कर्नाटक के कद्दावर नेता और विधायक रोशन बेग को कांग्रेस ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में निलंबित कर दिया है। बेग को निलंबित करने का प्रस्ताव कर्नाटक राज्य इकाई ने प्रस्तुत किया था जिसे कमेटी ने मंजूरी दे दी।
मंगलवार देर रात जारी बयान में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने कहा कि आर रोशन बेग के पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण कर्नाटक राज्य कांग्रेस कमेटी के भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। उनका निलंबन तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
लोकसभा 2019 चुनाव के नतीजे घोषित होने के कुछ दिन पहले बेग ने ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव केसी वेणुगोपाल की आलोचना की थी और उन्हें आपत्तिजनक शब्द कहा था। बेग ने पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस विधानमंडल दल के प्रमुख सिद्धारमैया और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुंडू राव को भी निशाने पर लिया था और उन्हें 'फ्लॉप शो' कहा था।
चुनाव के नतीजे घोषित होने पर बेग ने मीडिया से कहा था कि "अगर एनडीए सत्ता में वापस आ रहा है, तो मैं विनम्रतापूर्वक मुस्लिम भाइयों से स्थिति से समझौता करने की सीख देता हूं।" मुझे अपने नेता राहुल गांधी पर तरस आता है। वेणुगोपाल..., सिद्धारमैया का घमंडी रवैया और अध्यक्ष गुंडू राव के फ्लॉप शो का यह परिणाम है।
बेग को कांग्रेस-जनता दल (सेकुलर) गठबंधन सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया था। माना जाता है कि सात बार के विधायक बेग इस बात से नाराज थे कि कांग्रेस के सहयोगी और राज्य के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री बी जेड जमीर अहमद खान का कद राजनीति में लगातार बढ़ रहा है।