रसोई गैस एलपीजी की लगातार बढ़ रही कीमतों को लेकर गुरुवार को कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा। भाजपा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की आलोचना करते हुए कांग्रेस ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार की ''ईंधन लूट'' हर दिन, छोटी या बड़ी किश्तों में हो रही है। केंद्र की आलोचना करते हुए कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 45 दिनों में 100 रुपये की वृद्धि के बाद फिर से गैस के दामों में 3.5 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
भाजपा सरकार पर कसा तंज
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने गुरुवार को एक के बाद एक कई ट्वीट करके भाजपा सरकार पर तंज कसा। उन्होंने हिंदी में ट्वीट करते हुए कहा कि कामर्शियल सिलेंडर की कीमत में 60 दिनों में 457.5 रुपये की बढोतरी हुई है। इसके बावजूद इसमें फिर से आठ रुपये बढ़ा दिए गए हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मोदी सरकार ने करीब दो करोड़ परिवारों के लिए दूसरी बार सिलिंडर भरना असंभव कर दिया है। इसके बाद भी मोदी सरकार की ईंधन की लूट हर दिन छोटी या बड़ी किश्तों में जारी है। इतना ही नहीं कांग्रेस नेता ने रुपये की गिरावट को लेकर भी केंद्र पर हमला बोला। गुरुवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले यह 12 पैसे फिसलकर 77.74 पर आ गया है।
सुरजेवाला ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि 'द ? 'फॉल्स' फिर से! रुपया, पेट्रोल और गैस सिलेंडर प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। हर भारतीय चिंतित है, क्या पीएम-एफएम 'देखभाल' करते हैं? गैस सिलेंडर अब 1,003 रुपये 'नॉट आउट'! सभी गृहिणियों की ओर से - धन्यवाद आप मोदी जी!'
इतनी हुई है बढ़ोतरी
गौरतलब है कि राज्य के स्वामित्व वाले ईंधन खुदरा विक्रेताओं की मूल्य अधिसूचना के अनुसार, गैर-सब्सिडी वाले एलपीजी की कीमत अब दिल्ली में 1,003 रुपये प्रति 14.2 किलोग्राम सिलेंडर है, जो पहले 999.5 रुपये थी। यह इस महीने रसोई गैस की दर में दूसरी और दो महीने से भी कम समय में तीसरी वृद्धि है। 22 मार्च को कीमत में 50 रुपये प्रति सिलेंडर और फिर 7 मई को समान मात्रा में बढ़ोतरी की गई थी।
भाजपा सरकार ने लोगों की जेब से निकाले 27.5 लाख करोड़ रुपये
वहीं, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए महिला कांग्रेस प्रमुख नेट्टा डिसूजा ने कहा कि आंकड़ों पर नजर डालें तो कांग्रेस के समय में डीजल और पेट्रोल पर सब्सिडी दी जाती थी और पिछले आठ सालों में इस सरकार ने लोगों की जेब से 27.5 लाख करोड़ रुपये निकाले हैं। इस दौरान उन्होंने सवाल किया कि गैस की बढ़ती कीमतों से त्रस्त महिलाएं अपना घर कैसे चला सकती हैं। इस दौरान डिसूजा ने कहा कि महिला कांग्रेस ने इस मूक-बधिर सरकार को जगाने के लिए बार-बार काम किया है और यह सुनिश्चित करने की कोशिश की है कि लोगों की आवाज उस तक पहुंचे।