भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को रोकने के लिए हर तरह की चालें और धोखाधड़ी की कोशिश की, लेकिन उसे सुप्रीम कोर्ट में निराशा ही हाथ लगी। नड्डा ने कहा कि मामला और मुद्दा दोनों हारने के बाद कांग्रेस अब निरर्थक बातों को 'नैतिक जीत' बताकर प्रचार कर रही है, जो उसकी हताशा को दिखाता है।
सुप्रीम कोर्ट का आदेश वोट चोरों को बड़ा संदेश: रमेश
उनकी यह प्रतिक्रिया तब सामने आई, जब कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश को 'लोकतंत्र की बड़ी जीत' बताया और कहा कि यह 'वोट चोरों' के लिए एक बड़ा संदेश है, जिन्होंने बिहार में एसआईआर के जरिए चुनावी प्रक्रिया को बिगाड़ने की कोशिश की।
ये भी पढ़ें:
'कागज मिटाओ-अधिकार चुराओ', राहुल ने भाजपा पर आदिवासियों के वन अधिकार पट्टे गायब करने का लगाया आरोप
चुनाव आयोग को सुप्रीम कोर्ट ने क्या निर्देश दिया
सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को चुनाव आयोग को निर्देश दिया कि वह बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची से हटाए गए 65 लाख नामों और हटाने के कारणों की जानकारी सार्वजनिक करे, ताकि पारदर्शिता बढ़ सके। कोर्ट ने यह भी कहा कि जिन लोगों के नाम हटाए गए हैं, वे आधार कार्ड जैसे दस्तावेज लेकर चुनाव अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।
कांग्रेस ने मामला भी हारा और मुद्दा भी: जेपी नड्डा
नड्डा ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, कांग्रेस ने एसआईआर को रोकने के लिए हर तरह की चाल चली, लेकिन आज उसे सुप्रीम कोर्ट से निराशा मिली। उन्होंने आगे लिखा, अब कांग्रेस अपनी हताशा में निरर्थक बातों को नैतिक जीत के रूप में पेश कर रही है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, सच्चाई यह है कि कांग्रेस के सारे झूठ एक-एक कर खारिज हो रहे हैं और बेनकाब हो रहे हैं। कांग्रेस ने एक बार फिर मामला भी हारा और मुद्दा भी।
ये भी पढ़ें:
'राजनीतिक दलों के साथ साझा की गई मृत मतदाताओं की सूची', सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद चुनाव आयोग का बयान
शीर्ष कोर्ट का फैसला लोकतंत्र की बड़ी जीत: वेणुगोपाल
इस बीच, केसी वेणुगोपाल ने एक्स पर लिखा, बिहार एसआईआर मामले पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला लोकतंत्र की बड़ी जीत है और उन वोट चोरों के लिए बड़ा संदेश है, जिन्होंने एसआईआर का दुरुपयोग कर बिहार की चुनावी प्रक्रिया को बिगाड़ने की कोशिश की। उन्होंने कहा, सुप्रीम कोर्ट द्वारा आधार को पहचान पत्र के रूप में मानने का फैसला भी अहम है, क्योंकि बिहार जैसे राज्य में गरीब और वंचित वर्गों के पास सबसे ज्यादा आधार कार्ड ही होते हैं। कांग्रेस नेता ने आगे लिखा, हम इस फैसले को एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ हमारी लड़ाई का पहला और अहम कदम मानते हैं। हम चुनाव आयोग की गड़बड़ियों और धांधलियों को उजागर करने के लिए अपनी लड़ाई जोश के साथ जारी रखेंगे।
वहीं, कांग्रेस के संचार प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने कहा, सुप्रीम कोर्ट ने संविधान को पूरी मजबूती, स्पष्टता और साहस के साथ कायम रखा है। उन्होंने एक्स पर लिखा, प्रधानमंत्री और उनके समर्थकों की साजिशों से हमारे गणराज्य को बचाने की लंबी लड़ाई है। लेकिन आज सुप्रीम कोर्ट का फैसला उम्मीद की एक बड़ी किरण है। यह एक बहुत ही अहम पहला कदम है।