फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Corona Booster Dose: अमृत महोत्सव के अभियान में बढ़ी कोविड वैक्सीन की मांग, लाखों टीकों की बर्बादी भी रुकी

Tue, 09 Aug 2022 05:27 PM IST
Harendra Chaudhary डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Corona Booster Dose: सीरम के मुख्य कार्य अधिकारी अदार पूनावाला ने हाल ही में कहा था कि करीब 10 करोड़ खुराकों का बर्बाद होना तो तय है। इन 20 करोड़ खुराकों में से हम बूस्टर अभियान के लिए 5 से 10 करोड़ खुराक बचाने की कोशिश कर रहे हैं...
विज्ञापन
Corona Booster Dose: बूस्टर खुराक - फोटो : Istock
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर अमृत महोत्सव के अंतर्गत देशभर में मुफ्त टीका अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। हर दिन लाखों लोग इस अभियान के तहत टीके की खुराक ले रहे हैं। इस अभियान से एक तरफ बूस्टर खुराक की मांग काफी बढ़ गई है। वही दूसरी तरफ टीके की लाखों की खुराके भी बर्बाद होने से बच गई है।

जुलाई के शुरुआती 14 दिन में 18 से 59 साल के लोगों को रोजाना औसतन 1.53 लाख टीके लग रहे थे। 15 जुलाई के बाद उसी उम्र के लोगों को रोजाना औसतन 18.6 लाख टीके लग रहे हैं। 3 अगस्त को एक दिन में करीब 20.7 लाख टीके लगे। टीकाकरण के लिए योग्य आबादी में से केवल आठ फीसदी लोगों ने 14 जुलाई तक बूस्टर टीका लगवाया था, लेकिन अब उनका आंकड़ा 14 फीसदी हो गया है। सरकार के इस अभियान का नतीजा यह रहा है कि कोविशील्ड की लाखों खुराक बर्बाद होने से बच सकती हैं।

हाल ही में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के पुणे के सूत्रों ने दावा किया था कि सीरम के सभी टीके नवंबर-दिसंबर में एक्सपायर होने की कगार पर हैं। सीरम ने पिछले साल दिसंबर मे कोविशील्ड बनाना बंद कर दिया था क्योंकि तब उसके पास टीके की 25 करोड़ खुराक तैयार थीं और 25 करोड़ खुराक थोक की शक्ल में थीं। अब उसके पास करीब 20 करोड़ खुराक बची हैं और उसे उम्मीद है कि मुफ्त बूस्टर अभियान में 10 करोड़ टीके खप जाएंगे। सीरम के मुख्य कार्य अधिकारी अदार पूनावाला ने हाल ही में कहा था कि करीब 10 करोड़ खुराकों का बर्बाद होना तो तय है। इन 20 करोड़ खुराकों में से हम बूस्टर अभियान के लिए 5 से 10 करोड़ खुराक बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए केंद्र सरकार ने सभी वयस्कों को मुफ्त सतर्कता डोज लगाने का निर्णय किया है। देश की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर मनाए जा रहे सरकार के आजादी का अमृत महोत्सव के हिस्से के रूप में 15 जुलाई से अगले 75 दिनों तक मुफ्त सतर्कता डोज अभियान चलाया जा रहा है।

सरकारी केंद्रों पर अभी केवल 60 से अधिक उम्र के लोगों, स्वास्थ्य कर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर को ही मुफ्त सतर्कता डोज लगाई जा रही थी। अमृत महोत्सव के अंतर्गत 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग के लिए कोरोना वैक्सीन की सतर्कता डोज मुफ्त में लगाई जा रही है। यह सुविधा केवल सरकारी टीका केंद्रों पर ही मिलेगी। अगर कोई निजी अस्पतालों या डिस्पेंसरी में सतर्कता डोज लगवाता है तो पहले की तरह उसे उसका मूल्य चुकाना होगा।

विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें