अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारतीय चुनाव प्रणाली की तारीफ किए जाने के बाद कांग्रेस ने उन पर तंज कसा है। कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने ट्रंप को संबोधित करते हुए कहा कि वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को अमेरिका ले जाएं और वहीं रखें। उन्होंने यह भी तंज किया कि भारत अपनी EVM भी अगली उपलब्ध फ्लाइट से भेज देगा।
डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर भारतीय चुनाव व्यवस्था का उदाहरण देते हुए अमेरिकी चुनाव प्रणाली में कड़े नियमों की वकालत की। ट्रंप ने कहा कि भारत के हालिया आम चुनाव में करीब 64.6 करोड़ लोगों ने मतदान किया, जबकि एक प्रतिशत से भी कम लोगों ने डाक मतपत्र के जरिए वोट डाला। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में हर मतदाता के पास वैध फोटो पहचान पत्र होना जरूरी था।
ट्रंप के मुताबिक, भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने इस महीने की शुरुआत में उनके प्रशासन के अधिकारियों से बातचीत के दौरान सवाल किया था कि अमेरिका में वैध फोटो पहचान पत्र के बिना चुनाव कैसे कराए जा सकते हैं। ट्रंप ने इसी संदर्भ का इस्तेमाल अमेरिकी चुनावों में मतदाता पहचान से जुड़े नियमों को सख्त करने के पक्ष में किया।
क्या है SAVE America Act?
ट्रंप ने अमेरिकी चुनावों में नागरिकता और मतदाता पहचान से जुड़े नियमों को मजबूत करने के लिए सेव अमेरिका एक्ट (SAVE America Act) पारित करने की मांग दोहराई है। इस प्रस्तावित कानून के तहत मतदाता के तौर पर पंजीकरण के समय अमेरिकी नागरिकता का प्रमाण देना जरूरी करने, देशभर में वोटर आईडी की अनिवार्यता लागू करने और डाक से मतदान को सीमित करने जैसे प्रावधान शामिल हैं। ट्रंप का कहना है कि ऐसे कदम चुनावी धोखाधड़ी पर रोक लगाने में मदद करेंगे।