कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि कांग्रेस इस मामले में खुल कर कुछ नहीं कह रही है। पार्टी का कहना है कि राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनना है। लेकिन कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है।
इसलिए राहुल गांधी की पदोन्नति भी तय प्रक्रियाओं और प्रणाली के तहत होगी। पार्टी प्रवक्ता सुष्मिता देव ने कहा है कि अभी वह केवल इतना कह सकती हैं कि जब राहुल की पदोन्नति होगी, इसकी जानकारी दे दी जाएगी।
कांग्रेस पार्टी के सूत्र बताते हैं कि पार्टी संगठनात्मक सुधार के मुहाने पर है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव ने इस बारे में केवल इतना कहा कि कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी के मार्गदर्शन में आगे बढ़ेगी।
यह भी तय है कि कांग्रेस के भविष्य के अध्यक्ष राहुल गांधी ही होंगे। यानी कांग्रेस अध्यक्ष के उत्तराधिकारी वही हैं। सुष्मिता देव भी इसी से मिली-जुली राय रखती हैं। उन्होंने कहा कि सोनिया और राहुल के नेतृत्व में कांग्रेस चली है और आगे चलेगी।
उन्होंने कहा कि हमारे लिए यह बता पाना गंभीर और जटिल मामला है कि राहुल गांधी की पदोन्नति कब होगी। लेकिन इतना जरूर कह सकती हैं कि कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है। इससे पहले पार्टी में जिस परंपरा और प्रक्रिया से कार्य हुआ है, उन्हीं प्रक्रियाओं के तहत राहुल गांधी की पदोन्नति होगी।
दूसरी तरफ पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने की मांग छेड़ दी है। उन्होंने साफ कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष के खराब स्वास्थ्य को देखते हुए राहुल को अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए। अमरिंदर की मांग का कांग्रेस मुख्यालय पर भी साफ असर देखा गया। बुधवार को तमाम नेताओं के मुंह पर यह सवाल साफ सुनने में आया।