कांग्रेस नेता अजय राय ने पहलगाम आतंकवादी हमले के दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। इसे लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस दोहरी नीति अपना रही है।
भाजपा ने राफेल विमान को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की ओर से दिए गए बयान पर पलटवार किया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस दोहरी नीति अपना रही है। एक ओर कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन इंडिया केंद्र सरकार का समर्थन करने की बात कह रहा है। वहीं दूसरी ओर उनके नेता देश के खिलाफ बयान दे रहे हैं और सेना का मनोबल गिरा रहे हैं।
विज्ञापन
भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद भारत-पाकिस्तान सीमा पर तनाव बढ़ गया है। पाकिस्तान लगातार सीमा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। वहीं कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन इंडिया के नेता सेना को निशाना बनाकर बयान दे रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस की तुलना पाकिस्तान की आतंकवाद के समर्थन को लेकर अपनाई जा रही चाल से की।
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि एक ओर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेता कहते हैं कि हम सरकार के साथ हैं लेकिन दूसरी ओर कांग्रेस के नेता देश के खिलाफ बयान दे रहे हैं। यह कुछ वैसा ही है जैसा पाकिस्तान करता है। पाकिस्तान एक ओर आतंकवाद का समर्थन न करने की बात कहता है लेकिन दूसरी ओर आतंकवाद को पनाह भी देता है।
राफेल लिखे खिलौने पर नींबू-मिर्ची
गौरतलब है कि रविवार को अजय राय ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार ने पहलगाम आतंकवादी हमले के दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है और केवल बड़ी-बड़ी बातें की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने राफेल लड़ाकू विमान खरीदे हैं, लेकिन वे हैंगर में पड़े हैं और उन पर नींबू मिर्ची लटकी हुई है। राय ने एक खिलौना विमान दिखाया जिस पर राफेल लिखा हुआ था और उस पर नींबू-मिर्ची लटकी हुई थी।श्