पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को एनएससी बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बाहर आने पर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए। शाह की कोलकाता रैली से पहले उन्हें काले झंडे दिखाए गए।
बता दें कि अमित शाह के हवाई अड्डे से बाहर आते ही युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शाह को काले झंडे दिखाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके खिलाफ नारेबाजी भी की। कार्यकर्ताओं ने सड़क पर मोटरसाइकिलें लगा कर शाह के काफिले को रोकने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां से हटा दिया।
इससे पूर्व, शाह की अगवानी प्रदेश भाजपा प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय और राज्य पार्टी अध्यक्ष दिलीप घोष ने की। कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं ने नाच गा कर उनका स्वागत किया और पश्चिम बंगाल में भी राष्ट्रीय नागरिक पंजी की मांग की।