स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, समय से पहले तमाम तैयारियों की वजह से भारत आज कोरोना वायरस को काबू करने की स्थिति में है। जब उनसे पूछा गया कि क्या कोरोना की वजह से किसी भारतीय की मौत हुई है, तो उन्होंने भगवान का शुक्रिया अदा करते हुए इससे इनकार कर दिया।
उन्होंने कहा, मैं देशवासियों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम सब स्थिति से निपटने को कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। संक्रमण की जांच के लिए पुणे और दिल्ली सहित अन्य शहरों में 15 से ज्यादा लैब में सैंपल परीक्षण किया जा रहा है। राज्य सरकारों को रैपिड एक्शन टीम बनाने को कहा गया है। अब तक एयरपोर्ट पर 8,255 उड़ानों से आए 8,74,708 अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग की गई है।
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को पृथक केंद्र बनाने का निर्देश
सरकार ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को देशभर में 5400 से अधिक लोगों को पृथक रखने की सुविधाएं तैयार करने का निर्देश दिया है। वायरस के बड़े पैमाने पर फैलने की आशंका को देखते बलों को देश में 37 स्थानों पर कुल 5,440 बेड की क्षमता वाले केंद्र बनाने को कहा गया है। साथ ही इन स्थानों पर 75 पृथक वार्ड बनाने को भी कहा गया है।
ईरान से भारतीयों को लाने विमान रवाना
भारतीय वायुसेना का विमान ईरान में फंसे भारतीयों को लेकर सोमवार रात रवाना हो गया। हिंडन एयरबेस से रात साढ़े आठ बजे सी-17 ग्लोबमास्टर विमान ने उड़ान भरी। तीन दिन पहले ईरान की महान एयरलाइन के विमान से 300 भारतीयों के नमूने भारत लाए गए थे।
रक्षामंत्री नहीं मनाएंगे होली
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कोरोनावायरस के खतरे को देखते हुए होली न मनाने का फैसला किया है। राजनाथ ने सोमवार को कहा, कोरोना के खतरे व विशेषज्ञों की सलाह को देखते हुए मैंने इस साल होली न मनाने का फैसला किया है। आप भी कृपया सफाई बनाए रखें और आवश्यक सावधानी बरतें। इससे पहले, पीएम भी होली मिलन समारोह से दूरी बनाने की घोषणा कर चुके हैं।