'सोनिया और राहुल के नेतृत्व पर पूरा भरोसा'
जिन लोगों ने पार्टी नेतृत्व को लेकर सोनिया गांधी को पत्र लिखा था उन्होंने सीडब्ल्यूसी की बैठक में कहा है कि उन्हें सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक उन नेताओं ने कहा, 'संगठन की बेहतरी के लिए कुछ चिंताएं थीं, पत्र उन्हें जाहिर करने के लिए लिखा गया था। हमें सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है।'
राहुल ने कभी नहीं कही भाजपा से मिलीभगत की बात : गुलाम नबी आजाद
राहुल गांधी के बयान पर नाराज होकर इस्तीफा देने की बात कहने वाले गुलाम नबी आजाद ने अब सुर बदल लिए हैं। आजाद ने कहा, 'राहुल गांधी ने यह कभी नहीं कहा, न ही सीडब्ल्यूसी में और न बाहर कि यह पत्र भाजपा से मिलीभगत में लिखा गया था।'
मुस्लिम नेता कब तक कांग्रेस नेतृत्व के गुलाम रहेंगे : ओवैसी
कांग्रेस में भाजपा से सांठगांठ के आरोपों को लेकर एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। ओवैसी ने कहा, 'गुलाम नबी आजाद हमें भाजपा की बी टीम कहा करते थे। अब, उनकी ही पार्टी के पूर्व अध्यक्ष कह रहे हैं कि उन्होंने पत्र पर दस्तखत कर भाजपा से मिलीभगत की है। कांग्रेस में अपना समय बर्बाद कर रहे मुस्लिम नेताओं को सोचना चाहिए कि वह आखिर कब तक कांग्रेस नेतृत्व के गुलाम बने रहेंगे।'
पार्टी की कमान अपने हाथों में लें राहुल गांधी: अहमद पटेल
सूत्रों के अनुसार पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने बैठक के दौरान राहुल गांधी से कहा कि वे कांग्रेस पार्टी की कमान को अपने हाथों में लें।
सिब्बल ने वापस लिया ट्वीट
राहुल गांधी से बातचीत के बाद कपिल सिब्बल ने कहा, 'राहुल गांधी ने मुझे व्यक्तिगत रूप से सूचित किया कि उन्होंने कभी ऐसा नहीं कहा है इसलिए मैं अपना ट्वीट वापस लेता हूं।'
भाजपा के साथ मिलीभगत वाले बयान पर सुरजेवाला ने दी सफाई
राहुल गांधी ने नेतृत्व में बदलाव को लेकर पत्र लिखने वाले नेताओं पर निशाना साधते हुए इसे भाजपा के साथ मिलीभगत करार दिया। जिसपर सिब्बल और आजाद जैसे वरिष्ठ नेताओं ने विरोध जताया। अब इसपर पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सफाई दी है। उन्होंने कहा, 'श्री राहुल गांधी की बात का वो मतलब नहीं था और न ही उन्होंने ऐसा कहा। कृपया झूठी मीडिया बातचीत या गलत सूचना के प्रसार से भ्रमित न हों। लेकिन हां, हम सभी को एक साथ मिलकर मोदी सरकार के खिलाफ लड़ना है न कि एक-दूसरे को चोट पहुंचाने या कांग्रेस के खिलाफ।'
राहुल की बात साबित होने पर दे दूंगा इस्तीफा: गुलाम नबी
पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा है कि यदि राहुल गांधी का भाजपा के साथ मिलीभगत वाला बयान साबित हो जाता है तो वे अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।
राहुल पर कपिल सिब्बल ने किया पलटवार
सूत्रों के अनुसार, बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि ऐसा (पार्टी नेतृत्व में सुधारों के लिए सोनिया गांधी को पत्र) भाजपा के साथ मिलीभगत की वजह से किया गया। इसपर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने जवाब देते हुए कहा, 'राहुल गांधी का कहना है कि हम भाजपा के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। मैंने राजस्थान उच्च न्यायालय में कांग्रेस पार्टी का सही पक्ष रखा। भाजपा सरकार को गिराने के लिए मणिपुर में पार्टी का बचाव किया। पिछले 30 सालों में कभी भी किसी मुद्दे पर भाजपा के पक्ष में बयान नहीं दिया। फिर भी हम भाजपा से मिले हो सकते हैं।'