मुंबई भारतीय जनता पार्टी के एक पदाधिकारी को फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। बांगुर नगर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि मुंबई भाजपा युवा शाखा के प्रमुख तेजिंदर सिंह तिवाना को धमकी मिली। धमकी देने वाले ने खुद को 'लश्कर-ए-खालसा' का संदीप सिंह बताया। उसने पार्टी नहीं छोड़ने पर भाजपा नेता और उनके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी है। उन्होंने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 506 बी (आपराधिक धमकी) और अन्य अपराधों के तहत मामला दर्ज किया गया है और फोन करने वाले को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।