कोरोना वैक्सीन (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : PTI
दिवाली के बाद स्वदेशी कंपनी भारत बायोटेक कोरोना वायरस के टीके पर तीसरा परीक्षण शुरू कर सकती है। इस परीक्षण में करीब 40 हजार से अधिक लोगों को टीकाकरण किया जाएगा। सकारात्मक परिणाम मिलने के बाद ही इसे बाजार में लाया जाएगा। हालांकि बाजार में आने के बाद भी इस टीके पर परीक्षण चलता रहेगा।
भारत बायोटेक ने पहला चरण का डाटा सौंपा, 12 अस्पतालों में दूसरा ट्रायल जारी
टीके पर पहले चरण में हुए परीक्षण के परिणाम केंद्र सरकार को सौंप दिए गए हैं। भारत बायोटेक ने आईसीएमआर को पहले चरण के परिणाम को सौंप दिया है। जिसके बाद वैज्ञानिकों की टीम इसके अध्ययन में जुट गई है। सूत्रों का कहना है कि यह परिणाम स्वास्थ्य मंत्रालय से भी साझा किए गए हैं। सब कुछ ठीक होने के चलते ही सरकार ने टीकाकरण को लेकर तैयारियां अभी से शुरू कर दी है। अभी इसका पहला और दूसरे चरण का परीक्षण देश के 12 अस्पतालों में चल रहा है। दूसरे चरण के तहत लोगों को दूसरी डोज दी जा चुकी है।
पिछले सप्ताह ही 50 से अधिक को दोबारा दी डोज
दिल्ली एम्स में पिछले सप्ताह ही 50 से अधिक लोगों को इस टीके की दोबारा डोज दी गई है। अगले 28 दिनों में यह पता चलेगा कि जिन्हें टिका दिया है उनमें एंटीबॉडी किस तरह और कितने बन रहे हैं?