कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की नवंबर 2016 में हुई बैठक में राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने के प्रस्ताव पर पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कोई फैसला नहीं लिया है। बावजूद इसके छह जून को बुलाई गई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में एक बार फिर राहुल की ताजपोशी का मामला उठ सकता है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्यसमिति की बैठक के एजेंडे को अंतिम रूप दे रहे हैं। मुख्य एजेंडा में राष्ट्रपति चुनाव में पार्टी की भूमिका, अक्तूबर तक संगठन चुनाव, चुनावी राज्यों की संगठनात्मक रणनीति और देश के वर्तमान हालातों व चुनौतियों पर चर्चा को रखे जाने की उम्मीद है।
पार्टी में राहुल गांधी समर्थक एक बार फिर सक्रिय हैं। उनका कहना है कि बीते साल कई महत्वपूर्ण बैठकें राहुल गांधी की अध्यक्षता में हुई थीं। विपक्षी पार्टियों के नेताओं से तालमेल के कार्यक्रमों में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई।