भीलवाड़ा के सीएमएचओ डॉक्टर मुस्ताक अहमद की माने तो यहां कोरोना पॉजिटिव मामले निजी अस्पताल बांगड़ से ही निकले हैं। बांगड़ 86 बिस्तरों का अस्पताल है। क्षमता से अधिक मरीज भर्ती होने के कारण ही कारण इंफेक्शन फैल गया। ओपीडी संक्रमित होने के बावजूद 7 हजार लोगों को डॉक्टरों के संपर्क में आए। अस्पताल के एक किलोमीटर तक का क्षेत्र सील किया जा चुका है। धारा 144 लागू कर दी गई है। 457 सैंपल में से 19 रिपोर्ट पॉजिटिव आने वाला देश का पहला एपिक सेंटर बन चुके भीलवाड़ा में विदेश से आए 133 लोग भी हाई रिस्क पर हैं। चार पॉजिटिव लोग जयपुर में भर्ती हैं। जितने भी मामले सामने आए हैं, एहतियातन सभी के परिजन का भी इलाज किया जा रहा है।
होटल, हॉस्टल, रिजॉर्ट बन रहे क्वारंटीन सेंटर
सर्वाधिक मौत के साथ कोरोना का केंद्र बिंदु बन चुके भीलवाड़ा में भयावह होते हालातों को नियंत्रित करने के लिए जिले के होटलों, हॉस्टलों और रिजॉर्ट समेत कई इमारतों को सरकार ने क्वारंटीन सेंटर में तब्दील करने का काम शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर पता कर रही है कि उनके यहां कोई विदेश से तो नहीं आया है। संदिग्धों की ट्रेवल हिस्ट्री निकाली जा रही है। सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार के साथ-साथ बदनाम हो चुके बांगड़ अस्पताल में किसी का इलाज हुआ है या नहीं ये भी पूछा जा रहा है। 26 मार्च को एक ही दिन में हुई दो मौत से पहले 20 मार्च को भी इटली के एक नागरिक की मौत भी किडनी से जुड़ी बीमारी की वजह से हुई थी।