कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मध्य प्रदेश के किसानों से संवाद को ढोंग और प्रपंच बताया है। पार्टी ने कहा कि मोदी सरकार अब ‘ईस्ट इंडिया कंपनी’ से भी बड़ी व्यापारी बन गई है जो मुट्ठीभर पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाना चाहती है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, आदत के अनुसार मोदी जी ने आज फिर असत्याग्रह किया। उन्होंने कहा कि किसानों की बात सुनें और कृषि विरोधी कानून वापस लें।
पार्टी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि दिल्ली की सीमा पर बैठे लाखों किसानों को दरकिनार कर प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कांफ्रेंस से मध्य प्रदेश के किसानों से वार्तालाप का ढोंग किया। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों से छल, कपट बंद करना चाहिए। प्रधानमंत्री काले कानूनों को सरकारी दुष्प्रचार और झूठे इश्तेहारों से ढंकना चाहते हैं।