- राज्यों के आंकड़ों के आधार पर समाचार एजेंसी ने कोविड-19 से मृतकों की संख्या 225 और संक्रमितों का आंकड़ा 6600 बताया है। सर्वाधिक 97 मौतें महाराष्ट्र में हुईं, वहां संक्रमित 1300 से ज्यादा हो गए।
- राजस्थान में 10वीं व 12वीं बोर्ड को छोड़ सभी विद्यार्थियों को पास कर दिया। अगले तीन महीने स्कूल फीस लेने पर भी रोक रहेगी।
- दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा व सरकारी कर्मियों के वेतन को छोड़कर सभी तरह के खर्चों पर रोक लगा दी गई है।
दिल्ली-यूपी के हॉटस्पॉट में कर्फ्यू जैसे हालात
दिल्ली, गुरुग्राम और यूपी के हॉटस्पॉट सील हो जाने के बाद वहां कर्फ्यू जैसे हालात रहे। इन क्षेत्रों में कोई भी दुकान नहीं खुली। लोगों की आवाजाही पूरी तरह बंद होने से सड़कों पर सन्नाटा रहा। राजधानी के हॉटस्पॉट आईपी एक्सटेंशन की मयूरध्वज सोसायटी में बृहस्पतिवार को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया।
रेलवे ने कोरोना से जंग में 2,500 से अधिक डॉक्टरों और 35,000 पैरामेडिकल स्टाफ लगाया है। 80 हजार आइसोलेशन बिस्तर तैयार करने की योजना के तहत 5 हजार रेलवे कोच तैयार किए जा रहे हैं।
पीपीई और वेंटिलेटर की आपूर्ति शुरू
निजी सुरक्षा उपकरण (पीपीई), मास्क और वेंटिलेटर की आपूर्ति शुरू हो गई है। 20 घरेलू निर्माता भी पीपीई बनाएंगे। 1.7 करोड़ पीपीई व 49 हजार वेंटिलेटर के ऑर्डर दिए हैं।
सरकार ने सीमा शुल्क हटाया
वेंटिलेटर, सभी तरह के मास्क, पीपीई व कोविड-19 टेस्ट किट से सीमा शुल्क और स्वास्थ्य उपकर को हटा लिया है। छूट इन उत्पादों के इनपुट पर भी मिलेगी, जो 30 सितंबर तक जारी रहेगी।
केंद्र ने राज्यों में आपातकालीन सुविधाओं के लिए 15 हजार करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसमें से 7,774 करोड़ रुपये आपाताकलीन सुविधाओं पर खर्च होंगे। अभी तक राज्य व केंद्र शासित राज्यों को 4,113 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।
हरियाणा: स्वास्थ्यकर्मियों को मिलेगा दोगुना वेतन
हरियाणा सरकार कोरोना संक्रमितों के इलाज में जुटे डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ, एम्बुलेंस कर्मियों समेत अन्य कर्मचारियों को दोगुना वेतन देगी। सीएम मनोहर लाल ने बताया कि अगले आदेश तक दोगुना वेतन मिलता रहेगा।