फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना का प्रकोप: मुंबई में सार्वजनिक जगह पर थूकने के लिए 16 लोगों पर लगा एक हजार रुपये का जुर्माना

Fri, 20 Mar 2020 08:00 PM IST
अनवर अंसारी पीटीआई, मुंबई
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विज्ञापन

कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के बीच, महाराष्ट्र में 16 लोगों को दक्षिण मुंबई में सार्वजनिक जगह पर थूकने के लिए एक हजार रुपये का जुर्माना लगा है। पुलिस ने इस बात की जानकारी दी है। अधिकारी ने बताया कि सभी लोगों को महाराष्ट्र पुलिस एक्ट के तहत एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। 

विज्ञापन


उन्होंने कहा कि ये लोग मरीन ड्राइव, कोलाबा, एमआरए मार्ग और जेजे मार्ग इलाके में थूकते हुए पकड़े गए थे। वहीं, शुक्रवार को महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के तीन मामले सामने आए, इस प्रकार राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है। 

गौरतलब हो कि देश में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या 223 तक पहुंच गई है। उत्तर प्रदेश में भी सभी मॉल्स बंद करने का फैसला लिया गया है। सेना में भी चरणबद्ध तरीके से घर से काम करने का फैसला लिया गया है। इस बीच केरल में पांच विदेशी नागरिक संक्रमित पाए गए हैं।  
विज्ञापन


वहीं, महाराष्ट्र में मुंबई समेत पुणे, चिंचवड़-पिंपरी और नागपुर शहर बंद कर दिए गए हैं। सिर्फ आवश्यक सेवाएं ( बैंक, सब्जी और दवा की दुकानें) जारी रहेगीं। दिल्ली में भी सभी मॉलों को बंद करने का आदेश दिया गया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि लोकल ट्रेने, बसें चलेंगी, मुंबई में सार्वजनिक वाहनों पर रोक लगाना आखिरी कदम होगा।

विज्ञापन

मुंबई, पुणे में कार्य स्थल 31 मार्च तक बंद रहेंगे 

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को कहा कि मुंबई और पुणे समेत महाराष्ट्र के प्रमुख शहरों में सभी कार्यस्थल 31 मार्च तक बंद रहेंगे। ठाकरे ने कहा कि यह बंद मुंबई, मुंबई मेट्रोपोलिटन क्षेत्र (एमएमआर), पुणे, पिंपरी चिंचवड़ और नागपुर में लागू होगा। उन्होंने बताया कि सरकारी कार्यालय में 25 प्रतिशत उपस्थिति रहेगी। महाराष्ट्र में अभी तक कोरोना वायरस के 52 मामले सामने आए हैं और इस सप्ताह मुंबई में एक मरीज की मौत हो गई। ठाकरे ने कहा कि अधिकांश मरीज इन शहरों से हैं और उन्होंने विदेश की यात्रा की थी।

टेलीविजन पर दिए संबोधन में ठाकरे ने कहा कि केवल अनिवार्य सेवाएं खुली रहेंगी जिसमें भोजन, दूध और दवाइयां शामिल हैं।उन्होंने कहा कि बैंक खुले रहेंगे। सरकारी कार्यालय में उपस्थिति को बारी-बारी से मौजूदा 50 फीसदी से 25 फीसदी तक किया जाएगा। पहले 50 फीसदी हाजिरी की घोषणा की गई थी। मुख्यमंत्री ने मुंबई में सार्वजनिक परिवहन के बंद होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ वैश्विक युद्ध इतना है कि लोगों को जीने के लिए घरों में रहना होगा।

महाराष्ट्र की शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि कक्षा एक से आठ तक की सभी परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया है, सभी छात्रों को बिना परीक्षा के अगली कक्षाओं में पदोन्नत किया जाएगा। कक्षा 9 और 11वीं के लिए परीक्षाएं 15 अप्रैल, 2020 के बाद आयोजित की जाएंगी।

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि महाराष्ट्र में तीन और लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं और इसके साथ ही राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या 52 हो गई है। टोपे ने कहा कि ये तीन मामले मुंबई, पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में सामने आए हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें