मंगलवार को लोकसभा में नवनिर्वाचित सांसदों को शपथ दिलाने की प्रक्रिया पूरी हो गई। इस दौरान हाईपर ग्लाईसिमिया और हाईपर डायबिटीज से पीड़ित मुलायम सिंह यादव व्हील चेयर पर सदन में पहुंचे। अरसे बाद सोनिया गांधी और राहुल गांधी को मेनका गांधी और वरुण गांधी से आमना सामना हुआ।
सनी दयोल, हेमामालिनी, अखिलेश यादव, अनुप्रिया पटेल सहित कई चर्चित हस्तियों ने शपथ ली।
बेहद अस्वस्थ चल रहे मुलायम व्हील चेयर से सदन में पहुंचे। उनके सांसद पुत्र अखिलेश यादव उन्हें सहारा देते देखे गए। मुलायम ने सदन की सबसे पीछे की सीट से ही शपथ ली। अस्वस्थता के कारण वह वेल में आ कर शपथ नहीं ले पाए।
मेनका-वरुण का सोनिया-राहुल से आमना सामना
दूसरे दिन शपथ के दौरान मेनका और वरुण गांधी का अलग-अलग सोनिया और राहुल से आमना सामना हुआ। शपथ लेने के बाद मेनका जब सामने आई तो सोनिया और राहुल ने उनका अभिवादन किया। इसी प्रकार जब वरुण शपथ ले कर विपक्ष की बेंच पर आए तो उन्हें राहुल ने बधाई दी। जबकि वरुण ने सोनिया की ओर देख कर हाथ जोड़े और बाद में मेनका के पांव छू कर आशीर्वाद लिया।