कांग्रेस समर्थक और भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला के भाई तहसीन पूनावाला ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर निशाना साधा है। तहसीन पूनावाला ने ट्वीट किया, आप जितना अधिक व्यक्तिगत रूप से माननीय प्रधानमंत्री पर हमला करेंगे, उतना ही इसका उल्टा असर होगा। मुद्दों को लेकर उन पर हमला करो। हमसब लोकतंत्र का हिस्सा हैं। इसे व्यक्तिगत मत बनाइए। कर्नाटक चुनाव में जीत के लिए राज्य के मुद्दों पर टिके रहें- माननीय प्रधानमंत्री का अपमान करने की कोई जरूरत नहीं है !!
दरअसल, कर्नाटक चुनाव से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जुबान फिसल गई। उन्होंने गुरुवार को पीएम मोदी को लेकर एक विवादित बयान दे दिया। खरगे कर्नाटक में पार्टी का चुनाव प्रचार करने के लिए कलबुर्गी में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पहले पीएम मोदी को अच्छा इंसान बताया और फिर उनकी भाषा अभद्र होती चली गई। खरगे ने कहा, पीएम मोदी जहरीले सांप की तरह हैं। आप सोच सकते हैं कि यह जहर है या नहीं। लेकिन यदि आप इसके संपर्क में आते हैं तो आपकी जान चली जाएगी।
हालांकि, बाद में खरगे ने इस पर सफाई भी दी। उन्होंने कहा कि मैं पीएम मोदी के लिए नहीं बोल रहा था। मेरा मतलब था कि भाजपा की विचारधारा सांप की तरह है। मैंने पीएम मोदी के लिए व्यक्तिगत रूप से यह कभी नहीं कहा। मैंने जो कहा था कि उनकी विचारधारा सांप की तरह है और यदि आप इसे छूने की कोशिश करते हैं, तो आपकी मृत्यु निश्चित है।