोसी घर का दरवाजा पीटकर परेशान करने लगे हैं। इससे तंग आकर दीपक ने घर के आगे बैनर टांग दिया है कि ये घर बिकाऊ है।