केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया
- फोटो : पीटीआई
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया गुरुवार को कोरोना टीकाकरण को लेकर राज्य और केंद्रीय शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। केंद्र सरकार ने हाल ही में 18 साल से ऊपर के लोगों का कोरोना टीकाकरण पूरा करने के लिए 'हर घर दस्तक' अभियान शुरू किया है। इसकी प्रगति जानने के लिए यह बैठक होने वाली है। यह बैठक गुरुवार को वर्चुअल होगी।
इससे पहले तीन नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 45 से अधिक जिला कलेक्टरों व स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इन जिलों में कोरोना टीकाकरण के पहली खुराक 50 प्रतिशत से कम लोगों को लगी है।
37 फीसदी पात्र आबादी को लगी दोनों खुराक
देश में कोरोना टीके के पात्र 18 साल से ऊपर के लोगों की आबादी 94 करोड़ है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, इसमें से लगभग 79.2 फीसद पात्र वयस्क आबादी को कोरोना वैक्सीन की एक खुराक लगाई जा चुकी है, जबकि 37 प्रतिशत से अधिक को दोनों खुराक दे दी गई हैं।
तीन टीकों का हो रहा इस्तेमाल
देश में इसी साल 16 जनवरी से राष्ट्रव्यापी निशुल्क कोरोना टीकाकरण की शुरुआत हुई थी। अभियान में अभी तीन टीकों का इस्तेमाल हो रहा है। सीरम इंस्टीट्यूट की कोविशील्ड, भारत बॉयोटेक की कोवाक्सिन और रूस की स्पुतनिक V की खुराक टीकाकरण के तहत दी जा रही है। जल्द ही बच्चों की वैक्सीन भी लगाई जाने लगेगी।