भगवा कपड़े पहने बाबा साहेब के पोस्टर लगाए गए।
- फोटो : ANI
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत पूरा देश आज संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉ भीमराव आंबेडकर को उनकी पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित कर देश के लिए उनके योगदान को याद कर रहा है। वहीं, तमिलनाडु के कुंभकोणम में बाबासाहेब की पुण्यतिथि पर इंदु मक्कल काची द्वारा उनके ऐसे पोस्टर चस्पा किए गए हैं, जिनपर विवाद हो सकता है। हालांकि इंदु मक्कल काची के संस्थापक अर्जुन संपत ने इन पोस्टर को लेकर कहा कि आंबेडकर एक राष्ट्रीय नेता हैं।
क्या है इन पोस्टर में
राज्य के कुंभकोणम इलाके में इंदु मक्कल काची द्वारा लगाए गए डॉ भीमराव आंबेडकर के पोस्टर में बाबा साहेब को भगवा कपड़े पहने दिखाया गया है। इंदु मक्कल काची द्वारा लगाए गए इन पोस्टरों को लेकर राज्य में विवाद खड़ा हो रहा है। कई लोगों ने इन पोस्टरों को लेकर लगाने वालों की तीखी आलोचना की है। लोगों का कहना है कि इसके जरिए उन्हें दक्षिणपंथी दिखाने की कोशिश की जा रही है। वहीं, तमिलनाडु वीसी के प्रमुख और सांसद थोल थिरुमालावलन ने इस घटना की निंदा की है उन्होंने कहा है ति भारत के संविधान के जनक की फोटो गलत तरीके से लगाई गई है और यह फोटो उनके विचारों के खिलाफ है।