फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तर भारत में सर्दी का कहर बढ़ा, दिल्ली में फिर बढ़ी स्मॉग की संभावना, दक्षिणी राज्यों में होगी भारी बारिश

Sun, 29 Nov 2020 02:30 AM IST
देव कश्यप एजेंसी, नई दिल्ली
विज्ञापन
कड़ाके की ठंड (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

ऊंचे पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी के चलते उत्तर भारत के मैदानी व पर्वतीय इलाकों में सर्दी का कहर बढ़ गया है। उधर, हवाओं की गति में कमी आने और मौसम में ठंडक बढ़ने के कारण दिल्ली के एक बार फिर स्मॉग की चादर में लिपटने के आसार बन गए हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने पहले ही निवार चक्रवात से जूझ रहे दक्षिणी राज्यों में एक दिसंबर से दोबारा भारी बारिश शुरू होने का अनुमान जताया है।

विज्ञापन


दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 26.4 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार को तेज हवाओं के चलने और पराली जलाने के मामले घटने के कारण राष्ट्रीय राजधानी में आसमान साफ दिखा था, लेकिन शनिवार को हवा का स्वाद दोबारा बिगड़ गया। शनिवार को 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 231 अंक के साथ दोबारा ‘खराब’ की श्रेणी में पहुंच गया, लेकिन सरकारी विशेषज्ञों ने अगले दो दिन में इसके ‘बेहद खराब’ श्रेणी में पहुंचने का अनुमान जताया है।


उत्तर भारत में शीतलहर चलने की संभावना बढ़ गई है। जम्मू-कश्मीर में गुलमर्ग का तापमान माइनस 5.6 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि केंद्र शासित प्रदेश में मौसम विभाग ने 4 दिसंबर तक सूखा मौसम रहने के आसार जताए हैं। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 2.2 डिग्री, जबकि अनंतनाग के काजीगुड़ा में माइनस 1.0 और कुपवाड़ा में माइनस 1.8 डिग्री रहा।
विज्ञापन


हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटे में सूखा मौसम रहने से तापमान में 1 से 2 अंक की बढ़ोतरी हुई है। केलांग माइनस 9.5 डिग्री के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जबकि ऊना में सबसे ज्यादा 28.4 डिग्री तापमान आंका गया।

राजस्थान में भी तापमान में अचानक कई डिग्री की गिरावट आई है। हिल स्टेशन माउंट आबू 1.0 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा तो मैदानी भागों में चुरू में सबसे कम 5.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

हालांकि हरियाणा और पंजाब में न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में 8.7 डिग्री तापमान रहा। हरियाणा में अंबाला (9.5 डिग्री) सबसे ठंडा रहा तो पंजाब में अमृतसर (6.8 डिग्री) को सबसे ठंडा आंका गया। हालांकि दोनों ही शहरों का तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा था।

उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार सूखा बना हुआ है, लेकिन राज्य के कुछ हिस्सों में कोहरे का असर बढ़ने लगा है। वाराणसी मंडल में जहां दिन का तापमान कम हुआ है, वहीं बरेली मंडल में तापमान में अहम बढ़ोतरी दिखी है। हालांकि शेष मंडलों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है।

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिणी अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। यह अगले 48 घंटों में तमिलनाडु के तटीय इलाकों की तरफ बढ़ सकता है। इसके चलते एक दिसंबर को दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश के आसार बन गए हैं। आईएमडी ने एक दिसंबर को केरल के पठानमथिट्टा और इडुक्की जिलों के लिए और दो दिसंबर को तिरुवनंतपुरम और कोलम जिलों के लिए बेहद भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

आंध्र में मृतकों को मिलेगा 5-5 लाख का मुआवजा
आंध्र प्रदेश में निवार चक्रवात के कारण बारिश व बाढ़ के चलते चित्तूर और कडापा जिलों में पिछले तीन दिन में आठ लोग मर चुके हैं। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें