केंद्र सरकार के रोजगार मेले को 'जुमला किंग' की इवेंटबाजी बताते हुए कांग्रेस ने शनिवार को पूछा कि देश के युवाओं को 16 करोड़ नौकरियां देने का वादा कब पूरा किया जाएगा।
पार्टी के महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता में आने पर हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, जो पिछले आठ साल में पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा, भारत जोड़ो यात्रा केवल चार राज्यों से गुजरी है और सरकार को यह मानना पड़ा है कि बेरोजगारी देश की सबसे बड़ी समस्या है।
कांग्रेस नेता ने ट्वीट कर कहा, अभी तो 'भारत जोड़ो यात्रा' चार राज्यों से गुजरी है, आखिर 'जुमला किं'ग को राहुल गांधी ने ये मानने पर मजबूर कर दिया कि बेरोजगारी देश की सबसे बड़ी समस्या है। इवेंटबाजी नहीं, रोजगारी दो।
सुरजेवाला ने कहा, प्रधानमंत्री को बताना चाहिए कि आप 16 करोड़ नौकरियां कब देंगे, जैसाकि आपने पिछले आठ वर्षों में हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था। उन्होंने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा, ये 16 करोड़ नौकरियां कब तक मुहैया कराई जाएंगी और सरकारी विभागों में तीस लाख रिक्तियां कब तक भरी जाएंगी। प्रधानमंत्री को देश के युवाओं को जवाब देना होगा।
उन्होंने आगे कहा, कांग्रेस प्रधानमंत्री से सवाल पूछती रहेगी कि वादे के अनुसार नौकरियां कब दी जाएंगी। सिर्फ 70 हजार नियुक्ति पत्र देने से चीजें नहीं चलेंगी। देश के युवा नौकरी चाहते हैं। प्रधानमंत्री को इसका जवाब देना होगा। 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान राहुल गांधी और कांग्रेस ये सवाल पूछते रहेंगे।
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में दस लाख लोगों की भर्ती के अभियान 'रोजगार मेले' की शुरुआत की है। इसको लेकर उन्होंने कहा, सरकार कोविड-19 महामारी के बाद दुनियाभर के कई देशों के सामने आने वाली आर्थिक समस्याओं को कम करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने सरकारी नौकरियों के इच्छुक अभ्यर्थियों के बीच 75 हजार नियुक्ति पत्र बांटे। इसके बाद संबोधित करते हुए कहा, केंद्र सरकार युवाओं के लिए रोजगार के अधिकतम अवसर पैदा करने के लिए हर मोर्चों पर काम कर रही है।
एमएसपी के नाम पर किसानों को धोखा दे रही सरकार : कांग्रेस
रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य वृद्धि पर निशाना साधते हुए कांग्रेस ने शनिवार को कहा, सरकार किसानों को धोखा दे रही है। एमएसपी बढ़ोतरी तो महंगाई दर से भी कम है। कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा, भले ही भाजपा सरकार एमएसपी के लिए पीठ थपथपा रही है, लेकिन उसने वास्तव में ‘किसानों को ठगा’ है। सुरजेवाला ने कहा, रबी फसलों के एमएसपी की घोषणा करके किसानों को खून के आंसू बहाने के लिए छोड़ दिया। कड़वा सच यह है कि मोदी सरकार केवल एमएसपी की घोषणा करती है, लेकिन एमएसपी पर फसल नहीं खरीदती है।
सुरजेवाला ने एमएसपी पर तुरंत कानून बनाने की मांग की। साथ ही कहा, मोदी ने 2014 में वादा किया था कि वह किसानों को लागत के साथ 50 फीसदी मुनाफा देंगे, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। न लागत मिल रही है और न ही अतिरिक्त 50 फीसदी। जो एमएसपी घोषित की गई है वह भाजपा सरकारों की मांग से भी कम है। राज्यसभा सांसद ने कहा, नेता बयानबाजी कर सकते हैं, लेकिन आंकड़े झूठ नहीं बोलते। कांग्रेस-यूपीए सरकार ने एमएसपी में 205 प्रतिशत की वृद्धि की, जबकि मोदी सरकार के पिछले आठ वर्षों में एमएसपी में केवल 40 फीसदी वृद्धि हुई है।