देश में अब तक 25 करोड़ से अधिक खुराक लगाई जा चुकी हैं लेकिन 80 फीसदी से अधिक लोगों ने वैक्सीन लेने से पहले कोविन वेबसाइट पर पंजीयन नहीं कराया था। इन लोगों ने अस्पताल या टीकाकरण केंद्र पर पहुंचकर वहां के स्वास्थ्य कर्मचारी के जरिये पंजीयन (वॉक-इन) कराया और उसके बाद वैक्सीन ली है।
कोविन प्रमुख डॉ. आरएस शर्मा ने कहा, नहीं हुआ कोई डाटा लीक
यह जानकारी देते हुए कोविन वेबसाइट के प्रमुख और राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के सीईओ डॉ. आरएस शर्मा ने बताया कि वैक्सीन की आपूर्ति और मांग के बीच काफी अंतर है। वॉक इन की वजह से यह परेशानी काफी दिक्कत दे सकती है।
इसीलिए एक बार फिर राज्यों को निर्देश दिए जा रहे हैं कि 18 से 44 वर्ष की आयु वालों को वॉक इन सिर्फ कुछ ही शर्तों पर स्वीकार किया जाए। जिनके पास स्मार्टफोन या इंटरनेट नहीं है उन्हें वॉक इन की छूट है।
इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में पंजीयन, राष्ट्रीय स्तर पर हेल्पलाइन और वॉक इन को लेकर भी कई काम चल रहे हैं जिनके बारे में आगामी दिनों में पता चलेगा। डॉ. शर्मा ने कोविन वेबसाइट से जुड़े डाटा लीक या हैकिंग को एक अफवाह बताया। उन्होंने कहा कि जब आईटी टीम के साथ मामले की जांच की गई तो उसमें पता चला है कि वेबसाइट से किसी का भी डाटा गायब या फिर चोरी नहीं हुआ है।
यहां से सर्टिफिकेट के अलावा अन्य कोई जानकारी डाउनलोड नहीं की जा सकती है। कोविन वेबसाइट पर सिर्फ व्यक्ति का नाम, उम्र, मोबाइल नंबर के बारे में ही जानकारी सुरक्षित रखी जा रही है। इसके अलावा अन्य जानकारी रखने का कोई उद्देश्य नहीं है। उन्होंने कहा कि लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। व्यवस्था पर भरोसा रखते हुए पंजीयन कराएं और संक्त्रस्मण से बचने के लिए टीकाकरण भी करवाएं।
ऑनलाइन बुकिंग के लिए 91 आवेदन
कोविन प्रमुख डॉ. शर्मा ने बताया कि ऑनलाइन टीकाकरण की बुकिंग को लेकर उनके पास 91 आवेदन लंबित हैं जिनमें डीआरएल, मैक्स हेल्थ, इंफोसिस जैसी बड़ी प्राइवेट कंपनियां भी शामिल हैं। इस पर अभी विचार चल रहा है।
दो लाख लोगों ने सुधारा सर्टिफिकेट
वैक्सीन लेने के बाद सर्टिफिकेट में हुईं गलतियों को सुधारने के लिए हाल ही में कोविन लाभार्थी को अवसर दिया गया था जिसके तहत अब तक दो लाख लोगों ने नाम, उम्र, जन्म तिथि इत्यादि से जुड़ी गलतियों में सुधार करवाया है। डॉ. शर्मा का कहना है कि यह प्रक्रिया अभी भी चल रही है। शायद अगले कुछ सप्ताह में इनकी संख्या और भी अधिक हो सकती है।