स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वे हमारे नायक हैं और सकारात्मक रवैये के हकदार हैं। मंत्री ने ‘कोरोना योद्धाओं’ की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि आज, भारतीय वायु सेना पूरे देश में इन योद्धाओं पर हेलीकॉप्टरों से पुष्पवर्षा कर उन्हें सम्मान दे रही है।
हर्षवर्धन ने कहा कि कोविड-19 से निपटने में भारत के प्रयासों की न केवल विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने तारीफ की है, बल्कि पूरी दुनिया एक स्वर में इन्हें सराह रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने यहां लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज (एलएचएमसी) का दौरा किया और कोविड-19 के प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया।
अस्पताल के कोविड-19 प्रखंड में हर्षवर्धन ने वीडियो कॉल से दो इंटर्न डॉक्टरों से बातचीत की जो यहां रोगियों का इलाज करने के दौरान संक्रमित हो गए और उन्हें भर्ती कराया गया है।
मंत्री ने डिजिटल माध्यम से कोविड-19 वार्ड में भर्ती दो रोगियों से भी बात की जिन्होंने यहां की सुविधाओं के बारे में उन्हें बताया। हर्षवर्धन ने कहा कि पिछले कुछ दिन में मैंने एम्स दिल्ली, एलएनजेपी, आरएमएल, सफदरजंग, एम्स झज्जर, राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों और अब एलएचएमसी का दौरा कर कोविड-19 से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया है और मैं इन अस्पतालों के कोरोना वायरस के प्रकोप से प्रभावी तरीके से निपटने के बंदोबस्त से संतुष्ट हूं।
उन्होंने कहा कि देश में इस समय 130 जिले हॉटस्पॉट, 284 गैर-हॉटस्पॉट और 319 जिले संक्रमण रहित हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में कोरोना वायरस के अब तक कुल 39,980 मामले सामने आए हैं।
भारत में 22 अप्रैल को कोरोना वायरस के 20,471 मामले थे। यहां तक पहुंचने में हमें करीब 12 सप्ताह का वक्त लगा। इसके अगले 11 दिन में, यानी 3 मई की सुबह तक मामलों की संख्या 40 हजार के करीब पहुंच गई है। इस दौरान मामलों की रोजाना औसत बढ़ोतरी की दरे 5.2 से 8.1 फीसदी के बीच रही है।
देश में अब तक 10 लाख से ज्यादा आरटी-पीसीआर जांच
दस लाख जांच के बाद भारत अमेरिका, जर्मनी, स्पेन जैसे देशों से बेहतर है।
- भारत 39,980
- अमेरिका 1,64,620
- जर्मनी 73,522
- स्पेन 2,00,194
- तुर्की 1,17,589
- इटली 1,52,271
(स्रोत : स्वास्थ्य मंत्रालय, आईसीएमआर और आवर वर्ल्ड इन डाटा)