फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आरोप: ममता ने कहा- पीएम की जानकारी में और अमित शाह की शह पर रची गई कूचबिहार नरसंहार की साजिश

Tue, 13 Apr 2021 03:16 AM IST
देव कश्यप एजेंसी, रानाघाट

सार

  • ममता बनर्जी ने कहा, गोली चलाने और हिंसा की बात करने वालों पर प्रतिबंध के लिए लाएंगे बिल  
विज्ञापन
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की ओर से कूचबिहार हिंसा को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के उकसावे का परिणाम बताए जाने पर तृणमूल सुप्रीमो ने पलटवार करते हुए कहा कि कूचबिहार नरसंहार की साजिश गृहमंत्री शाह ने प्रधानमंत्री की जानकारी में रची। उन्होंने कहा, आप बंगाल के लोगों को बांटने की अपनी कुटिल चाल में कामयाब नहीं हो सकते। यह उत्तर प्रदेश या गुजरात नहीं है। उन्होंने कहा कि वे गोली चलाने और हिंसा की बात करने वालों को राजनीति में रोकने के लिए बिल लाएंगी।

विज्ञापन


एक ही काम बचा, भाजपा हटाओ देश बचाओ
तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ने कहा, मैं बहुत दुखी और शर्मिंदा हूं, मैंने आज तक ऐसा प्रधानमंत्री नहीं देखा है जो बोलते वक्त मर्यादा की सीमाओं को पार कर जाता हो। उन्होंने अपनी सरकार के कार्यों का लेखा जोखा देते हुए कहा, मैंने सभी धर्मों के लिए काम किया है। मैंने क्या नहीं किया है? अब केवल एक चीज बची है, भाजपा हटाओ देश बचाओ। बनर्जी ने इस दौरान राज्य में वाम दलों और कांग्रेस के गठबंधन पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां भाजपा की एजेंट हैं।



चुनाव आयोग स्वत: संज्ञान क्यों नहीं लेता?
तृणमूल नेता ने कहा, आप (नरेंद्र मोदी) वोट के लिए बांग्लादेश गए और अब हिंसा हो रही है। चुनाव आयोग इसका स्वत: संज्ञान क्यों नहीं ले रहा है? आप ट्रंप कार्ड चलने के लिए ट्रंप (अमेरिका के पूर्व प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप) के पास गए और अब बंगाल कार्ड चलने के लिए बांग्लादेश के पास। बनर्जी ने आयोग पर भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए कहा, मैं चुनाव आयोग से हाथ जोड़कर निवेदन करती हूं कि सिर्फ भाजपा की न सुनें, सभी की सुनें, पक्षपाती न बनें।
विज्ञापन


बनर्जी ने कहा, मैं सौगत दा (तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय) से कह रही हूं कि एक निजी विधेयक में इस बात को भी शामिल किया जाना चाहिए जो गोली चलाने की और हिंसा की बात करते हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

हिंसा भड़काने वाले नेताओं पर लगे प्रतिबंध
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि जो कूचबिहार जैसी और हिंसा की धमकी दे रहे हैं, उन पर प्रतिबंध लगना चाहिए। उन्होंने रैली में हैरत जताते हुए पूछा कि ये कैसे राजनेता हैं जो ऐसा बयान दे रहे हैं कि शीतलकुची जैसी घटना और भी हो सकती है और मरने वालों की संख्या और बढ़नी चाहिए थी। बता दें, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष के आपत्तिजनक बयान के बाद अब पार्टी नेता राहुल सिन्हा ने भी कहा कि कूचबिहार में चार की जगह आठ लोगों को गोली लगनी चाहिए थी। उन्होंने कहा भाजपा अपने ही लोगों को मारकर और गाड़ी पर हमले करवाकर तृणमूल का नाम खराब करना चाहती है।

 तृणमूल सुप्रीमो ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सीआईएसएफ की फायरिंग में चार लोगों के मारे जाने की साजिश से पहले राजबंशी भाई की हत्या भी करवाई। उन्होंने कहा कि वह सत्ता में आने के बाद इस पूरे मामले की जांच कराएंगी। सीएम ने लोगों से कहा कि वह ऐसी पार्टी को वोट न दें जिसने मतदान के लिए लाइन में खड़े लोगों पर गोलियां चलवाईं।

माकपा नेता बिमान बोस ने कूचबिहार हिंसा पर आयोग की क्लीन चिट पर उठाए सवाल
वरिष्ठ माकपा नेता बिमान बोस ने कूचबिहार हिंसा पर सीआईएसफ को दी गई क्लीन चिट पर सवाल उठाते कहा कि घटना का अभी तक कोई वीडियो फुटेज नहीं आया है, ऐसे में आयोग ने कैसे क्लीन चिट दे दी। संयुक्त मोर्चा (वामदल, कांग्रेस और आईएसएफ) गठबंधन ने कहा कि आयोग की सत्यनिष्ठा पर कभी सवाल नहीं उठने चाहिए। उसने पूछा कि आखिर किस आधार पर आयोग ने यह फैसला किया। वरिष्ठ माकपा नेता बिमान बोस की अगुवाई में संयुक्त मोर्चा का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को मुख्य चुनाव अधिकारी अरिज आफताब से मिला और अपनी बातें रखीं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें