तमिलनाडु पुलिस ने अपने गृह प्रदेश राजस्थान जा रहे 26 प्रवासी मजदूरों को रोक दिया। ये लोग 13 मोटरसाइकलों पर सवार थे और कन्याकुमारी से राजस्थान के लिए निकले थे। पुलिस ने तूतुकुड़ी जिले में रोक लिया और उन्हें वापस कन्याकुमारी भेज दिया।
मध्य प्रदेश में 4 आईएएस समेत 89 स्वास्थ्य कर्मी पॉजिटिव
मध्य प्रदेश में अब तक 89 स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें चार आईएएस अधिकारी और कुछ डॉक्टर भी शामिल हैं। ज्यादातर लोग भोपाल में तैनात हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि 40 पुलिसकर्मी और उनके परिवार के सदस्य भी संक्रमित हैं।
बृहस्पतिवार को प्रदेश में 110 नए मामले सामने आए। मरीजों की संख्या 1090 हो गई। बुधवार रात कोरोना के हॉट स्पॉट इंदौर में दो और लोगों की मौत के साथ मृतकों की संख्या 53 से बढ़कर 55 हो गई। मध्य प्रदेश के 52 में से 26 जिले कोरोना प्रभावित हैं।
राजस्थान के भरतपुर जिले में पुलिस ने दो लोगों को सार्वजनिक स्थान पर थूकने के आरोप में गिरफ्तार किया है। सार्वजनिक स्थान पर थूकना कोरोना वायरस से बचाव के लिए देश में लागू लॉकडाउन नियमों का उल्लंघन है। आरोपियों की पहचान राजू और दिनेश के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों मंगलवार को गुटका खाकर सार्वजनिक स्थान पर थूकते हुए पकड़े गए। दोनों बिना मास्क बाहर घूम रहे थे। उचैन पुलिस स्टेशन के एसएचओ रामचंद्र ने बताया कि दोनों से इनके बाहर घूमने की वजह पूछी गई तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
इसके बाद इन्हें आईपीसी की धारा 188 के तहत गिरफ्तार किया गया। राजस्थान में बृहस्पतिवार को कोरोना के 28 नए मामले रिपोर्ट हुए। प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 1104 हो गई। जबकि 11 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 19 अप्रैल तक संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की गई है। जिलाधिकारी एस भारती दसान ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम 5 बजे संपूर्ण लॉकडाउन प्रभावी हो गया और 19 अप्रैल शाम 5 बजे तक चलेगा। इस दौरान सिर्फ दवा की दुकानें, दुग्ध बूथ, पेट्रोल पंप, एलपीजी गैस आउटलेट और ऑनलाइन होम डिलिवरी सर्विस चालू रहेगी। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने बताया कि प्रदेश में कोरोना के 16 एक्टिव मामले हैं।
भारत-म्यांमार सीमा पर फेंसिंग
कोरोना के मामले बढ़ने से रोकने के लिए सरकार ने पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में भारत और म्यांमार सीमा पर बाड़ लगाने का काम शुरू कर दिया है। तेग्नोपल के अपर पुलिस अधीक्षक कृष्णातोंबी सिंह ने बताया कि म्यांमार से कोरोना संक्रमित भारत न पहुंचे इसके लिए यह कवायद की जा रही है।