जानकारी के मुताबिक गांधी परिवार कांग्रेस के अस्थाई अध्यक्ष और नए अध्यक्ष की चयन प्रक्रिया से खुद को दूर रखेगा। इस बैठक में राहुल गांधी के शामिल न होने के संकेत भी मिल रहे हैं। दूसरी ओर नए अध्यक्ष को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का नाम भी सामने आया है, उनके नेतृत्व में चार कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं।
राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफे और नए अध्यक्ष के चुनाव से खुद को दूर रखने के बाद यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी पार्टी प्रमुख का नाम सुझाने से इनकार कर दिया है। दरअसल गांधी परिवार नहीं चाहता है कि पार्टी के नए अध्यक्ष पर परिवार के करीबी या कठपुतली होने का ठप्पा लगे। हालांकि सोनिया ने कहा कि पार्टी को उनका सहयोगात्मक रवैया जारी रहेगा।
नए अध्यक्ष के चुनाव में राहुल गांधी के रुख को देखते हुए पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने सोनिया गांधी से मिलकर कोई नाम सुझाने को कहा, लेकिन उन्होंने भी इनकार कर दिया। सोनिया ने सीडब्ल्यूसी में सबकी सलाह से फैसला लेने की बात कही। सूत्रों का कहना है कि गांधी परिवार सीडब्ल्यूसी की बैठक से भी दूरी बनाना चाहता है ताकि सदस्यों को फैसला लेने में आसानी हो।
पार्टी नेता 10 जुलाई को सीडब्ल्यूसी की बैठक बुला सकते हैं। ऐसा इस बात को ध्यान में रखकर किया गया है कि राहुल उस दिन दिल्ली में होंगे। राहुल ने बुधवार को जिस तरह कहा कि अगली प्रक्रिया का उनसे कोई लेनादेना नहीं है और नए अध्यक्ष का फैसला एक महीने पहले हो जाना चाहिए था, उससे नहीं लगता कि वह इस बैठक में शामिल होंगे।