कांग्रेस ने कर्नाटक में राज्यपाल से 18 दिन पुरानी बी एस येदियुरप्पा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार को बर्खास्त करने की मांग की। कर्नाटक में मंत्रिपरिषद की गैर मौजूदगी पर राज्यपाल वजुभाई वाला की ‘चुप्पी’ पर कांग्रेस ने मंगलवार को सवाल उठाते हुए उनसे इस विषय का संज्ञान लेने का आह्वान किया।
कांग्रेस प्रवक्ता वी एस उग्रप्पा ने पत्रकारों से कहा कि येदियुरप्पा के मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद से 18 दिन बीत गये हैं। फिर भी अब तक मंत्रिपरिषद का गठन नहीं हुआ है, जबकि संविधान कहता है कि राज्यपाल को मंत्रिपरिषद के सहयोग और सलाह से काम करना है।
उन्होंने कहा, मैं राज्यपाल से पूछना चाहता हूं कि संविधान के मुताबिक क्या राज्य में सरकार है ? राज्यपाल को इस विषय का संज्ञान लेना होगा और सरकार को बर्खास्त करना होगा। एक मुख्यमंत्री को मंत्रिपरिषद नहीं कहा जा सकता।