पांच राज्यों में होने वाले चुनाव में कांग्रेस महंगाई को अपना अहम हथियार बनाकर चुनावी मैदान में उतरेगी। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कर दिया है जिस तरीके से महंगाई बढ़ रही है और सरकार का उस पर नियंत्रण नहीं है। यही वजह है कि लोग बहुत परेशान है।
पेट्रोल से लेकर डीजल और एलपीजी की लगातार बढ़ रही कीमतें लोगों की कमर तोड़ रही हैं। कांग्रेस ने कहा कि पांच राज्यों में होने वाले चुनाव में जनता इस बार भारतीय जनता पार्टी को महंगाई के मुद्दे पर करारा जवाब देगी। कांग्रेस के कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार की आर्थिक नीतियां बहुत लचर हैं।
यही वजह है कि नोटबंदी के बाद न सिर्फ अर्थव्यवस्था चरमराई बल्कि जीएसटी पर लगातार स्लैब बदलने से खुद सरकार की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। पूर्व वित्त मंत्री पवन बंसल ने कहा यूपीए की सरकार में 1,74,000 करोड़ रुपये की सब्सिडी जारी थी।
जबकि भाजपा सरकार ने अब इस सब्सिडी को भेज 22,000 करोड़ रुपये पर समेट दिया है। पवन बंसल का कहना है कि यह सीधे-सीधे जनता की जेब पर डाका है क्योंकि उनकी सरकार जनता को राहत और रियायत देती थी ताकि चीजें आसानी से चल सके। भारतीय जनता पार्टी ने सरकार द्वारा दिए जाने वाली इन सुविधाओं को उनसे छीन लिया।
पवन बंसल ने कहा कि भाजपा सरकार ने एक्साइज ड्यूटी बढ़ा दी, नतीजतन महंगाई में जबरदस्त इजाफा हुआ। बंसल का कहना है 9.20 रुपये वाली एक्साइज ड्यूटी को वर्तमान सरकार ने 32.78 रुपये पर पहुंचा दिया है। यही वजह है कि महंगाई आसमान पर पहुंच गई है।