कोरोना वायरस के कारण देश में मरीजों की संख्या बढ़कर 114 हो गई है। वहीं दूसरी ओर सोमवार को इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई है। इसके अलावा देश के मंदिरों में भी श्रद्धालुओं के आने पर रोक लगाई गई है। इस खतरनाक वायरस को लेकर 16 मार्च को दिन भर क्या-क्या हुआ, यहां एक क्लिक पर जानिए पूरी अपडेट...
- भारत में कोरोना वायरस के अब तक 114 मामले सामने आ चुके हैं।
- कोरोना वायरस का मामला सोमवा को सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया। इस वायरस पर काबू पाने की दिशा में कदम उठाने की मांग लोकर एक जनहित याचिका दायर की गई है।
- कोरोना से लड़ने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से सुझाव मांगे हैं। पीएम ने सोमवार को इस संबंध में ट्वीट किया।
- केंद्र सरकार ने कोरोना को बढ़ने से रोकने के लिए यात्रा पाबंदियां बढ़ा दी गईं। यूरोपीय संघर, तुर्की और ब्रिटेन से 18 मार्च तक उड़ानों के आने पर प्रतिबंध। साथ ही यूएई, कतर, ओमान से आने वाले यात्रियों को अनिवार्य रूप से 14 दिन अलग रहने के लिए कहा गया है।
- दिल्ली की निचली अदालतों में 31 मार्च तक सिर्फ जमानत के मामलों की सुनवाई होगी।
- महाराष्ट्र के सिद्धि विनायक मंदिर श्रद्धालुओं के लिए बंद, उज्जैन में भस्मआरती में श्रद्धालुओं के शामिल होने पर रोक लगाई गई। इसके अलावा देश के कई प्रमुख मंदिरों ने भक्तों के आने पर रोक लगाई। साथ ही पूजा आदि से जुड़े नियम जैसे मास्क पहनना और हाथ धोना आदि तय किए।
- संसदीय कार्य मंत्री ने ट्वीट कर जानकारी दी कि बजट सत्र कोरोना वायरस के प्रभाव के कारण छोटा नहीं होगा। यह अपने तय कार्यक्रम के अनुसार चलेगा।
Coronavirus Bulletin 15 March 2020: 15 मार्च अपडेट
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। पीएम मोदी ने राज्य में कोरोनोवायरस की स्थिति और इसके संबंध में उपायों पर चर्चा की। वहीं, बीएमसी ने वायरस के प्रसार को रोकने के लिए मुंबई चिड़ियाघर को अगले आदेश तक बंद करने का फैसला किया है।
- ईरान में फंसे 234 भारतीय स्वदेश पहुंच गए हैं। इन भारतीयों में 131 छात्र और 103 श्रद्धालु शामिल हैं। बता दें कि ईरान से 58 भारतीय श्रद्धालुओं का पहला जत्था मंगलवार को लौटा था।
- कोरोना वायरस से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर सार्क देशों के प्रतिनिधियों ने रविवार को इस मुद्दे पर वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए चर्चा की। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने संयुक्त रणनीति बनाने पर जोर दिया।
- कोरोनावायरस की वजह से गृह मंत्रालय ने एहतियातन कदम उठाते हुए करतारपुर साहिब की यात्रा अस्थाई तौर पर निलंबित कर दी है। यात्रा 16 मार्च सुबह 12 बजे से अगले आदेश आने तक निलंबित रहेगी।
- सफदरजंग अस्पताल से शनिवार को एक साथ छह कोरोना ग्रस्त मरीजों को छुट्टी दे दी गई। इनमें कोरोना का पहला मरीज मयूर विहार निवासी, एक नोएडा निवासी और आगरा के चार मरीज शामिल हैं।
- कोरोना वायरस से प्रभावित इटली में फंसे 211 छात्रों समेत कुल 218 भारतीय स्वदेश पहुंच गए हैं। विदेश राज्यमंत्री वी मुरलीधरन ने बताया कि उनमें से सभी को 14 दिनों के लिए अलग रखा जाएगा।
- कोरोना वायरस की मार से देश का कोयले का आयात भी प्रभावित हुआ है। उद्योग के आंकड़ों के अनुसार फरवरी में कोयले का आयात 14.1 प्रतिशत घटकर 1.70 करोड़ टन पर आ गया।
- असम के मुख्य सचिव संजय कृष्ण ने कहा कि 29 मार्च तक राज्य में सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, जिम, स्विमिंग पूल और सिनेमा हॉल बंद रहेंगे। राज्य और सीबीएसई बोर्डों को छोड़कर सभी परीक्षाएं, कोरोना वायरस को देखते हुए स्थगित कर दी गई हैं।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में विशेष सचिव, संजीव कुमार ने जानकारी दी है कि ईरान से 236 निकासियों का तीसरा जत्था आज आ चुका है। सभी को जैसलमेर में सेना की निगरानी में अलग रखा जाएगा।
- उत्तराखंड के अतिरिक्त स्वास्थ्य सचिव युगल किशोर पंत ने बताया है कि भारतीय वन सेवा के एक ट्रेनी अधिकारी को भी कोरोना वायरस हो गया है। वह स्पेन से लौटा था।
Coronavirus Bulletin 14 March 2020: 14 मार्च अपडेट
- केंद्र सरकार ने एलान किया है कि कोरोना वायरस से मरने वाले मरीजों के परिजनों को चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। गृह मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
- केंद्र सरकार ने कोरोना वायरस के कारण राष्ट्रपति भवन में 3 अप्रैल को होने वाले पद्म पुरस्कार समारोह को अगली तारीख घोषित किए जाने तक टाल दिया है।
- विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 15 मार्च को सार्क देशों के साथ कोरोना वायरस से निपटने को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रणनीति बनाने को लेकर चर्चा की जाएगी।
- आईआईटी बॉम्बे ने संस्थान में 29 मार्च तक सभी कक्षाएं और प्रयोगशालाएं बंद कर दी हैं। इनकी बहाली के निर्णय के बारे में ईमेल के माध्यम से सूचित किया जाएगा।
- बिहार में सीआरपीसी की धारा 144 की शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए मुजफ्फरपुर जिला मजिस्ट्रेट ने सभी सरकारी और निजी संस्थान, कोचिंग संस्थान, आंगनवाड़ी 31 मार्च तक बंद रखने के आदेश दिए हैं। सभी सरकारी और प्राइवेट पार्क और सिनेमा हॉल भी 31 मार्च तक बंद रहेंगे।
- कश्मीर विश्वविद्यालय के डिप्टी रजिस्ट्रार ने बताया कि पोस्ट ग्रेजुएशन की सभी परीक्षाएं 31 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गई हैं।
- उत्तराखंड सरकार ने राज्य में कोरोना वायरस को महामारी घोषित कर दिया। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने बताया कि सभी सिनेमाघर और कॉलेज31 मार्च तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। हालांकि मेडिकल कॉलेज खुले रहेंगे।
- जम्मू और कश्मीर के स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जम्मू नगर निगम ने कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए शहर के विभिन्न इलाकों में कीटाणुनाशक दवा का छिड़काव किया है।
- महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना यानी मनसे ने कोरोना वायरस की वजह से इस वर्ष के लिए गुड़ी पड़वा उत्सव पर रैली नहीं निकालने का निर्णय लिया है।
- बीसीसीआई ने कोरोना के कारण ईरानी कप समेत सभी घरेलू मुकाबले निलंबित करने का फैसला लिया है।
Coronavirus Bulletin 13 March 2020: 13 मार्च अपडेट
- इंदौर में सरकारी अस्पताल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण जड़िया ने बताया कि 43 वर्षीय एक पुरुष को कोरोना वायरस संक्रमण के संदेह में अस्पताल में भर्ती किया गया है। यह शख्स शुक्रवार को ही मलयेशिया से स्वदेश लौटा था। उसे पृथक वॉर्ड में रखा गया है। उसके रक्त और अन्य नमूने इस बीमारी की जांच के लिए भोपाल के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भेजे गए हैं।
- मध्यप्रदेश के इंदौर में रंग पंचमी पर होने वाले सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है। प्रदेश में सिनेमाघर भी 31 मार्च तक बंद कर दिए गए हैं।
- केंद्र सरकार ने मास्क और सेनिटाइजर को जरूरी वस्तु घोषित किया। उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के मुताबिक 2 व 3 प्लाई के सर्जिकल मास्क, एन95 मास्क और सेनिटाइजर को जरूरी वस्तु घोषित कर दिया गया है।
- विदेश मंत्रालय के दम्मू रवि ने बताया कि इटली के मिलान शहर में जो भारतीय फंसे हैं। उन्हें वापस लाना हमारी प्राथमिकता है। अगर कोई अन्य छात्र कहीं फंसा है, तो वह उस देश के दूतावास से संपर्क करे।
- नागरिक उड्डयन मंत्रालय की संयुक्त सचिव रूबीना अली ने बताया कि एयर इंडिया का विशेष विमान भारतीयों को वापस लाने के लिए इटली जाएगा। यह विमान शनिवार दोपहर को उड़ान भरेगा और रविवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट लौटेगा।
- जम्मू व कश्मीर में दो और मामले सामने आए हैं। अभी छह मामलों में जांच रिपोर्ट आना बाकी है।
- भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले अगले दोनों वनडे मैच रद्द हो गए। पहला मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था।
- सुप्रीम कोर्ट ने कोरोना वायरस के खतरे के चलते सिर्फ आपात मामलों की सुनवाई करने का फैसला लिया है। वकीलों के अलावा कोर्ट परिसर में किसी अन्य को आने की अनुमति नहीं होगी।
- दिल्ली हाईकोर्ट में भी शुक्रवार को आपातकालीन बैठक हुई। 16 मार्च से सिर्फ आपात मामलों की ही सुनवाई होगी।
- स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि जापान से 124 और चीन 112 भारतीयों को लाया गया था। इन सभी को शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। सभी रिपोर्ट दूसरे राउंड में भी नेगेटिव आई थी।
- सरकार ने 42,296 लोगों पर निगरानी रखी है, जिनमें से 2559 में संदिग्ध पाए गए। इनमें 522 को अस्पताल में रखा गया, जिनमें 17 विदेशी नागरिक थे।
- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, नागपुर और पिंपरी चिंचवाड में सभी मॉल्स, थिएटर, जिम, स्वीमिंग पूल बंद करने की घोषणा की थी। मगर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने दावा किया है कि मॉल्स और सिनेमाघर खुले रहेंगे।
- देश में शुक्रवार को कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़कर 81 पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने यह जानकारी दी। कुल संक्रमित मामलों में 64 भारतीय, 16 इटली और एक कनाडा का नागरिक हैं।
- देश में मिले कुल 81 मामलों में से केरल के तीन मरीज ठीक होकर लौट चुके हैं। इसके अलावा सफदरजंग में भी सात लोगों की सेहत में सुधार हो रहा है।
- विदेश मंत्रालय के अनिल मलिक ने जानकारी दी कि भारत-बांग्लादेश के बीच चलने वाली बस और ट्रेन सेवा को 15 अप्रैल तक स्थगित कर दिया गया है।
- भारत-नेपाल सीमा के चार चेक पोस्ट काम करते रहेंगे। इसके अलावा भूटान और नेपाल के नागरिकों को वीजा फ्री प्रवेश मिलता रहेगा।
- महाराष्ट्र के पुणे में एक और व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित हुआ है। यह व्यक्ति हाल ही में अमेरिका से लौटा था। इसके साथ ही महाराष्ट्र में कुल मरीजों की संख्या 17 हो गई। इससे पहले नागपुर में दो मरीज मिल चुके हैं।
- भारतीय सेना ने जानकारी दी कि सेना के मानेसर स्थित विशेष वार्ड में 11 मार्च को इटली से लौटे एक व्यक्ति जांच रिपोर्ट में पॉजिटिव पाया गया। वह पिछले 14 वर्षों से इटली के एक रेस्तरां में कार्यरत था।
- सेना की सभी भर्ती रैलियों को एक महीने के लिए टाल दिया गया है। सेना के कर्मियों के लिए यात्रा केवल आवश्यक कार्यों तक ही सीमित है और उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंस सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करने के लिए कहा गया है।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 21 मार्च से शुरू होने वाला गुजरात का दो दिवसीय दौरा स्थगित कर दिया गया।
- राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही भी 26 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गई।
- मध्य प्रदेश में सभी स्कूल बंद करने का फैसला लिया गया। हालांकि 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं पूर्व कार्यक्रम के तहत होंगी। इसके अलावा शिक्षकों व गैर शिक्षिक स्टाफ की उपस्थिति का फैसला स्कूल खुद कर सकेंगे।
- कर्नाटक में सभी मॉल्स, सिनेमाघर, पब और नाइट क्लब बंद कर दिए गए हैं।
- बिहार में सभी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों को 31 मार्च तक बंद कर दिया गया। सरकारी स्कूलों के छात्रों को मिड डे मील का पैसा उनके खातों में दिया जाएगा।
- बिहार राज्य सरकार ने बिहार दिवस के मौके पर 22 मार्च को होने वाले सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है।
- महाराष्ट्र के नागपुर में दो और लोगों में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। शहर में अब कुल तीन मामले हो गए हैं।
- जम्मू कश्मीर के शेर ए कश्मीर इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस ने अपने सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं।
- छत्तीसगढ़ सरकार ने शहरी इलाकों के सभी सार्वजनिक पुस्तकालयों, स्विमिंग पूल, वॉटर पार्कों और राज्यभर के आंगनवाड़ियों को 31 मार्च तक बंद रखने का आदेश दिया।
- कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने राज्य में एक हफ्ते के लिए सभी मॉल्स, सिनेमा हॉल्स, पब्स, शादी समारोह और ऐसे सभी कार्यक्रम जिसमें भारी भीड़ जुटती हो, उसे प्रतिबंधित कर दिया है।
- शेयर बाजार की स्थिति पर बोलते हुए प्रधान आर्थिक सलाहकार संजीव सान्याल ने कहा कि शेयर बाजार में हलचल कोरोनो वायरस महामारी के कारण भय के प्रचलित वातावरण के कारण है। अर्थव्यवस्था पर कुछ प्रभाव हैं लेकिन हम शुरूआत से ही इसके प्रसार और प्रभाव को कम करने के लिए उपाय कर रहे हैं।
- ईरान से भारतीयों को लेकर एक विमान शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजकर 08 मिनट पर मुंबई हवाई अड्डे पर उतरा। ईरान कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित देशों में से एक है। ईरान एयर के विमान में कितने लोग सवार हैं इसकी तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल पाई। एक अधिकारी ने कहा इन यात्रियों को एअर इंडिया के विमान से जैसलमेर ले जाया जाएगा।
- हरियाणा सरकार ने 31 मार्च तक सभी कॉलेज और विश्वविद्यालयों को बंद करने का निर्णय लिया। इस दौरान किसी भी कॉलेज या विश्वविद्यालय में कक्षाएं या परीक्षाएं नहीं होंगी। पांच जिलों के स्कूलों को भी बंद करने का एलान किया।
- उत्तर प्रदेश सरकार ने भी कोरोनावायरस को महामारी घोषित कर दिया। प्रदेश के सभी स्कूल कॉलेजों को 22 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया। लेकिन जिन स्कूलों में परीक्षा चल रही हैं वहां परीक्षा खत्म होने के बाद उन्हें बंद किया जाएगा।
- मध्य रेलवे के अनुसार कोरोनावायरस से पैदा हुई स्थिति के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के हेरिटेज संग्रहालय को 31 मार्च 2020 तक के लिए बंद कर दिया है।
- अखिल भारतीय शतरंज महासंघ (एआईसीएफ) ने शुक्रवार को 31 मई तक सभी राष्ट्रीय चैंपियनशिप स्थगित कर दीं। एआईसीएफ ने राज्य संघों को भी 15 अप्रैल तक राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं से बचने के लिए कहा है।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्क देशों को कोरोनावायरस से लड़ने के लिए एक मजबूत रणनीति बनाने के लिए प्रस्ताव दिया।
- ओडिशा सरकार ने कोरोनावायरस को राज्य आपदा घोषित कर दिया। साथ ही ओडिशा विधानसभा को 29 मार्च तक के लिए निलंबित कर दिया गया।
- दिल्ली के मुख्य चिकित्सा अधिकारी अनुराग भार्गव ने बताया कि नोएडा में एक निजी फर्म के एक कर्मचारी में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। संक्रमित व्यक्ति ने फ्रांस और चीन की यात्रा की थी। मरीज दिल्ली का रहने वाला है।
- कोरोनावायरस को लेकर शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में निर्णय लिया गया कि विदेश मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय, नागरिक उड्डयन मंत्रालय, वित्त मंत्रालय और वाणिज्य मंत्रालय रोजाना प्रेस कांफ्रेंस करेंगे।
- अमरोहा में सऊदी से लौटे दो लोगों में लक्षण मिले। जिला अस्पताल के संचारी रोग वार्ड में उन्हें भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों ने उन्हें परीक्षण में रखा है।
- दिल्ली सरकार ने घोषणा की कि आईपीएल का एक भी मैच प्रदेश में नहीं होगा। साथ ही सभी सार्वजनिक स्विमिंग पूल 31 मार्च तक बंद करने का आदेश दिया। इसकी घोषणा खुद उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने की जिनके साथ प्रेस कांफ्रेंस में स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन भी मौजूद थे।
- झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में कोरोना वायरस संभावित जिले का पहला मरीज भर्ती हुआ। बड़ागांव के बचवली गांव निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति को निमोनिया होने के साथ सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है।
- गूगल ने बंगलूरू के अपने कार्यालय में एक कर्मचारी के कोविड-19 से संक्रमित पाए जाने की शुक्रवार को पुष्टि की। कंपनी ने बयान में कहा कि कर्मचारी तब से ही अलग रह रहा है। उसके संपर्क में रहने वालों को भी सतर्कता बरतने के लिए कहा है।
- केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने अगले सप्ताह होने वाले अपने स्थापना दिवस कार्यक्रम को रद्द करने का शुक्रवार को फैसला किया।
- दुबई से आने वाले विमान से शुक्रवार को पुणे पहुंचे यात्रियों में से किसी ने भी बीते कुछ हफ्तों के दौरान कोरोनावायरस से सबसे अधिक प्रभावित सात देशों में से एक भी देश की यात्रा नहीं की।
- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि कोरोनावायरस एक बहुत बड़ी समस्या है और इस पर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो देश की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो जाएगी। उन्होंने यह दावा किया कि समस्या के समाधान की बजाय सरकार बेखबर पड़ी है।
- दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डीएन पटेल और न्यायमूर्ति सी. हरि शंकर की पीठ के समक्ष कोरोना वायरस से निपटने के सरकारी प्रयासों में दखल देने को लेकर याचिका पेश की गई। इस पर 16 मार्च को सुनवाई होगी।
- भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक प्रवक्ता ने बताया, आईटीबीपी के केंद्र में अलग रखे गए सभी 112 लोगों में से कोई भी संक्रमित नहीं पाया गया। इन सभी को पिछले महीने चीन के वुहान से लाया गया था।
- उत्तर प्रदेश में कोरोनावायरस के बढ़ते हुए प्रकोप को देखते हुए आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उच्चस्तरीय बैठक की।
- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में 17 मार्च को होने वाली आगरा और अलीगढ़ मंडल के छह जिलों की संयुक्त सेना भर्ती की प्रक्रिया को एक बार फिर टाल दिया गया। जिला प्रशासन ने इसका अनुरोध किया था।
- बिहार में पीएमसीएच के सभी डॉक्टर की छुट्टियां रद्द कर दी गईं। सरकार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं इस मामले को लेकर सक्रिय हैं।
Coronavirus Bulletin 12 March 2020: 12 मार्च अपडेट
- कर्नाटक के स्वास्थ्य विभाग के आयुक्त ने गुरुवार को बताया कि कलबुर्गी में 76 वर्षीय व्यक्ति की मौत कोरोनावायरस से संक्रमित होने के कारण ही हुई थी। उनकी रिपोर्ट पॉजीटिव आई थी। उसके संपर्क में आने वाले लोगों की जानकारी जुटाने के साथ सभी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। तेलंगाना सरकार ने भी उक्त मरीज के अस्पताल जाने की सूचना दी थी।
- केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार 12 मार्च को आकंड़े जारी कर बताया कि भारत में कोरोनावायरस के 14 नए मामले सामने आने के बाद इससे संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 74 हो गई है। इन 14 नए मामलों में से नौ मामले महाराष्ट्र से जबकि एक-एक मामला दिल्ली, लद्दाख, उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश में सामने आया है। वहीं एक विदेशी नागरिक भी इससे संक्रमित पाया गया है।
- मंत्रालय ने राज्यवार आंकड़े बताते हुए कहा कि दिल्ली में गुरुवार तक छह मामले सामने आ चुके हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में 10 लोग इससे संक्रमित पाए गए। कर्नाटक में चार, महाराष्ट्र में 11 और लद्दाख में तीन मामले सामने आए हैं। मंत्रालय ने कहा कि राजस्थान, तेलंगाना, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, पंजाब और आंध्र प्रदेश में एक-एक मामला सामने आया है।
- जबकि महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि राज्य में कोरोनावायरस के दो नए मामले सामने आए हैं। इनमें से एक मुंबई और एक ठाणे का है। राज्य में कुल सकारात्मक मामलों की संख्या 14 हो गई है।
- पुणे के कलेक्टर नवल किशोर राम ने गुरुवार को बताया कि जिले में आज एक और संक्रमित मरीज की पुष्टि हुई है, जो हाल ही में यूनाइटेड स्टेट्स की यात्रा से लौटा है। इसे मिलाकर जिले में अब कोरोनावायरस के कुल नौ मरीज हो गए हैं।
- महाराष्ट्र विधानसभा का बजट सत्र की कालअवधि 20 मार्च से घटाकर शनिवार 14 मार्च कर दी है। राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की उपस्थिति में विधानपरिषद सभापति, विधानपरिषद उपसभापति, विधानसभा अध्यक्ष, दोनों सदन के नेता प्रतिपक्ष, दल के नेताओं की बैठक में यह निर्णय लिया गया। वहीं नागपुर के कलेक्टर रविंद्र ठाकरे ने बताया कि 7 संदेहास्पद मरीजों में से एक 45 वर्षीय व्यक्ति में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। वह 6 मार्च को अमेरिका से लौटा है।
- केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा कि कोरोनावायरस से संक्रमण के दो और पॉजीटिव मामले त्रिशूर और कन्नूर जिले में सामने आए हैं। राज्य में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है।
- कर्नाटक में स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को जानकारी दी कि राज्य में कोरोनावायरस से संक्रमण का पांचवां मामला सामने आया है। 26 वर्षीय एक व्यक्ति कोरोना से संक्रमित पाया गया।यह मरीज वह छह मार्च को यूनान से मुंबई आया और आठ मार्च को उड़ान से बंगलूरू आया। वह नौ मार्च को कार्यालय गया था, उस दौरान उसने अपने चार करीबी दोस्तों से बात की थी और फिर कुछ घंटे बाद घर वापस चला गया था। उसे उसी दिन अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका एक भाई उसके साथ बंगलूरू में रहता है। माता-पिता और पत्नी मुंबई में हैं। उसने बंगलूरू में यात्रा करने के लिए एक ऑटोरिक्शा का इस्तेमाल किया था, इसलिए ऑटोरिक्शा चालक और उसके परिवार के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
- आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य, चिकित्सा और परिवार कल्याण विभाग ने बताया कि 6 मार्च 2020 को इटली से नेल्लोर लौटे एक व्यक्ति जांच में कोरोनावायरस से संक्रमित पाया गया है। उसके संपर्क में आने वाले पांच लोगों की भी जांच की जा रही है।
- राष्ट्रपति भवन संग्रहालय परिसर (आरबीएमसी) और चेंज ऑफ गार्ड समारोह अगले नोटिस तक आम जनता के लिए बंद रहेगा। इसके साथ ही राष्ट्रपति भवन भी 13 मार्च से अगले नोटिस तक बंद किया गया।
- सेना के प्रवक्ता कर्नल अमन आनंद ने गुरुवार को कहा कि अगले 2-3 दिनों में हम और ज्यादा भारतीय नागरिकों को वापस आने की उम्मीद कर रहे हैं। हमने जोधपुर, झांसी, गोरखपुर, कोलकाता, जैसलमेर, चेन्नई और देओलाली सहित कई स्थानों पर नई सुविधाएं तैयार की हैं जहां हम इन लोगों को रखकर कोरोनावायरस से संक्रमित होने या नहीं होने की जांच कर सकते हैं।
- विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि कोरोनावायरस से निपटने के लिए कुछ पड़ोसी देशों भूटान, मालदीव, ईरान और इटली से सुरक्षात्मक सहायता करने के अनुरोध प्राप्त हुए हैं।
- विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कोरोनावायरस के कारण आईपीएल मैचों के रद्द होने की खबरों को लेकर मीडिया से कहा कि यह आयोजकों को तय करना है कि वह टूर्नामेंट कराने को लेकर आगे बढ़ना चाहते हैं या नहीं। हमारी सलाह है कि ताजा हालात को देखते हुए इस समय ऐसा ना करें। हालांकि वह आगे बढ़ना चाहते हैं तो यह उनका निर्णय है। विदेश मंत्रालय की ओर से कोई विशेष सिफारिश नहीं की गई है।
- दिल्ली सरकार ने गुरुवार को कोरोनावायरस को महामारी घोषित किया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में 31 मार्च तक सभी सिनेमाघर, मल्टीप्लेक्स बंद करने का फैसला किया है। जिन स्कूल और कॉलेजों में परीक्षाएं नहीं हैं, उन्हें भी बंद रखने का फैसला लिया गया है।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि कोरोनावायरस को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'घबराहट को कहें ना, सावधानी को कहें हां। केंद्र सरकार का कोई मंत्री आने वाले दिनों में विदेश की यात्रा नहीं करेगा। मैं अपने देशवासियों से भी आग्रह करता हूं कि आप भी गैर जरूरी यात्रा न करें।
- कोरोनवायरस से निपटने को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर देश में मौजूदा स्थिति की जानकारी दी। मंत्रालय की ओर से संयुक्त सचिव लव गुप्ता ने कहा कि भारत के प्रवासी नागरिकों (ओसीआई) कार्डधारकों को दी जाने वाली वीजा-मुक्त यात्रा की सुविधा 15 अप्रैल 2020 तक के लिए दी गई है। यह 13 मार्च 2020 को 12 बजे से लागू होगी।
- इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ने गुरुवार को दावा किया कि हमने कोरोनावायरस को अलग करने में कामयाबी हासिल की है, हमारे पास ऐसे 11 आइसोलेट्स हैं। परंतु इसका टीका बनाने में न्यूनतम 1.5 से 2 वर्ष लगेंगे।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को जानकारी दी कि ईरान में फंसे भारतीयों को वापस स्वदेश लाने के लिए अगले तीन दिनों के भीतर तीन विमान वहां भेजे जाएंगे। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकारी ने जानकारी दी कि इन विशेष उड़ानों में पहली उड़ान 13 मार्च को मुंबई से, दोपहर 12:30 बजे और दूसरी उड़ान 15 मार्च को दिल्ली से, 1:40 बजे रवाना होगी।
- गुरुवार सुबह तक भारत में कोरोनावायरस संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 73 हो गई थी। इसमें 17 विदेशी शामिल हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार केरल 17, हरियाणा 14, महाराष्ट्र 11, दिल्ली छह, यूपी 11, राजस्थान तीन, तेलंगाना एक, लद्दाख तीन, तमिलनाडु एक, जम्मू-कश्मीर एक, पंजाब एक और कर्नाटक में चार कोरोनावायरस संक्रमित मरीज पाए गए।
- लोकसभा में कोरोनावायरस पर डॉक्टर हर्षवर्धन ने बताया कि संदिग्ध मरीजों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। 30 एयरपोर्ट पर स्क्रिनिंग की जा रही है। हर राज्य से रिपोर्ट ली जा रही है। हमारी हेल्पलाइन पर विदेशों से भी कॉल आ रही हैं।
- पुणे में कोरोनावायरस से संक्रमित एक मरीज के रिश्तेदार द्वारा दी गई शिकायत पर संज्ञान लेते हुए संभागीय आयुक्त दीपक महिसेकर ने कहा कि पुलिस को ऐसे सोशल मीडिया पोस्ट पर नजर रखने के साथ ही उचित कार्रवाई करने को कहा गया है।
- विदेश मंत्री एस जयशंकर ने गुरुवार को लोकसभा में कहा कि कोरोनावायरस का फैलना चिंता का विषय है, हमें जिम्मेदारी के साथ प्रतिक्रिया करने की जरूरत है।
- नागर विमानन मंत्री हरदीप पुरी ने गुरुवार को लोकसभा में कहा कि कारोनावायरस के चलते देश के प्रमुख हवाई अड्डों पर आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या में कमी आई है। प्रश्नकाल के दौरान मनीष तिवारी, दयानिधि मारन और कुछ अन्य सदस्यों ने इस संबंध में प्रश्न किया था। पुरी ने बताया कि देश में 30 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं। इनमें यात्रियों की संख्या औसतन 70 हजार थी जो घटकर 62 हजार रह गई है।
- दिल्ली उच्च न्यायालय ने कोरोनावायरस के खतरे के मद्देनजर केंद्र को ईरान में फंसे भारतीय छात्रों से संपर्क करने का निर्देश दिया। दिल्ली उच्च न्यायालय ने केंद्र से कहा कि ईरान में फंसे भारतीय छात्रों को वहां से निकालने के लिए कोई उचित योजना बताएं।
- उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में कोरोना के एक और मामले की पुष्टि हुई। मरीज को दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है। एक सप्ताह पहले पिता में पुष्टि हुई थी, देर रात आई रिपोर्ट में पता चला कि बेटे में भी कोरोना का वायरस मिला है। हालांकि पत्नी की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। अब तक जिले से 32 संदिग्धों के सैंपल भेजे गए हैं। इनमें से दो मामलों में पॉजिटिव रिपोर्ट आई है।
- हरियाणा सरकार ने गुरुवार को कोरोनावायरस को महामारी घोषित कर दिया। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने एक ट्वीट में कहा कि कोविड-19 हरियाणा में महामारी घोषित किया गया है।
- बिहार के पटना में कोरोनावायरस के चार संदिग्ध सामने आए हैं। चारों संदिग्धों को पटना के पीएमसीएच और एनएमसीएच में भर्ती कराया गया है। सभी की जांच के नमूने आरएमआरआई भेजे गए हैं।
- सुप्रीम कोर्ट में आईपीएल पर रोक लगाने के लिए याचिका दायर की गई है। सुप्रीम कोर्ट ने वकील और याचिकाकर्ता मोहन बाबू अग्रवाल को मामले का उल्लेख करने के लिए अदालत की नियमित पीठ से संपर्क करने के लिए कहा।
- बीसीसीआई सूत्र ने कहा कि कोविड-19 संक्रमण के खतरे के कारण सरकार द्वारा लगाई वीजा पाबंदियों के चलते 15 अप्रैल तक कोई भी विदेशी खिलाड़ी आईपीएल के लिए उपलब्ध नहीं रहेगा।
- कनाडा के टोरंटो शहर में रहने वाली और रविवार को लखनऊ आई महिला डॉक्टर में कोरोनावायरस के संक्रमण के लक्षण मिले हैं। बुधवार को वह केजीएमयू पहुंची थीं। उन्हें केजीएमयू में गहन चिकित्सा कक्ष में रखा है। वहीं डॉक्टर के नौ रिश्तेदारों को भी निगरानी में ले लिया गया है।
- आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण निदेशक ने गुरुवार को कहा कि आज कुल 300 रोगी निगरानी में हैं, किसी भी व्यक्ति की कोरोनावायरस की पॉजिटिव रिपोर्ट नहीं आई है।
- कोरोनावायरस के कहर से बाजार में कोहराम मचा है। गुरुवार को ना सिर्फ भारत, बल्कि दुनियाभर के बाजारों में फिर से जबरदस्त गिरावट देखने को मिली। सुबह 10:06 बजे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1,883.19 अंक यानी 5.28 फीसदी की गिरावट के बाद 33,814.21 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 576.25 अंक यानी 5.51 फीसदी की गिरावट के बाद 9,882.15 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
- एनसीपी नेता नवाब मलिक ने कहा कि हमने तय किया है कि कोई भी सार्वजनिक रैली और बैठक नहीं करेंगे।
- केरल उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार ने सभी जिला न्यायाधीशों को नोटिस भेजकर कहा कि केवल अत्यावश्यक महत्व के मामलों पर विचार करें। गैर-जरूरी मामलों पर विचार स्थगित कर दिया जाना चाहिए।
- ठाणे जिला प्रशासन ने कोरोनावायरस के खतरे को देखते हुए किसी भी हालात से निपटने के लिए ‘आपदा प्रबंधन कानून’ लागू किया। जिलाधिकारी राजेश नारवेकर ने ठाणे में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रमुख हैं।
- सरकार ने एक फरवरी, 2020 के बाद प्रभावित देशों की यात्रा करने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रूज, चालक दल के सदस्यों व यात्रियों के प्रवेश पर 31 मार्च तक रोक लगा दी। जहाजरानी मंत्रालय ने बुधवार को कहा था कि सिर्फ उन्हीं अंतरराष्ट्रीय क्रूज को भारतीय बंदरगाहों पर आने की अनुमति दी जाएगी, जिन्होंने एक जनवरी, 2020 तक आने की सूचना दी थी व जिन क्रूज पर चालक दल व यात्रियों के लिए थर्मल स्क्रीनिंग की सुविधा होगी।
- भारत ने बुधवार को सभी पर्यटन वीजा 15 अप्रैल तक के लिए निलंबित कर दिए। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक यह निर्णय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन की अध्यक्षता में हुई मंत्रियों के समूह की निर्माण भवन में हुई बैठक में लिया गया।
- कोरोनोवायरस और आईपीएल 2020 को लेकर आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक 14 मार्च को होगी।
- इससे पहले देश में 24 घंटों में कोरोना के 12 और मामले सामने आए। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि केरल में आठ, दिल्ली और राजस्थान में एक-एक नया पॉजिटिव केस मिला। वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मुंबई में दो नए केस के साथ राज्य में कुल 10 मामलों की पुष्टि की। इसके बाद संक्रमित मरीजों की संख्या 68 हो गई थी।
Coronavirus Bulletin 11 March 2020: 11 मार्च अपडेट
- कोरोनवायरस के खतरे के चलते आईपीएल के रद्द होने की भी आशंका बढ़ी। इस क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर महाराष्ट्र में बुधवार को सभी मंत्रियों की उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में चर्चा हुई कि आईपीएल की तारीख या तो आगे बढ़ा दी जानी चाहिए या फिर इसे रद्द कर देना चाहिए। हालांकि इस पर अंतिम फैसला गुरुवार 12 मार्च को लिया जाएगा।
- महाराष्ट्र विधानसभा का सत्र भी आगे बढ़ाया जा सकता है या फिर इसे स्थगित किया जा सकता है।
- दिल्ली में मंत्रियों के समूह की उच्च स्तरीय बैठक हुई, जिसमें कोरोनावायरस की मौजूदा स्थिति और उससे निपटने के लिए किए जाने उपायों पर चर्चा हुई।
- महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मुंबई हॉस्पिटल में कोरोनावायरस के दो और मरीज भर्ती हुए हैं। इस राज्य में कुल सात मामले सामने आ चुके हैं।
- कर्नाटक सरकार ने कोरोनवायरस से लड़ने के लिए अस्थायी अधिनियम 'कर्नाटक महामारी रोग, COVID-19 विनियम, 2020' लागू किया। अधिनियम के मुताबिक कोई भी व्यक्ति प्रिंट या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का इस्तेमाल कर इस वायरस के बारे में गलत जानकारी नहीं फैलाएगा। किसी भी तरह की जानकारी प्रसारित करने से पहले स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से अनुमति लेनी होगी। नियम का उल्लंघन करते पाए जाने पर सजा का प्रावधान रखा है। सभी सरकारी व निजी अस्पतालों में संदिग्ध लोगों की जांच के लिए फ्लू कॉर्नर होगा।
- कर्नाटक के कलबुर्गी में 76 वर्षीय व्यक्ति की 10 मार्च को मौत हो गई, जिसके कोरोनावायरस से संक्रमित होने का संदेह था। जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी। मृतक की पहचान मोहम्मद हुसैन सिद्दीकी के तौर पर की गई। उसके नमूने जांच के लिए बंगलूरू की एक प्रयोगशाला में भेजे गए थे। सिद्दीकी हाल ही में सऊदी अरब से धार्मिक यात्रा कर लौटा था।
- कर्नाटक में अब तक चार मामले सामने आ चुके हैं। राज्य सरकार ने बताया कि इनकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। अब तक 98,401 यात्रियों की यहां जांच की जा चुकी है।
- विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि ईरान में नमूने और परीक्षण सुविधाएं स्थापित करने के लिए छह भारतीय स्वास्थ्य अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है। भारत में 108 नमूने सात मार्च को प्राप्त हुए थे। ईरान से वापस लाए गए लोगों में से सात की रिपोर्ट निगेटिव आई थी, एनआईवी पुणे में 529 से अधिक भारतीयों के नमूनों का परीक्षण किया जा रहा है।
- इटली के शहर मिलान से एयर इंडिया का एआई-138 विमान बिना कोरोनोवायरस जांच के भारत पहुंचा। फ्लाइट में 80 यात्री सवार थे। हालांकि, भारतीय सीमा शुल्क के अधिकारियों ने दिल्ली हवाई अड्डे पर यात्रियों और उनके सामान की स्क्रीनिंग की और सभी औपचारिकताएं पूरी कीं।
- आगरा में जापानी पर्यटक समेत छह लोगों के नमूने लिए गए हैं। ये पर्यटक फतेहाबाद रोड स्थित होटल में ठहरने आए थे। होटल संचालक की जानकारी पर रैपिड रिस्पॉन्स टीम पर्यटकों को जिला अस्पताल लेकर आई।
- जम्मू-कश्मीर में प्रमुख सचिव नियोजन रोहित कंसल ने बताया कि प्रदेश के पांच जिलों, जम्मू, सांबा, कठुआ, रियासी और उधमपुर में सभी प्राथमिक स्कूल, सिनेमा हॉल और आंगनवाड़ी केंद्र 31 मार्च तक बंद रहेंगे।
- कोरोनावायरस से निपटने के लिए उचित तथा पर्याप्त उपायों की मांग करने वाली जनहित याचिका पर दिल्ली उच्च न्यायालय ने केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार से जवाब मांगा।
- मद्रास हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई, जिसमें केंद्र सरकार से आईपीएल रद्द कराने की मांग की गई।
- राजस्थान में दुबई से लौटे जयपुर के एक बुजुर्ग के कोरोनावायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव रोहित कुमार सिंह ने बताया कि 85 वर्षीय व्यक्ति की पहली जांच रिपोर्ट मंगलवार को पॉजीटिव आई थी। पुष्टि के लिए नए नमूनों को जांच के लिए भेजा गया था, वो रिपोर्ट भी पॉजिटिव पाई गई।
Coronavirus Bulletin 10 March 2020: 10 मार्च अपडेट
- मध्यप्रदेश के इंदौर में स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय की वायरोलॉजी लैबोरेटरी में कोरोनावायरस संक्रमण की जांच की मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय से चर्चा की जा रही है। इससे एक ही दिन में जांच की रिपोर्ट मिल पाएगी।
- केरल सरकार ने कोरोनावायरस को नियंत्रित करने के कदमों को कड़ा करते हुए इटली से कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे कम से कम 45 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भेजा। इनमें दो बच्चों और दो गर्भवती महिलाओं समेत 35 लोगों को अलुवा के सरकारी जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। जबकि बुखार और सांस लेने में परेशानी वाले 10 लोगों को कलामस्सारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दाखिल किया गया।
- भारत में कोरोनावायरस संक्रमित मरीजों की संख्या 60 हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कोविड-19 के 10 नए मामलों की पुष्टि की। आठ मामले केरल से, एक राजस्थान और एक दिल्ली का बताया गया।
- पिछले महीने इटली और फिनलैंड की यात्रा करने वाले और कोरोनावायरस के एक मरीज के संपर्क में आए गोवा के 27 वर्षीय शख्स को सरकारी अस्पताल के अलगाव वार्ड में रखा गया। गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने बताया कि दक्षिण गोवा के वास्को शहर का रहने वाला व्यक्ति एक जहाज पर काम कर रहा था और दो दिन पहले तटीय राज्य लौटा था।
- कर्नाटक सरकार ने कोरोनावायरस के प्रसार को रोकने के लिए बुधवार को ‘हाथ मिलाने की बजाय नमस्ते करें’ नाम से अभियान शुरू किया।
- तिरुपति में भगवान वेंकटेश्वर मंदिर का प्रबंधन देखने वाले तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ने विदेशियों और प्रवासी भारतीयों को एहतियात के तौर पर एक परामर्श जारी किया कि वे भारत पहुंचने के बाद 28 दिन तक मंदिर में न आएं।
- भारत सरकार ने यात्रियों के लिए सूचना जारी कर कहा कि जो यात्री इटली और कोरिया की यात्रा पर गए हैं और अब भारत में प्रवेश करने के इच्छुक हैं। उन्हें उन देशों के स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा अधिकृत प्रयोगशालाओं से कोरोनावायरस (COVID-19) की जांच करवाना आवश्यक है। जांच के बाद अगर उनकी रिपोर्ट नकारात्मक आती है तो ही वे भारत में प्रवेश कर पाएंगे। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इस मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा था।
- स्वास्थ्य मंत्रालय के विशेष सचिव संजीव कुमार ने बताया कि फ्रांस, जर्मनी और स्पेन के नागरिकों के साथ-साथ इटली, ईरान, रिपब्लिक ऑफ कोरिया, जापान और चीन के नागरिकों के ई-वीजा और मौजूदा वीजा को तत्काल प्रभाव के साथ निलंबित किया जा रहा है। इसके साथ ही सलाह दी कि चीन, हांगकांग, रिपब्लिक ऑफ कोरिया, जापान, इटली, थाईलैंड, सिंगापुर, मलयेशिया, ईरान, फ्रांस, स्पेन और जर्मनी से होकर आए सभी यात्रियों को उनके आगमन की तारीख से लेकर 14 दिनों तक विशेष वार्ड में गुजारना चाहिए।
- केरल की स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने कहा कि राज्य में कोरोनावायरस से दो और लोग संक्रमित पाए गए हैं। तीन वर्षीय बच्चे के माता-पिता की रिपोर्ट पॉजीटिव पाए गए हैं।
- गुजरात में स्वास्थ्य आयुक्त जय प्रकाश शिवहरे ने बताया कि परीक्षण किए गए 52 लोगों में से 51 लोगों के नमूने नेगेटिव आए। एक रिपोर्ट का इंतजार है। अब तक हमने 2,231 यात्रियों की जांच की गई है जो अहमदाबाद और सूरत के हवाई अड्डों पर पहुंचे। अन्य 1,024 लोग अपने घरों में निगरानी में हैं।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में विशेष सचिव संजीव कुमार ने कहा कि देश में कोरोनावायरस से संक्रमण के मामलों की कुल संख्या 50 हो गई है। इनमें से 35 लोग भारतीय हैं और 15 इटली के नागरिक हैं। उन्होंने कहा कि कोरोनावायरस से देश में अब तक कोई मौत नहीं हुई है।
- पुणे जिला क्लेक्टर नवल किशोर राम ने कहा कि पुणे में दो और लोग कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए हैं। पुणे में संक्रमितों की कुल संख्या चार हो गई है।
- जम्मू और कश्मीर सरकार ने कोरोनावायरस को लेकर की जा रही निगरानी की स्थिति को लेकर कहा कि राज्य में अब तक एक व्यक्ति का नमूना पॉजीटिव पाया गया है।
- नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने विमानन कंपनियों को सलाह देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र में परिचालन वाली सभी उड़ानों में पर्याप्त संख्या में स्व-घोषणा फॉर्म (एस) की उपलब्धता सुनिश्चित करें। साथ ही भारत आने वाली उड़ानों में इन-फ्लाइट की घोषणाएं भी की जाए।
- कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि राज्य में अब तक 1048 लोगों की जांच के लिए पहचान की गई है। जिसमें से 446 नमूनों को परीक्षण के लिए भेजा है। 389 नमूनों ने नेगेटिव रिपोर्ट, 4 नमूनों की पॉजीटिव रिपोर्ट आई है, जबकि बाकी की रिपोर्ट का इंतजार है।
- त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड के अध्यक्ष एन वासु ने कहा कि मैं सभी भक्तों से सबरीमाला मंदिर जाने से बचने की अपील करता हूं। इसके अलावा, मैं सभी मंदिरों से उन त्योहारों को रद्द करने का अनुरोध करता हूं जिनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं।
- केरल के कोच्चि में मलयालय सिनेगा संगठनों के साथ हुई बैठक के बाद सभी सिनेमा थिएटरों को 11 मार्च से 31 मार्च तक बंद रखने का निर्णय लिया गया।
- केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा कि प्रदेश में छह और मामलों की पुष्टि हुई है। राज्य में मरीजों की कुल संख्या अब 12 हो गई है।
- कोरोनावायरस से दुनियाभर में मरने वाले लोगों की संख्या 10 मार्च को चार हजार के पार पहुंच गई। एएफपी आंकड़े के अनुसार चीन में 17 और लोगों की मौत हुई। सौ से अधिक देशों में फैले इस वायरस से मृतकों की संख्या 4,011 पहुंच गई है जबकि इससे 110,000 से अधिक लोग प्रभावित हैं।
- ईरान से 58 भारतीय तीर्थयात्रियों का पहला जत्था भारत पहुंचा। भारतीय वायुसेना का सी-17 ग्लोबमास्टर विमान लोगों को तेहरान से हिंडन वायुसेना स्टेशन (गाजियाबाद) लेकर पहुंचा। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि ईरान में हमारे दूतावास और भारतीय चिकित्सा टीम के प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने भारतीय सेना को भी धन्यवाद कहा। ईरानी अधिकारियों के सहयोग की भी सराहना की।
Coronavirus Bulletin 9 March 2020 : 9 मार्च अपडेट
- केरल में इटली की यात्रा करने वाले एक तीन साल के मासूम बच्चे को कोरोनावायरस संक्रमित पाया गया है। बच्चे को एर्नाकुलम मेडिकल कॉलेज में आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।
- पेटीएम कर्मचारी की पत्नी कोरोनावायरस संक्रमित पाई गई है। वो अभी सफदरजंग में भर्ती हैं।
- ईरान में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए वायुसेना का सी-17 ग्लोबमास्टर विमान रवाना हो गया है।
- दुबई से मंगलूरू के हवाईअड्डे पर आए जिस व्यक्ति को कोरोनावायरस संक्रमण के संदेह में अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करवाया गया था, लेकिन वह अस्पताल से भाग गया।
- कोरोनावायरस को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपराज्यपाल अनिल बैजल के बीच बैठक हुई।
- एनजीटी ने 31 मार्च 2020 तक तत्काल प्रभाव से दिल्ली में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में बायोमेट्रिक मशीनों पर रोक के संबंध में एक अधिसूचना जारी की है।
- चीन में घातक वायरस से 22 और लोगों की मौत के साथ मृतकों का आंकड़ा 3,119 पर पहुंच गया है।
- जम्मू में 63 वर्षीय एक महिला कोरोना वायरस की जांच में संक्रमित पाई गई है। जम्मू-कश्मीर में यह पहला मामला है।
- केरल में पठानमथिट्टा जिला कलेक्टर ने जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों के लिए तीन दिन का अवकाश घोषित किया है।
Coronavirus Bulletin 8 March 2020 : 8 मार्च अपडेट
ताजमहल परिसर में मास्क पहने लोग
- फोटो : PTI
- उत्तर प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। रविवार को आगरा और गाजियाबाद का एक-एक व्यक्ति पॉजिटिव मिला है। आगरा का नया मरीज संक्रमित लेखाधिकारी परिवार का सदस्य है।
- दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि सरकार ने कोरोनावायरस से निपटने के लिए एहतियातन कदम उठाते हुए डीटीसी एवं कलस्टर बसों, मेट्रो और अस्पतालों को नियमित आधार पर संक्रमण मुक्त करने के आदेश दिए हैं।
- मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली में अब तक तीन पॉजिटिव और एक संदिग्ध मामला सामने आया है। उन्होंने बताया पहला मरीज 105 लोगों के संपर्क में आया, दूसरा 168 लोगों के संपर्क में आया और तीसरा 64 लोगों के संपर्क में आया। कुल 337 लोगों को संक्रमित मरीज के संपर्क में आने की वजह से पृथक (क्वारंटाइन) किया है और उनके ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
- उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के सुभाषनगर में एक संदिग्ध मरीज सामने आया। बताया गया कि वह 24 फरवरी को अफ्रीका के केन्या से लौटा है। एहतियातन उसे आइसोलोशन वार्ड में रखा गया।
- रविवार को केरल में पांच नए मरीजों की पुष्टि हुई। केरल के स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने बताया कि पांच नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इन मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। इनमें से तीन लोग हाल में इटली से लौटे थे। संक्रमित पांचों लोग पटनमथिट्टा जिले के निवासी हैं।
- तमिलनाडु की स्वास्थ्य सचिव बीला राजेश ने बताया जो व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। उसे चेन्नई के एक अस्पताल में रखा है। उसके संपर्क में आने वालों का पता लगा रहे हैं। कोरोनावायरस के संदिग्ध 1086 लोगों को घर में ही निगरानी में रखा गया है।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एम्स प्रशासन से कहा कि जय प्रकाश नारायण एपेक्स ट्रॉमा सेंटर की नई आपातकालीन शाखा के एक हिस्से में संदिग्ध कोविड-19 रोगियों के लिए पृथक बिस्तर तैयार रखा जाए।
- अरुणाचल प्रदेश में विदेशी यात्रियों के आने पर प्रतिबंध लगाया गया। अधिकारियों ने बताया कि पूर्वी सियांग जिले में सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना पोस्ट करने के लिए एक व्यक्ति पर पासीघाट पुलिस थाने में शुक्रवार को जिला चिकित्सा अधिकारी कलिंग दाई द्वारा दर्ज शिकायत के आधार पर सुबु केना शेरिंग के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।
- रिलायंस जियो और बीएसएनएल ने सबसे पहले अपने सेवा नेटवर्क पर लोगों को कॉलर ट्यून के रूप में 30 सेकेंड का कोरोनावायरस पर जागरुकता संदेश सुनाना शुरू किया।
- महाराष्ट्र के पुणे में स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी) के वैज्ञानिकों के देशभर से आ रहे कोरोनावायरस के नमूनों की जांच के काम में ‘24 घंटे’ जुटे रहने की खबर आई।
- मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश में रविवार को कोरोनोवायरस के पहले तीन मामलों की पुष्टि हुई। संक्रमितों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं।
- दोहा के रास्ते अमेरिका से पहुंचे 15 वर्षीय एक किशोर हवाई अड्डे पर मेडिकल जांच के दौरान बुखार से पीड़ित पाया गया जिसके बाद उसे निगरानी के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
- कोरोनावायरस के खतरे के बीच दक्षिण पूर्वी चीन के फुजियान प्रांत में पृथक केंद्र के रूप में इस्तेमाल हो रहे एक होटल के ढह जाने से दस लोगों की मौत हो गई।
- कतर एयरवेज ने कहा- वह भारतीय स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है। नई दिल्ली, कतर एयरवेज की कोच्चि उड़ान के कुछ यात्रियों के कोरोनावायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद विमानन कंपनी ने यह प्रतिक्रिया दी थी।
- अमेरिकी फिल्म संस्थान (एएफआई) ने लॉस एंजिलिस में अपना लाइफ टाइम एचीवमेंट अवार्ड कार्यक्रम रद्द कर दिया और गायिका सियारा ने अपने कंसर्ट का समय आगे बढ़ा दिया है।
- चीन में कोरोना वायरस से रविवार को 27 और लोगों की मौत हो गई, जो पिछले करीब एक महीने में मृतकों की एक दिन में सबसे कम संख्या है।
- ईरान में कोरोनावायरस से रविवार को 49 मौतें हुईं। वहां अब तक कुल 194 लोगों की मौत हो चुकी हैं। ईरान एयर ने कहा कि वह अनिश्चिकालीन के लिए यूरोप की उड़ानों को स्थगित कर रही है।
- अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में करीब 50 साल के शख्स के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। यह राजधानी का पहला मामला माना जा रहा है। मैरीलैंड में भी एक व्यक्ति में पुष्टि हुई है। कोलंबिया के मेयर मुरील बोसर ने शनिवार को कहा था कि संक्रमित व्यक्ति में फरवरी के अंत से लक्षण दिखने शुरू हो गए थे। बताया गया कि वह अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर कभी नहीं गया और न ही किसी संक्रमित के संपर्क में आया। व्यक्ति की गतिविधियों का पता लगाना शुरू कर दिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि कोरोना वयरस के व्हाइट हाउस के नजदीक आने को लेकर वह कतई फिक्रमंद नहीं हैं।
- सिंगापुर में आठ नए मामले सामने आए, इससे संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 138 हो गई। मंत्रालय ने कहा कि आठ लोगों को नाजुक हालत में आईसीयू में भर्ती कराया है और 48 लोगों की हालत स्थिर है और उसमें सुधार हो रहा है।
- इटली के प्रधानमंत्री ग्यूसेप कोंटे ने ट्वीट कर बताया कि वेनिस और मिलान समेत उत्तरी इटली में आवाजाही पर सख्त पाबंदियां लगाने की योजना पर हस्ताक्षर किए हैं। सिनेमाघरों, थियेटरों और संग्रहालयों को बंद रखने के आदेश दिए गए। सरकारी वेबसाइट पर प्रकाशित आदेश के मुताबिक उत्तरी इटली के कई इलाकों में 1.5 करोड़ लोगों को जबरन घरों में बंद रखने के अलावा स्कूलों, नाइट क्लबों और कसीनो को भी बंद कर दिया गया है।
- अर्जेंटीना में कोरोनावायरस संक्रमण से 64 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। देश में संक्रमण से मौत का यह पहला मामला है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि मरीज ब्यूनस आयर्स में रहते थे। वह हाल में यूरोप की यात्रा से लौटे थे।
- पेरू में शनिवार को पांच नए मामले सामने आए। इससे देश में वायरस के कुल छह मामले हो गए हैं। पैराग्वे ने कहा कि उसके देश में पहला मामला सामने आया है, जबकि चिली ने कहा कि उसके यहां सात मामले सामने आए हैं।
- इटली में शनिवार को और 36 लोगों की मौत के साथ मरने वालों की संख्या 233 तक पहुंच गई। वहीं, एक दिन में सबसे अधिक 1,247 नए मामले सामने आए, जिससे संक्रमितों की तादाद 5,883 पहुंच गई।
Coronavirus Bulletin 7 March 2020 : 7 मार्च अपडेट
नई दिल्ली के खान मार्केट में मास्क पहने घूमते लोग
- फोटो : PTI
- मध्यप्रदेश में कोरोनावायरस से के 18 संदिग्धों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। कुल 20 लोगों के सैंपल टेस्ट के लिए भेजे गए थे।
- विशेष सचिव (स्वास्थ्य) संजीव कुमार ने कहा कि देश में कोरोनावायरस के तीन नए मामले सामने आए हैं। वायरस से पीड़ितों की संख्या 34 पहुंच गई है। इनमें से दो मामले लद्दाख में सामने आए हैं। इन्होंने ईरान की यात्रा की थी। वहीं एक केस तमिलनाडु से मिला है जिसने ओमान की यात्रा की थी।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कोरोनावायरस (कोविड-19) से उत्पन्न स्थिति और विभिन्न मंत्रालयों द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इस बात की जानकारी दी गई है। कार्यालय के अनुसार बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे और अन्य अधिकारी शामिल थे।
- ईरान में कोरोना वायरस के चलते शनिवार को सांसद फतेमह रहबर (55 वर्ष) की मौत हो गई। सरकारी न्यूज एजेंसी इरना ने यह जानकारी दी। एजेंसी के मुताबिक, तेहरान निर्वाचन क्षेत्र से हाल ही संसद के सदस्य चुने गए रहबर दूसरे सांसद हैं, जिनकी कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हुई है। उन्होंने बताया कि ईरान में इस वायरस के चलते अब तक सात नेताओं और अधिकारियों की जान जा चुकी है। ईरान में तेजी से फैले कोरोना वायरस से देशभर में 4,747 लोग संक्रमित हैं जबकि कम से कम 124 की मौत हो चुकी है।
- शनिवार को ईरान की राजधानी तेहरान से एक विमान 300 भारतीयों के लार के नमूने लेकर सुबह साढ़े पांच बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचा। इन लोगों के कोरोनावायरस से संक्रमित होने की आशंका जताई जा रही है। ईरान का महान विमान वापसी पर सुबह साढ़े 10 बजे कई ईरानी नागरिकों को भी अपने साथ ले गया।
- कोरोनावायरस से निपटने की मुहिम एक जंग की तरह हो चुकी है। अगर इससे नहीं लड़ा गया तो दुनिया के 50 फीसदी मतलब आधी आबादी इसकी चपेट में होगी। यह डर ब्रिटेन के एक कोरोनावायरस एक्सपर्ट रिचर्ड हैटचीट ने जताया है। रिचर्ड बोले कि उन्होंने इससे पहले इतनी डरावनी बीमारी नहीं देखी।
- ब्रिटेन में कोरोनावायरस के 163 मामले सामने आ चुके हैं। फेसबुक ने अमेरिका के बे एरिया के अपने सभी कर्मचारियों को घर से काम करने की सलाह दी है। यह कदम गुरुवार को सैन फ्रैंससिस्को में कोरोनावायरस के दो नए मामले सामने आने के बाद उठाए गए हैं।
- अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती दो मरीजों में अभी तक कोरोनावायरस की पुष्टि नहीं हुई है। अस्पताल के डॉक्टर रमन शर्मा ने बताया कि कोरोनोवायरस के दो संदिग्ध मामले यहां भर्ती हैं। वे हाल ही में इटली से लौटे हैं। हमने उन्हें एकांत वार्ड में रखा है। इस दौरान उन्हें किसी से भी संपर्क करने की अनुमति नहीं है। हम पुणे से उनकी जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
- इंदौर में कोरोनावायरस के दो नए संदिग्ध मरीज सामने आए हैं। पहला संदिग्ध 23 वर्षीय युवक है, जो दुबई से लौटा है। दूसरी मरीज इटली की 23 वर्षीय युवती है। वह गुरुवार को ही यहां आई। उसे जांच के लिए एमवायएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, इंदौर-दुबई फ्लाइट की बुकिंग भी 30 फीसदी तक घट गई है।
- राजस्थान में इतालवी जोड़े को छोड़कर सभी संदिग्ध लोगों की कोरोना वायरस जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) रोहित कुमार ने शुक्रवार को कहा कि अब तक कुल 282 लोगों के नमूनों की जांच की गई है। इनमें से 280 लोगों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव और दो लोगों (इतालवी जोड़े) की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने कहा कि अब किसी भी व्यक्ति की जांच रिपोर्ट आनी बाकी नहीं है। इतालवी जोड़े को यहां एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोरोनावायरस से बचाव के लिए क्या करना है और क्या नहीं करना है इसे लेकर कई तरह के अफवाह फैलाए जा रहे हैं। मैं लोगों से निवेदन करता हूं कि इन पर अफवाहों पर विश्वास न करें, अगर किसी भी तरह का संदेह है तो कृपया डॉक्टर से सलाह लें। प्रधानमंत्री ने जन औषधि दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि पूरी दुनिया आजकल नमस्ते की आदत डाल रही है। हमें भी आजकल हाथ मिलाने के बजाए, नमस्ते करना चाहिए।
- कोरोनावायरस (कोविड-19) के फैलते प्रभाव के मद्देनजर सरकार ने इससे बचाव के लिए लोगों को जागरूक कर रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि इसी कड़ी में केंद्र सरकार ने बीएसएनएल और जियो फोन कनेक्शनों पर प्री-कॉल जागरूकता संदेश डाला गया है। अगर आप किसी जियो या बीएसएनएल उपभोक्ता को फोन करेंगे तो आपको कोरोनावायरस से बचाव संबंधित उपायों की जानकारी मिलेगी।
Coronavirus Bulletin 6 March 2020 : 6 मार्च अपडेट
Coronavirus
- फोटो : अमर उजाला।
- केंद्र सरकार ने सभी मंत्रालयों, विभागों को अपने कर्मचारियों से 31 मार्च तक बायोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज न कराने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली सरकार ने भी बायोमीट्रिक उपस्थिति पर रोक लगा दी है।
- दिल्ली में एक और मरीज में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। उत्तर नगर निवासी हाल में थाईलैंड और मलयेशिया से लौटा था।
- मास्क की कालाबाजारी को लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा है कि इसे लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि ज्यादा कीमत वसूलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
- अटारी-वाघा सीमा पर होने वाले रिट्रीट समारोह में लोगों के आने पर रोक लगा दी गई है। हालांकि जवान रिट्रीट समारोह परफॉर्म करते रहेंगे।
- 11 से 15 मार्च तक दिल्ली में होने वाला लोटस मेकअप इंडिया फैशन वीक रद्द कर दिया गया है।
- इंदौर में होने वाले आईफा फिल्म पुरस्कार समारोह के टलने के पीछे भी कोरोनवायरस को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।
- सभी केंद्रीय बलों ने होली मिलन समारोह रद्द कर दिया है। सीआईएसएफ ने भी अगले हफ्ते होने वाले रेजिंग डे समारोह को भी टाल दिया है।
- संसद में होली के बाद 11 मार्च से आगुंतकों की आवाजाही और उनके आने पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। इस प्रकार दोनों सदनों के सदस्य संसद परिसर के भीतर किसी भी आगंतुक से मुलाकात नहीं कर पाएंगे।
- कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर एहतियात बरतने को कहा है।
- नीदरलैंड्स में कोरोनावायरस से पहली मौत हो गई है। मिस्र में नील क्रूज बोट पर 12 संक्रमितों की पहचान हुई है।
- ईरान से आने वाली पहली उड़ान से कोरोनावायरस से संदिग्ध रूप से संक्रमित 300 भारतीयों के नमूने लाए जाएंगे।
- भूटान में एक अमेरिकी पर्यटक में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। इस देश में कोरोना वायरस का यह पहला मामला है।
- वेटिकन सिटी में भी कोरोनावायरस के पहले मरीज की पुष्टि हुई है।
Coronavirus Bulletin 5 March 2020: 5 मार्च अपडेट
देश
- कोरोनावायरस का नया मामला गुरुवार को गाजियाबाद में सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह मरीज ईरान की यात्रा करके लौटा है।
- भारत में अब कोरोनावायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 30 हो गई है। इनमें से 14 भारतीय और 16 विदेशी नागरिक शामिल हैं।
- दिल्ली के सभी सरकारी और निजी प्राइमरी स्कूल (कक्षा 5वीं तक) 31 मार्च तक बंद रहेंगे।
- ईरान में फंसे लोगों की जांच के लिए भारतीय चिकित्सा दल रवाना हो गया है। वहीं पर लैब स्थापित की गई है।
- संसद परिसर में आज कई नेता मास्क पहनकर और हाथ में सेनिटाइजर लेकर पहुंचे।
- राष्ट्रपति भवन के मुगल गार्डन को सात मार्च से बंद करने का फैसला किया गया है।
- कोरोनोवायरस के चलते 8 मार्च को होने वाली गुरुग्राम महिला मैराथन को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया है।
- गृह सचिव अजय कुमार भल्ला ने आज कोरोनोवायरस के मद्देनजर पड़ोसी देशों से आने वाले लोगों की स्क्रीनिंग की समीक्षा की।
- पेटीएम कर्मचारी में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद गुरुग्राम की ही एक निजी कंपनी में कार्यरत उसकी पत्नी में भी कोरोना के लक्षण नजर आए ।
- विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत आए 495 ईरानी पर्यटकों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
- विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने जानकारी दी है कि भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन, जिसमें पीएम मोदी को भाग लेना था
विदेश
- ईरान में वायरस की वजह से 15 और लोगों की जान चली गई। यहां मृतकों की संख्या 107 पहुंच चुकी है।
- कोरोनावायरस ने अब एक पालतू कुत्ते को अपनी चपेट में ले लिया है। यह मामला हांगकांग का है।
- संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में 16 वर्षीय एक भारतीय लड़की घातक कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई है।
- स्विट्जरलैंड में कोरोनावायरस की वजह से पहली मौत हो गई है।
- दक्षिण कोरिया ने मास्क की बढ़ती मांग के बीच इसके निर्यात पर रोक लगा दी है।
- उत्तर कोरिया में कई देशों के राजनयिक फंसे हुए हैं और फिलहाल उन्हें आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।
- दक्षिण अफ्रीका में भी कोरोनावायरस का पहला मामला सामने आया है।
- अमेजन और फेसबुक वॉशिंगटन के सीएटल में अपने कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
- जर्मनी में 24 घंटे के भीतर 109 नए मामले सामने आए हैं। अभी तक यहां 349 केस सामने आ चुके हैं।
- ग्रीस में गुरुवार को कोरोनवायरस के 21 नए मामले सामने आए हैं।
- दुनिया के 29 करोड़ बच्चे स्कूल नहीं जा पाने की वजह से घरों में कैद हुए
- जेम्स बॉन्ड की फिल्म की रिलीजिंग डेट 7 महीने के लिए आगे बढ़ाई गई