कांग्रेस ने चीन, रूस, इंडोनेशिया और अमेरिका से लोगों के बैंक खातों के हैकिंग का मुद्दा उठाया है। कांग्रेस प्रवक्ता डा. अजय कुमार का कहना है कि प्रधानमंत्री की घोषणा के बाद भी लोगों के खातों में 15 लाख रुपए तो नहीं पहुंचे उल्टे करीब 65 लाख लोगों के खातों में कंम्प्युटर घुसपैठ जरूर हुई है।
कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि देश के सामने इसका खुलासा हो। साथ ही जिन लोगों के खातों से रकम निकली है उसकी भरपाई के लिए सरकार संबंधित बैंकों पर दबाव बनाए। अजय कुमार ने चुटकी लेते हुए कहा ये सरकार सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर कहती है कि पहली बार ऐसा हुआ तो सचमुच देश में इस तरह की घुसपैठ पहली बार हुई। देश के चौकीदार प्रधानमंत्री सोते रहे और विदेश में बैठे माफिया इतनी बड़ी संख्या में खातेदारों को निशाना बनाते रहे। सरकार इस मामले में चुप्पी साधे है। सरकार को बताना चाहिए कितने लोग प्रभावित हुए हैं। त्यौहार पर डेबिट कार्ड ब्लॉक कर देने से लोगों की कठिनाई बढ़ गई है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के चीनी पर से सीमा शुल्क कम करने के बयान को एक ओर घोटाले की तैयारी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह प्रधानमंत्री ने अफ्रीका के किसानों से अरहर दाल खरीदने का वादा निभाया और गुजरात के अपने मित्रों से आयात कराया वैसे ही चीनी को लेकर भी तैयारी हो रही है। उन्होंने कहा कि कृषि से संबंधित वस्तुओं का आयात बढ़ने से देश के किसानों का नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सोशल वेलफेयर स्कीम मनरेगा आदि का बजट कम करने से ग्लोबल हंगर इंडेक्स में देश पिछड़ रहा है। भुखमरी और कुपोषण के मामले बढ़े हैं।