गुजरात के अहमदाबाद में कोरोना वायरस के मरीजों के साथ बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। दरअसल गुजरात में कोरोना वायरस संक्रमित कम से कम 25 मरीजों को अहमदाबाद के सरकारी अस्पताल की तरफ से भर्ती करने से इनकार कर दिया गया, जिसके बाद इन मरीजों को कई घंटों तक सड़कों पर खड़ा रहना पड़ा। इसके बाद में मामला सुलझाने के लिए राज्य सरकार ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को घटनास्थल पर भेजा। परेशान बेहाल मरीजों को छह घंटे बाद अस्पताल में भर्ती किया गया।
दरअसल पूरा मामला रविवार रात को सामने आया, जब एक मरीज ने पूरी घटना का वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। यह वीडियो रविवार रात करीब 8.45 बजे बनाया गया। इस वीडियो में कुछ पुरुष और महिलाएं कथित तौर पर सरकारी अस्पताल के बाहर खड़े हैं। ये सभी लोग वीडियो में कह रहे हैं कि वे कोरोना वायरस के मरीज हैं और अस्पताल में भर्ती होने के लिए दोपहर बाद तीन बजे से इंतजार कर रहे हैं।
इस वीडियो में एक महिला कहती हुई दिखाई दे रही है,‘‘हम कुल 25 लोग हैं जिनकी कल आई कोरोना वायरस रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई है। हम दोपहर बाद तीन बजे से सरकारी अस्पताल के बाहर इंतजार कर रहे हैं। शाम के 8.45 बज चुके हैं। हमारे पास खाना भी नहीं है। हमें बाहर इंतजार कराया जा रहा है और कोई हमें कुछ बता भी नहीं रहा है। कृपया हमारी मदद करें।
राज्य की प्रधान सचिव जयंती रवि ने सोमवार को बताया कि जैसे ही उन्हें इस मामले का पता चला स्वास्थ्य आयुक्त जय प्रकाश शिवहरे सहित वरिष्ठ अधिकारियों को सरकारी अस्पाल भेजा गया। इसके बाद तुरंत संक्रमित मरीजों को भर्ती कराया गया।