फिलहाल हरियाणा में हुई पूरी घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय अपनी निगाह लगाए हुए है। पुलिस महकमे के मुताबिक पल-पल की रिपोर्ट केंद्रीय गृह मंत्रालय समेत जिम्मेदार अधिकारियों को दी जा रही है। फिलहाल पुलिस अब इस पूरे मामले में यह तहकीकात करने जुटी है कि 31 जुलाई के 7 दिन पहले से किस तरीके की घटनाएं सोशल मीडिया पर हो रही थीं। पुलिस घटना के 96 घंटे पहले एवं सोशल मीडिया फुटेज और वीडियो समेत सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की एक्टिविटी को भी खंगाल रही है। पता अब यह भी किया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर कौन-कौन से लोगों ने क्रिया और प्रतिक्रिया देकर माहौल को भड़काने की कोशिश की है। जांच एजेंसियों से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे मामले में जिस स्तर पर भी लापरवाही हुई होगी, उनमें से किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।