'अग्निपथ योजना' के विरोध के बीच भाजपा महासचिव विजयवर्गीय ने कहा था कि अगर उन्हें पार्टी कार्यालय में सुरक्षा की व्यवस्था करने के लिए पेशेवरों की सेवाएं लेनी हैं, तो वह उन लोगों को प्राथमिकता देंगे जिन्होंने 'अग्निवीर' सैनिक के रूप में सेवा की है।
कांग्रेस ने कैलाश विजयवर्गीय की उस टिप्पणी को लेकर भाजपा पर कटाक्ष किया है जिसमें उन्होंने कहा था कि वह अपनी पार्टी के कार्यालय की सुरक्षा के लिए 'अग्निवीरों' को प्राथमिकता देंगे। कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि अब हम जान गए हैं कि 2019 में शुरू किए गए 'मैं भी चौकीदार' अभियान का वास्तव में क्या मतलब था।
विज्ञापन
सशस्त्र बलों में भर्ती के लिए 'अग्निपथ योजना' के विरोध के बीच भाजपा महासचिव विजयवर्गीय ने कहा था कि अगर उन्हें पार्टी कार्यालय में सुरक्षा की व्यवस्था करने के लिए पेशेवरों की सेवाएं लेनी हैं, तो वह उन लोगों को प्राथमिकता देंगे जिन्होंने 'अग्निवीर' सैनिक के रूप में सेवा की है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने विजयवर्गीय की टिप्पणी पर छपी एक मीडिया रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट पोस्ट करते हुए लिखा, अब हम जान गए हैं कि 2019 में मैं भी चौकीदार अभियान शुरू करने का भाजपा का वास्तव में क्या मतलब था।
विज्ञापन
वहीं मध्यप्रदेश कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल से कहा, "बीजेपी महासचिव कर रहे सैनिकों का अपमान, बीजेपी कार्यालय के बाहर चौकीदार बनेंगे अग्निवीर।
मोदी जी, इसी मानसिकता का डर था। बेशर्म सरकार।"
इससे पहले एक अन्य ट्वीट में जयराम रमेश ने 'मोदी पथ' के पांच मंत्र पोस्ट करते हुए 'अग्निपथ योजना' को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा था। उन्होंने कहा कि गुस्साए किसान और नाराज सैनिक भारत की नई पहचान बन गए हैं।
रमेश ने यह भी कहा कि सरकार पहले एक उपाय की घोषणा करती है और फिर इससे उत्पन्न होने वाले मुद्दों को हल करने में जुट जाती है। उन्होंने सरकार पर देश की बेशकीमती संपत्ति बेचने का भी आरोप लगाया।