कर्नाटक के कलबुर्गी में 76 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जिसके कोरोनावायरस से संक्रमित होने का संदेह था। जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी। मृतक की पहचान मोहम्मद हुसैन सिद्दीकी के तौर पर की गई है, जिसकी मंगलवार को सरकारी अस्पताल में मौत हो गई।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उसके नमूने जांच के लिए बंगलूरू की एक प्रयोगशाला में भेजे गए थे। रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि सिद्दीकी हाल ही में सऊदी अरब से धार्मिक यात्रा कर लौटा था। यह व्यक्ति जनवरी के अंत में सऊदी गया था और 29 फरवरी को वहां से लौटा था।
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री बी श्रीरामुलु ने बुधवार को बताया कि अभी तक ऐसी कोई पुष्टि नहीं हुई है कि मरीज की मौत कोरोनावायरस से हुई है। उसकी जांच रिपोर्ट का आना अभी बाकी है। मंत्री ने बताया कि राज्य में अब तक चार मामले सामने आए हैं।
श्रीरामुलु ने कहा, 'डरने की कोई जरूरत नहीं है..गुलबर्गा (कालाबुर्गी) में जिस व्यक्ति की मौत हुई है, हमें उसे लेकर ऐसी कोई जानकारी नहीं है कि उसे कोरोनावायरस था। हमें रिपोर्ट का इंतजार है, एक बार हमें यह रिपोर्ट मिल जाए, तभी उसके बाद कुछ कहा जाएगा।'