देश में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान जारी है। अब तक 15,71,98,207 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। बता दें कि 1 मई से कोविड टीकाकरण का तीसरा चरण शुरू हो चुका है। इसमें 18 साल से ऊपर के लोगों को कोविड का टीका लगाया जा रहा है। हालांकि, अभी यह सभी राज्यों में शुरू नहीं हुआ है।
महाराष्ट्र में कोविड-19 के 56,647 नए मामले, 669 लोगों की मौत
महाराष्ट्र में रविवार को कोविड-19 के 56,647 नए मामले आए तथा 669 और लोगों की मौत हो गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि नए मामलों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 47,22,401 और मृतक संख्या 70,284 हो गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान 51,356 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई। राज्य में 6,68,353 उपचाराधीन मरीज हैं। अब तक 39,81,658 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं। राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान कोविड-19 संबंधी 2,57,470 नमूनों की जांच की गई । अब तक कुल 2,76,52,758 नमूनों की जांच की जा चुकी है।
दिल्ली में कोविड-19 से 407 लोगों की मौत
राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को कोविड-19 के 20,394 नए मामले आए और 407 लोगों की मौत हो गई। वहीं संक्रमण दर घटकर 28.33 प्रतिशत हो गई है। दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक लगातार दूसरे दिन 400 से ज्यादा लोगों की मौत हुई। शनिवार को दिल्ली में 412 लोगों की मौत हुई थी। बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली में संक्रमण के अब तक कुल 11,94,946 मामले आए हैं जिनमें से 10.85 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से 16,966 लोगों की मौत हुई है। पिछले 13 दिनों में संक्रमण दर 30 प्रतिशत अधिक थी। दिल्ली में शनिवार को संक्रमण दर 31.6 प्रतिशत थी। पिछले 24 घंटे के दौरान 71,997 नमूनों की जांच की गयी। दिल्ली में 92,290 उपचाराधीन मरीज हैं। संक्रमण से 24,444 और मरीज ठीक हो गए।