कई विवादों में फंसीं असम पुलिस की एक महिला सब-इंस्पेक्टर की मंगलवार तड़के मौत हो गई। जब वे कार से जा रही थीं, तभी उनकी कार नागांव जिले में एक कंटेनर ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। पुलिस पर बनी फिल्मों के बाद 'लेडी सिंघम' या 'दबंग कॉप' के नाम से मशहूर जूनमोनी राभा अपनी निजी कार में अकेली थीं। हादसा कलियाबोर अनुमंडल के जाखलाबंधा थाना क्षेत्र के सरुभुगिया गांव में हुआ।
चालक मौके से फरार
जाखलाबांधा पुलिस थाने के प्रभारी पवन कलिता ने बताया कि सुबह करीब ढाई बजे सूचना मिलने के बाद एक पुलिस गश्ती दल मौके पर पहुंचा और उन्हें पास के अस्पताल ले गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश से आ रहे कंटेनर ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया, लेकिन दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। नौगांव की पुलिस अधीक्षक लीना डोले सुबह मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
वित्तीय अनियमितताओं के आरोप भी लगे थे
हालांकि, पुलिस को इस बात का कोई सुराग नहीं मिला है कि एसआई अपनी निजी कार में बिना किसी सुरक्षा के सादे कपड़ों में अकेले ऊपरी असम की ओर क्यों जा रही थी? उनके परिवार के सदस्यों ने भी इस बारे में किसी भी जानकारी होने से इनकार किया। मोरीकोलॉन्ग पुलिस चौकी के प्रभारी रहीं राभा अपराधियों के खिलाफ सख्त होने के लिए जानी जाती थीं। हालांकि, उन पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप भी लगे थे।
विवादों से रहा था नाता
पिछले साल जून में उन्हें अपने पूर्व प्रेमी के साथ कथित भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और माजुली जिले की एक अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इसके बाद उन्हें सेवा से भी निलंबित कर दिया गया था। बाद में निलंबन हटा लिया गया और वह फिर से अपना पदभार संभाला। वह जनवरी 2022 में एक और विवाद में फंस गई थीं, जब बिहपुरिया निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा विधायक अमिय कुमार भुइयां के साथ उनकी टेलीफोनिक बातचीत लीक हो गई थी।