कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ महात्मा गांधी की हत्या के लिए आरएसएस को जिम्मेदार ठहराने वाले बयान को लेकर चले रहे मानहानि के मामले में 3 मार्च को सुनवाई होनी है। हालांकि मानहानि दायर करने वाले आरएसएस कार्यकर्ता राजेश कुंते कहा है कि अगर राहुल गांधी इस बयान के लिए माफी मांग लेते हैं, तो उनके खिलाफ दायर मानहानि याचिका वापस ले लेंगे।
कुंते के वकील ने कहा है कि ये उनके लिए अंतिम अवसर दिए जा रहे हैं, नहीं तो मानहानि केस के लिए तैयार रहें। कुंटे के वकील ने कहा, "अगर वह अपने अपराध को स्वीकार करने के लिए तैयार होंगे तो राहुल गांधी के खिलाफ मामला "वापस" लेने के लिए कोर्ट में लिखित में आवेदन दूंगा।"
गौरतलब है कि 2014 में भिवंडी में एक रैली के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि आरएसएस ने महात्मा गांधी की हत्या की। इसके बाद आरएसएस के कार्यकर्ता राजेश कुंते ने इस बयान के लिए राहुल गांधी के खिलाफ आपराधिक मानहानि का केस दायर कर दिया।
30 जनवरी को भिवंडी कोर्ट ने राहुल गांधी को 15 हजार रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दी थी। गौरतलब है कि इसी दिन नाथूराम गोडसे ने महात्मा गांधी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हालंकि पेशी के दौरान राहुल के वकील और पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने कोर्ट में कहा था कि राहुल हर एक शब्द के लिए खड़ा हैं और वह अपने शब्दों को वापस कभी नहीं लेंगे।